बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान हो गया है। पहले यह फिल्म अगस्त महीने की 7 तारीख को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसकी रिलीज को टाल दिया गया था। अब निर्माताओं ने फैसला किया है कि यह चर्चित बायोपिक 16 अक्टूबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। हालांकि, मेकर्स ने फिल्म की रिलीज टालने के पीछे की वजहों का खुलासा नहीं किया है।
अजमल कसाब केस और कानूनी लड़ाइयों की झलक
जून महीने में जारी किए गए फिल्म के टीजर ने दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर दी थी। इस टीजर में भारत के दिग्गज सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन, उनके लंबे करियर और ऐतिहासिक अदालती लड़ाइयों की एक गंभीर झलक देखने को मिलती है। फिल्म की कहानी मुख्य रूप से 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद पकड़े गए खूंखार आतंकी अजमल कसाब के हाई-प्रोफाइल केस पर केंद्रित नजर आती है। यह मुकदमा भारतीय न्याय व्यवस्था के इतिहास के सबसे बड़े पड़ावों में से एक माना जाता है, और टीज़र में अदालती कार्यवाही के उसी तनाव और गंभीरता को बखूबी दर्शाया गया है।
उज्ज्वल निकम के किरदार में ढले राजकुमार राव
फिल्म में राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने वकील उज्ज्वल निकम के हाव-भाव से लेकर उनके मराठी बोलने के अंदाज को बहुत बारीकी से पकड़ा है। टीज़र में कई भावनात्मक और तीखी अदालती बहसों के दृश्य शामिल हैं, जहां राजकुमार राव का संतुलित अभिनय और फिल्म के दमदार संवाद माहौल को बेहद गंभीर और प्रभावशाली बनाते हैं। खुद असली उज्ज्वल निकम ने भी अभिनेता के काम की सराहना की है। उनका कहना है कि राजकुमार राव ने एक शानदार प्रदर्शन किया है और निर्देशक अविनाश अरुण का काम बेहद प्रभावित करने वाला है।
पर्सनल लाइफ और अनसुनी दास्तान
यह बॉलीवुड फिल्म सिर्फ कोर्टरूम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उज्ज्वल निकम के व्यक्तिगत जीवन के उन पहलुओं को भी सामने लाती है जिनसे दुनिया अब तक अनजान थी। इसमें उनके एक पति और पिता के रूप में बिताए जीवन को भी दिखाया गया है। इस बारे में बात करते हुए उज्ज्वल निकम ने बताया कि लोग अक्सर सिर्फ अदालती फैसलों को याद रखते हैं, लेकिन उन फैसलों से पहले वाली रातों के संघर्ष को कोई नहीं जानता। 'प्रहार' उसी अनदेखे पहलू को बड़े पर्दे पर लाने का काम करती है जिसे किसी अखबार की हेडलाइन में जगह नहीं मिली।
दमदार स्टार कास्ट और मेकर्स
'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का निर्देशन अविनाश अरुण ढवरे ने किया है, जिन्होंने कहानी को काफी व्यावहारिक और यथार्थवादी दृष्टिकोण दिया है। दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इनके साथ ही फिल्म की स्टार कास्ट में जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम किरदारों में शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: 'बैन लगाने वालों का शुक्रिया', भारत में लगे 10 साल के बैन पर आतिफ असलम ने तोड़ी चुप्पी, बोले- लोग VPN पर सुनते हैं