1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले हंगामा, चार गानों पर रोक की मांग, महिला एवं बाल विकास विभाग ने भेजा नोटिस

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले हंगामा, चार गानों पर रोक की मांग, महिला एवं बाल विकास विभाग ने भेजा नोटिस

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। ये विवाद दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर छिड़ा है। जिले के बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों को नोटिस जारी करते हुए नशा और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने का नोटिस दिया है।

diljit dosanjh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@DILJITDOSANJH दिलजीत दोसांझ।

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने लाइव कॉन्सर्ट के साथ लौट आए हैं। 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के साथ उन्होंने फैंस के बीच वापसी की। अपने इस टूर के तहत उन्होंने 30 अक्टूबर को दिल्ली में परफॉर्म किया, जिसे लेकर शुरुआत में असमंजस के बादल मंडरा रहे थे और अब दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। दिलजीत अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत 15 नवंबर को C-21 मॉल में परफॉर्म करने वाले हैं, इससे पहले आयोजकों को महिला एवं बाल विकास विभाग ने पत्र जारी करते हुए ऐसे चार गानों को न गाने के निर्देश दिए हैं, जो गन कल्चर और नशे को बढ़ावा देते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजकों को जारी किया पत्र

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल मैनेजर को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट में चार गाने नहीं गाने के निर्देश दिए हैं। इन गानों में 'पटियाला पेग', '5 तारा ठीके', 'जीभ विचों लब्बिया' और 'जट्ट उठे फिर करदा' शामिल हैं। यानी दिलजीत के फैंस उनके इंदौर कॉन्सर्ट में उनके ये हिट नंबर्स नहीं सुन पाएंगे। नोटिस में दिलजीत से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के मुताबिक शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले गानों का बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।

चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

ये कार्रवाई चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद की गई है। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई है ऐसे में बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने और बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की भी मांग इस नोटिस में की गई है। यानी दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट पर रोक नहीं है, बल्कि इस नोटिस में उन चार गानों को न गाने की मांग की गई है, जो नशे और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं। नोटिस की एक प्रति इंदौर डीएम और पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है, जिससे कि ये सुनिश्चित किया जा सके कि लाइव कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ये गाने न गाएं।

दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को खराब करने की थी साजिश

दिलजीत दोसांझ ने अपने ऑरा इंडिया टूर 2026 के तहत 30 अक्टूबर को दिल्ली में परफॉर्म किया था। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से दिलजीत ने अपने कॉन्सर्ट का आगाज किया, जिस पर पहले खतरे के बादल मंडरा रहे थे। पिछले दिनों दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी लिखने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संपर्क प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस से जुड़े लोगों से था।

(इनपुटः भरत पाटिल)

ये भी पढ़ेंः कौन हैं अजाई और इवार? 'मातृभूमि' में निभा रहे सलमान खान के बेटों का किरदार, टीवी के मशहूर स्टार कपल के हैं बच्चे

Latest Bollywood News