मानसा: इस वक्त की बड़ी खबर पंजाब के मानसा से आ रही है। यहां एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परविंदर झोटा नशे के खिलाफ अभियान चलाते थे। जानकारी के मुताबिक एक मेडिकल स्टोर में नशे को लेकर बहस के दौरान मेडिकल स्टोर के संचालक ने उन्हें गोली मार दी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। फायरिंग की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बहस के बीच परविंदर झोटा को गोली मारते हुए देखा जा सकता है। वहीं इस घटना के बाद से एक बार फिर नशे के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के सिलसिले में एक उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई है। जल्द ही सभी ज़िलों के SSP और DC के साथ बैठक होगी।
कैमरे के सामने मारी गोली
दरअसल, नशे के खिलाफ लगातार आवाज बुलंद करने वाले मशहूर समाजसेवी परविंदर झोटा की दिनदहाड़े हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परविंदर झोटा नशे से जुड़े एक मामले को लेकर एक दुकान पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति के साथ नशे को लेकर बहस हुई। इसके बाद दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। इस घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। परविंदर झोटा मानसा इलाके से संबंध रखते हैं और अक्सर नशे के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते नजर आते हैं।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि पंजाब में नशे का मुद्दा लगातार चर्चा में है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोग भी कई बार विवादों में सामने आते रहे हैं। ऐसे में मानसा में समाजसेवी परविंदर झोटा से जुड़ी इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी, मौके पर कितने राउंड फायर किए गए और घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां थीं, इन तमाम पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल मानसा में समाजसेवी परविंदर झोटा पर कथित फायरिंग का यह मामला चर्चा में है। एसएसपी वैभव चौधरी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-