1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दृश्यम 3' के लिए टिकटों की मारामारी, रिलीज से दो दिन पहले ही छापे 26 करोड़, एडवांस बुकिंग में बंपर उछाल

'दृश्यम 3' के लिए टिकटों की मारामारी, रिलीज से दो दिन पहले ही छापे 26 करोड़, एडवांस बुकिंग में बंपर उछाल

‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की एडवांस बुकिंग ने तेजी पकड़ ली है। फिल्म ने चार शो डेट्स में 26.72 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि पहले दिन 14.22 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई।

drishyam the conclusion- India TV Hindi
Image Source : SONY MUSIC INDIA YOUTUBE अजय देवगन और जयदीप अहलावत।

अजय देवगन की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी किस्त को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि फिल्म रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की ओर बढ़ रही है। सैक्निक्ल के डेटा के अनुसार बुकिंग शुरू होने के करीब 24 घंटे के भीतर फिल्म की ओपनिंग डे एडवांस बुकिंग करीब 5 करोड़ रुपये के आंकड़े के आसपास पहुंच गई थी। ट्रेड में फिल्म के पहले दिन 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट कमाई करने का अनुमान लगाया जा रहा है।

एडवांस बुकिंग में 26 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन

‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की चार शो डेट्स के लिए एडवांस बुकिंग जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने अब तक करीब 26.72 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन एडवांस बुकिंग से कर लिया है। इसमें ब्लॉक सीटों को अलग करने के बाद कमाई करीब 19.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिल्म के लिए अब तक 7.64 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाने पर यह संख्या करीब 5.44 लाख है। कुल 26,581 शो में फिल्म की बुकिंग हुई है और 32 शो पूरी तरह बिक चुके हैं।

पहले दिन की बुकिंग सबसे ज्यादा

एडवांस बुकिंग में सबसे ज्यादा जोर फिल्म के पहले दिन यानी शुक्रवार, 2 अक्टूबर के शो पर नजर आ रहा है। पहले दिन के लिए अब तक करीब 14.22 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। इससे संकेत मिल रहा है कि फिल्म को रिलीज के शुरुआती दिन दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल सकता है। मौजूदा बुकिंग ट्रेंड को देखते हुए ट्रेड में 40 करोड़ रुपये से अधिक की नेट ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म की रिलीज में अभी पांच दिन बाकी हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में बुकिंग का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

महाराष्ट्र और दिल्ली में दिखा सबसे ज्यादा क्रेज

राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र एडवांस बुकिंग में सबसे आगे है। यहां फिल्म ने सभी उपलब्ध शो डेट्स के लिए करीब 8.21 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जो कुल ग्रॉस का लगभग 31 फीसदी है। इसके बाद दिल्ली करीब 5.80 करोड़ रुपये और गुजरात लगभग 2.10 करोड़ रुपये के साथ प्रमुख बाजारों में शामिल हैं। टॉप 10 राज्यों की हिस्सेदारी फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग के करीब 90 फीसदी हिस्से पर है। शहरों की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर सबसे आगे है। यहां फिल्म ने करीब 5.80 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है, जो कुल ग्रॉस का लगभग 22 फीसदी है। इसके बाद मुंबई में करीब 4.76 करोड़ रुपये और पुणे में 2.16 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है। टॉप 10 शहरों से फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग का करीब 67 फीसदी हिस्सा आया है।

शाम के शो को मिल रहा सबसे तेज रिस्पॉन्स

‘दृश्यम 3’ की बुकिंग में शो टाइम के हिसाब से भी दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शाम के शो सबसे तेजी से भर रहे हैं। करीब 5,406 शो में शाम के शोज की ऑक्यूपेंसी 13 फीसदी दर्ज की गई है। वहीं रात के शो में लगभग 8,400 शोज के साथ ऑक्यूपेंसी करीब 11 फीसदी है। इससे पता चलता है कि दर्शकों की पहली पसंद फिलहाल शाम के शो बने हुए हैं।

पूरी तरह हिंदी फिल्म के रूप में दर्ज हो रही बुकिंग

‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की एडवांस बुकिंग का पूरा ग्रॉस कलेक्शन हिंदी भाषा के शो से आया है। अब तक हिंदी शो से 26.72 करोड़ रुपये की बुकिंग दर्ज की गई है। फिल्म की पिछली किस्तों को मिली लोकप्रियता और कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता के बीच तीसरे भाग की प्री-सेल्स पर लगातार नजर बनी हुई है। रिलीज से पहले के ये आंकड़े फिल्म के शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की तस्वीर को और दिलचस्प बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें: लाल बाल, काला चश्मा और चेहरे पर मुस्कान लिए भारत लौटीं ऐश्वर्या राय, एयरपोर्ट पर किया फैंस को खुश, अंदाज की हो रही तारीफ

Latest Bollywood News