हमने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों पर आधारित कई फिल्में और ओटीटी सीरीज देखी है, जो आज भी लोगों को याद है। अब इसी हमले पर बनी एक और फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होने को तैयार है। हम बात कर रहे हैं 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' की, जिसका ट्रेलर आते ही चर्चा में बन गया है। इसमें राजकुमार राव और वामिका गब्बी लीड रोल में हैं। फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) में लॉन्च किया गया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ फिल्म की कास्ट और क्रू भी मौजूद थे। CSMT उन जगहों में से एक था, जहां 2008 में हमला हुआ था।
उज्ज्वल निकम की 'प्रहार' का ट्रेलर रिलीज
'प्रहार' ट्रेलर की बात करें तो यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों से जुड़ी कुछ खास बातें दिखाने का वादा करती है। यह मुख्य रूप से आतंकवादी अजमल कसाब के मुकदमे पर बनी है, जिसे हमलों के दौरान पकड़ा गया था। ट्रेलर में ऐसे कई सीन्स हैं, जो निश्चित रूप से आपके रोंगटे खड़े कर देंगे और आपको मुंबई में हुई सबसे भयानक घटनाओं में से एक की याद दिला देंगे। ट्रेलर में उज्ज्वल निकम के किरदार को राजकुमार राव ने बहुत अच्छे से निभाया है। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे असल जिंदगी के किरदारों को निभाने के लिए एकदम सही अभिनेता हैं। फिल्म में वामिका गब्बी, निकम की पत्नी के किरदार में नजर आएंगी। हालांकि, ट्रेलर में उन्हें कम स्क्रीन टाइम देखने को मिला है।
'प्रहार' में जयदीप अहलावत भी आएंगे नजर
इस फिल्म में सिकंदर खेर और जयदीप अहलावत जैसे टैलेंटेड एक्टर्स भी हैं। दोनों ने ही ट्रेलर में अपनी जबरदस्त छाप छोड़ी है। साथ ही एक्टर ललित प्रभाकर, जो अजमल कसाब का रोल निभा रहे हैं। वह भी ट्रेलर के आखिर में नजर आए, जिन्होंने अपने किरदार से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कास्ट और कहानी से काफी उम्मीदें हैं।
राजकुमार राव की 'प्रहार' रिलीज डेट
'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' 16 अक्टूबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। यह फिल्म दशहरा की लंबी छुट्टियों वाले वीकेंड पर रिलीज होगी।