एशियन गेम्स 2026 में 30 सितंबर को भारतीय खिलाड़ी कई अलग-अलग इवेंट्स में हिस्सा लेते हुए दिखाई देने वाले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें आर्चरी के होने वाले इवेंट्स पर रहने वाली हैं, जहां पर पदकों की उम्मीद की जा रही है। आर्चरी में महिला कंपाउंड टीम ने गोल्ड मेडल मैच में चीन की टीम का सामना किया और उसको उन्होंने 238-234 के अंतर से जीतने के साथ गोल्ड मेडल जीत लिया। वहीं आर्चरी के कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत की चिकिता-साहिल की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीतने के साथ ओलंपिक 2028 के लिए कोटा भी हासिल कर लिया है। इसके अलावा बॉक्सिंग में महिलाओं के 60kg इवेंट में प्रिया घांघस को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा जिसके चलते उनको ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। अभी तक एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में कुल 59 मेडल जुड़ चुके हैं, जिसमें 10 गोल्ड, 21 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं जिसमें और बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है और मेडल टैली में 7वें नंबर पर हैं।
आर्चरी और शूटिंग में आया गोल्ड मेडल
भारत के लिए 30 सितंबर का दिन काफी शानदार रहा है, जिसमें आर्चरी के महिला और पुरुष दोनों टीम कंपाउंड इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब मिली। इसमें भारतीय महिला टीम में प्रिथिका प्रदीप, ज्योति सुरेखा वेन्नम और चिकिता तनिपर्थी की तिकड़ी ने कमाल दिखाते हुए गोल्ड मेडल मैच में चीन की टीम को 238-234 के अंतर से मात देने के साथ पदक पर अपना कब्जा किया। वहीं इसके बाद आर्चरी के मिक्स्ड इवेंट में चिकिथा-साहिल की जोड़ी ने फाइनल मैच में शूट ऑफ तक जाने के बाद साउथ कोरिया की जोड़ी को मात दी और गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। आर्चरी में आज के दिन का तीसरा गोल्ड मेडल पुरुष कंपाउंड इवेंट में आया जिसमें साहिल-गणेश और कुशल की तिकड़ी ने चीन की टीम को 238-237 के स्कोर से मात देने के साथ स्वर्ण पदक जीता। शूटिंग में भी ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में नीरू ढांडा और कायनन चेनाई की जोड़ी गोल्ड मेडल पर कब्जा करने में कामयाब रही।
भारतीय महिला हॉकी टीम की गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर नजरें
हॉकी में अभी तक भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमों का पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसके बाद भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल में अब साउथ कोरिया की टीम का सामना करेगी। महिला हॉकी टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम रहने वाला है, जिसमें फाइनल में जगह बनाने के साथ वह पदक भी पक्का कर लेंगी। भारत और साउथ कोरिया की महिला टीम के बीच में यह सेमीफाइनल 30 सितंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।