1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप 2027 से पहले कितने ODI मैच खेलेगी टीम इंडिया? कई मजबूत टीमों से होगी भिड़ंत

वर्ल्ड कप 2027 से पहले कितने ODI मैच खेलेगी टीम इंडिया? कई मजबूत टीमों से होगी भिड़ंत

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 29, 2026 09:11 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 09:11 pm IST

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। अब सीरीज के दो मुकाबले बाकी हैं, जिन्हें वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

ODI World Cup 2027- India TV Hindi
विराट कोहली और रोहित शर्मा Image Source : AFP

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों में जुट गई है। 1 अक्टूबर को टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान हो सकता है। ऐसे में सभी टीमें वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुट गई हैं। टीम इंडिया भी खुद को परखने और अपनी तैयारियों को मजबूत करने के इरादे से वेस्टइंडीज के साथ घर में ODI सीरीज खेल रही है। आइए जानते हैं वर्ल्ड कप 2027 से पहले टीम इंडिया कितने ODI मैच खेलेगी। 

दरअसल, मौजूदा वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारत को न्यूजीलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज खेलनी है। मौजूदा कार्यक्रम के मुताबिक, 2027 वर्ल्ड कप से पहले भारत के 13 द्विपक्षीय ODI मुकाबले तय हैं। हालांकि, आने वाले समय में शेड्यूल में बदलाव हो सकता है और कुछ अतिरिक्त मुकाबले भी जोड़े जा सकते हैं। इसके अलावा 2027 का एशिया कप 50 ओवर के फॉर्मेट में आयोजित किए जाने की संभावना है। ऐसे में भारत को वर्ल्ड कप से पहले वनडे क्रिकेट में अपनी तैयारियों को परखने के लिए और मुकाबले मिल सकते हैं।

न्यूजीलैंड दौरे पर होगी कड़ी परीक्षा

भारत को मौजूदा वेस्टइंडीज सीरीज के बाकी दो ODI मुकाबले खेलने हैं। इसके बाद नवंबर 2026 में टीम इंडिया न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी, जहां 5 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। दिसंबर में भारत की मेजबानी में श्रीलंका के खिलाफ तीन ODI होंगे। इसके बाद जनवरी 2027 में भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू ODI सीरीज खेलेगी।

इस तरह मौजूदा कार्यक्रम के आधार पर वर्ल्ड कप से पहले भारत के 13 द्विपक्षीय ODI तय हैं। इन मुकाबलों में टीम के पास खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के साथ-साथ अलग-अलग परिस्थितियों में टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने का भी मौका होगा। भारत ने 2023 ODI वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद अब तक 30 ODI मुकाबले खेले हैं। इनमें टीम ने 19 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 10 मुकाबलों में उसे हार मिली। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। इस दौरान भारत ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज जीती है। इसके अलावा टीम इंडिया ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी अपने नाम किया।

वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा सीरीज की शुरुआत भी भारत ने शानदार अंदाज में की। पहले ODI में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। अब सीरीज के दो मुकाबले बाकी हैं, जो वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम होंगे। नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच ODI मैच भारतीय टीम के लिए खास चुनौती होंगे, क्योंकि ये मुकाबले विदेशी परिस्थितियों में खेले जाएंगे। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ जनवरी 2027 की सीरीज में टीम के पास अपने कॉम्बिनेशन को अंतिम रूप देने का मौका होगा।

बढ़ सकते हैं ODI मुकाबले

भारत और बांग्लादेश के बीच ODI सीरीज भी पहले अगस्त-सितंबर 2025 में प्रस्तावित थी, लेकिन इसे टाल दिया गया था। इस सीरीज की नई तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है। अगर इसे भविष्य में कार्यक्रम में शामिल किया जाता है, तो भारत के ODI मुकाबलों की संख्या और बढ़ सकती है। 2027 एशिया कप भी भारत की वर्ल्ड कप तैयारियों में अहम भूमिका निभा सकता है। इस टूर्नामेंट को 50 ओवर के फॉर्मेट में आयोजित किए जाने की संभावना है। ऐसे में एशिया कप में मिलने वाले मुकाबले भारत को वर्ल्ड कप से पहले अपनी टीम कॉम्बिनेशन, खिलाड़ियों की भूमिकाओं और दबाव वाली परिस्थितियों में प्रदर्शन को परखने का अतिरिक्त मौका देंगे।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स सेमीफाइनल में किससे होगा टीम इंडिया का सामना, गोल्ड मेडल अब सिर्फ दो कदम दूर

इंडिया वर्सेस श्रीलंका सेमीफाइनल मैच हुआ रद्द तो क्या होगा? किसे मिलेगा फाइनल का टिकट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।