1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लाल बाल, काला चश्मा और चेहरे पर मुस्कान लिए भारत लौटीं ऐश्वर्या राय, एयरपोर्ट पर किया फैंस को खुश, अंदाज की हो रही तारीफ

लाल बाल, काला चश्मा और चेहरे पर मुस्कान लिए भारत लौटीं ऐश्वर्या राय, एयरपोर्ट पर किया फैंस को खुश, अंदाज की हो रही तारीफ

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 30, 2026 12:51 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 12:51 pm IST

ऐश्वर्या राय पेरिस फैशन वीक में जलवे बिखेरने के बाद भारत लौट आई हैं। एक्ट्रेस को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां वो अपने फैंस के साथ तस्वीरें क्लिक कराती नजर आईं।

aishwarya rai- India TV Hindi
ऐश्वर्या राय। Image Source : VIRAL BHAYANI

बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय इन दिनों अपने लुक और अंदाज को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में पेरिस फैशन वीक में रैंप वॉक करने के बाद अभिनेत्री अब भारत लौट आई हैं। एयरपोर्ट पर ऐश्वर्या को देखा गया, जहां उन्होंने प्रशंसकों के साथ काफी गर्मजोशी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, बल्कि ऑटोग्राफ भी दिए। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। इससे पहले ऐश्वर्या इसी अंदाज में बेटी के साथ नजर आई थीं और फैंस को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

प्रशंसकों के लिए रुकीं ऐश्वर्या राय

भारत लौटने के बाद ऐश्वर्या राय मंगलवार को एयरपोर्ट पर नजर आईं। इस दौरान वह भूरे रंग के लंबे कोट में दिखाई दीं। उन्होंने अपने लंबे लाल बालों को खुला रखा था और आंखों पर धूप का चश्मा लगाया हुआ था। उनका यह लुक पेरिस फैशन वीक के दौरान वायरल हुए लाल बालों वाले अंदाज से काफी मिलता-जुलता था। एयरपोर्ट से बाहर निकलकर जब ऐश्वर्या अपनी कार की ओर बढ़ रही थीं, तभी एक प्रशंसक उनके पास पहुंचा और तस्वीर लेने की गुजारिश की। ऐश्वर्या ने बिना किसी जल्दबाजी के उसकी बात मान ली। उन्होंने पहले अपना बैग कार में रखा और फिर प्रशंसक के साथ तस्वीर खिंचवाई। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद दूसरे प्रशंसकों को भी निराश नहीं किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के साथ ऑटोग्राफ भी दिए।

यहां देखें वीडियो

पपराजी को हाथ जोड़कर कहा शुक्रिया

ऐश्वर्या का प्रशंसकों के साथ यह व्यवहार कैमरे में कैद हो गया। कार में बैठने से पहले उन्होंने वहां मौजूद पपराजी की तरफ हाथ जोड़कर नमस्ते किया और मुस्कुराते हुए विदा लीं। उनका यह छोटा-सा अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने ऐश्वर्या के व्यवहार की तारीफ की। किसी ने उन्हें खूबसूरती और सादगी का मेल बताया तो किसी ने उनके विनम्र स्वभाव की सराहना की।

पेरिस फैशन वीक में छाया ऐश्वर्या का अंदाज

ऐश्वर्या राय ने 28 सितंबर को पेरिस फैशन वीक में लोरियल पेरिस के ‘एक्सप्रेस योर वर्थ’ शो में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने रैंप पर शानदार वॉक की और शो का समापन किया। यह कार्यक्रम पेरिस के प्लेस जोफ्रे में आयोजित हुआ, जहां एफिल टावर और एकोल मिलिटे की खूबसूरत पृष्ठभूमि ने शो की भव्यता को और बढ़ा दिया। रैंप के लिए ऐश्वर्या ने सीरियाई लग्जरी लेबल यारा शूमेकर की ओर से तैयार किया गया खास काले रंग का परिधान पहना था। उनके लुक को सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट मोहित राय ने तैयार किया था। खास हेयरस्टाइल और लाल बालों के रंग ने उनके पूरे लुक को अलग पहचान दी। रैंप पर उनकी मौजूदगी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।

सिमोन एशली के साथ भी दिखी खास बॉन्डिंग

पेरिस में ऐश्वर्या की सिर्फ रैंप वॉक ही चर्चा में नहीं रही। ‘ब्रिजर्टन’ की अभिनेत्री सिमोन एशली के साथ उनकी मुलाकात ने भी प्रशंसकों का ध्यान खींचा। दोनों की बैकस्टेज तस्वीरों और बातचीत को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया। प्रशंसकों ने दोनों की बॉन्डिंग को काफी खास बताया। सिमोन ने ऐश्वर्या के साथ अपनी मुलाकात को लेकर कहा था कि दोनों की मुलाकातें अक्सर बैकस्टेज होती हैं और पूरे साल एक-दूसरे के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिलता। ऐसे में जब वे दोबारा मिलती हैं तो बातचीत करना उनके लिए खास होता है। सिमोन ने यह भी बताया कि लोरियल के शो में शामिल होना उनके लिए साल के सबसे मजेदार मौकों में से एक होता है।

ये भी पढ़ें: ‘राहुल’ कोड वर्ड, डेविड हेडली से पहली मुलाकात, गहराती दोस्ती और 30 घंटे की पूछताछ, राहुल भट्ट ने खोले 26/11 के बड़े राज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।