1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'प्रहार' का धांसू टीजर रिलीज, कसाब ट्रायल और 26/11 के उस खौफनाक सच को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं राजकुमार राव

'प्रहार' का धांसू टीजर रिलीज, कसाब ट्रायल और 26/11 के उस खौफनाक सच को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं राजकुमार राव

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 25, 2026 08:16 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 08:16 pm IST

'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी' का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में राजकुमार राव लीड रोल निभा रहे हैं। राजकुमार राव फिल्म में मशहूर स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं।

rajkummar rao- India TV Hindi
राजकुमार राव। Image Source : MADDOCK FILMS/YOUTUBE

'स्त्री 2' और 'भूल भुलैया 3' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले मैडॉक फिल्म्स ने अपनी नई और बेहद संजीदा फिल्म का पहला लुक जारी कर दिया है। देश के सबसे चर्चित स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके ऐतिहासिक अदालती मुकदमों पर आधारित कोर्टरूम ड्रामा 'प्रहार-द उज्ज्वल निकम स्टोरी'का दमदार टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे राजकुमार राव एक बार फिर अपने एक ऐसे अवतार में दिख रहे हैं, जो सीधे दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है।

26/11 मुंबई हमला और कसाब का वो ऐतिहासिक ट्रायल

टीजर को देखकर साफ है कि फिल्म की कहानी उज्ज्वल निकम के पूरे करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और हाई-प्रोफाइल दौर के इर्द-गिर्द बुनी गई है। कहानी का मुख्य केंद्र 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले और जिंदा पकड़े गए इकलौते आतंकी अजमल कसाब का वो अदालती ट्रायल है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। टीज़र में कोर्टरूम को एक कानूनी अखाड़े के रूप में दिखाया गया है, जहां हर एक दलील का वजन देश की संप्रभुता से जुड़ा हुआ है। टीजर की शुरुआत ही राजकुमार राव के एक बेहद कड़क और झकझोर देने वाले डायलॉग से होती है, 'पिछले डेढ़ साल में इस केस की वजह से कई लोगों ने मुझसे बार-बार पूछा है, जब फोटो और वीडियो में साफ दिख रहा है कि क्या हुआ था तो हम कसाब को फांसी पर क्यों नहीं लटका रहे हैं?'

'याला मारू नाका' और भारत का संविधान

टीजर में आगे कसाब के मुकदमे और 26/11 की उस खौफनाक रात की कुछ झलकियां दिखाई देती हैं। इसी बीच राजकुमार राव अदालत के सामने एक बेहद भावुक और तार्किक दलील रखते हुए कहते हैं, 'एक पल के लिए खुद को 26/11 की रात इंस्पेक्टर गोविलकर की जगह पर रखकर देखिए वो अफसर जिसे कसाब ने गोली मारी थी। जाहिर है, उनका गुस्सा सातवें आसमान पर रहा होगा, लेकिन जब आखिरकार कसाब जिंदा पकड़ा गया तो इंस्पेक्टर गोविलकर ने यह नहीं कहा कि इसे गोली मारो, तुरंत खत्म करो। इसके बजाय उन्होंने कहा था,'याला मारू नाका'। उन्होंने ऐसा क्यों कहा? इसका जवाब बेहद आसान है: भारत।' टीजर के अंत में राजकुमार पूरी शिद्दत और गुस्से के साथ अदालत से इंसाफ की मांग करते हुए कहते हैं,'इसीलिए भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के अपराध के लिए, मैं, उज्ज्वल निकम, मांग करता हूं कि अजमल आमिर कसाब को मौत की सजा दी जाए।'

राजकुमार राव का कमाल का ट्रांसफॉर्मेशन और मराठी लहजा

राजकुमार राव को इंडस्ट्री में उनके डीप और संजीदा किरदारों के लिए जाना जाता है और इस टीजर में उनका शारीरिक और भावनात्मक बदलाव साफ नजर आ रहा है। एक अनुभवी सरकारी वकील के हाव-भाव, उनकी बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग डिलीवरी को राजकुमार ने पूरी तरह से आत्मसात किया है। इस बार उनके किरदार की सबसे बड़ी यूएसपी उनका मराठी डिक्शन है। टीजर में जब वे मराठी और हिंदी का मिक्स लहजा बोलते हैं तो वो किरदार को बेहद असली और प्रामाणिक बनाता है। तीखे और धारदार संवादों से सजी यह फिल्म पूरी तरह से परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड होने वाली है।

पाताल लोक के डायरेक्टर और धांसू स्टार कास्ट

इस फिल्म की कमान संभाल रहे हैं डायरेक्टर अविनाश अरुण, जो इससे पहले 'पाताल लोक' और 'थ्री ऑफ अस' जैसी बेहतरीन और रियलिस्टिक कहानियों के लिए तारीफें बटोर चुके हैं। अविनाश का डायरेक्शन इस फिल्म को ओटीटी के किसी लंबे एपिसोड जैसा नहीं, बल्कि बड़े पर्दे के लिहाज से बेहद कड़क और रियलिस्टिक फील दे रहा है। फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म इसी साल 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ये भी पढ़ें: 'पठानों से कहना चौहान आ रहा है', अजय देवगन ने धमाकेदार अंदाज में किया नई फिल्म का ऐलान, पहली झलक

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन