1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Rooh Announced: हॉरर वर्ल्ड में इमरान हाशमी की वापसी, 'रूह' से सामने आई शैतानी झलक, शैतानी लुक में दिखे एक्टर

Rooh Announced: हॉरर वर्ल्ड में इमरान हाशमी की वापसी, 'रूह' से सामने आई शैतानी झलक, शैतानी लुक में दिखे एक्टर

इमरान हाशमी 5 साल बाद एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। इमरान जल्द ही 'रूह' में नजर आएंगे, जिससे उनका पहला लुक जारी किया जा चुका है, जिसे देखने के बाद अभिनेता के फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है।

emraan hashmi- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@THEREALEMRAAN इमरान हाशमी की नई फिल्म 'रूह' का हुआ ऐलान।

बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी ने रॉमांस के साथ-साथ हॉरर जॉनर में भी खूब जलवा बिखेरा है। एक थी डायन से लेकर डिबुक जैसी हॉरर फिल्मों में नजर आ चुके इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म का ऐलान हो गया है, जिसका नाम 'रूह' है। मेकर्स ने इस अपकमिंग हॉरर फिल्म से इमरान हाशमी का लुक भी जारी कर दिया है और इसी के साथ ये भी बता दिया है कि ये फिल्म कब रिलीज होगी। जैसे ही मेकर्स ने फिल्म से इमरान हाशमी का फर्स्ट लुक जारी किया, अभिनेता के फैंस की उत्सुकता भी बढ़ गई है।

अनाउंसमेंट वीडियो में क्या है?

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इमरान हाशमी स्टारर 'रूह' का अनाउंसमेंट वीडियो साझा किया है, जिसमें इमरान हाशमी डेडली लुक में नजर आ रहे हैं। 52 सेकंड की इस अनाउंसमेंट क्लिप में जंगल में एक रहस्यमयी लड़की दिखाई देती है, जो हवा में लटक रही है। इसके बाद धुंध से ढके शीशे का शॉट आता है और एक रहस्यमयी हाथ शीशे को साफ करता है, जिसके बाद शीशे में इमरान हाशमी का चेहरा नजर आता है और फिर उनकी आंखें पूरी तरह से काली पड़ जाती हैं। आखिरी में स्क्रीन पर फिल्म का टाइटल 'रूह' दिखाई देता है।

कब रिलीज होगी 'रूह'?

अनाउंसमेंट वीडियो के साथ ही मेकर्स ने ये भी बता दिया है कि 2027 में रिलीज़ होगी। दर्शक ये फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु जैसी भाषाओं में देख सकेंगे। फिल्म के निर्देशक मयंक शर्मा हैं और इसकी कहानी विशाल कपूर और मयंक शर्मा ने मिलकर लिखी है। वहीं विक्रम खाखकर और सनी खन्ना इस हॉरर-थ्रिलर के प्रोड्यूसर हैं।

इमरान हाशमी की हॉरर फिल्में

इमरान हाशमी 'रूह' से पहले भी कई हॉरर फिल्मों में नजर आ चुके हैं और उनकी ज्यादातर फिल्मों को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। इमरान हाशमी अब तक 'राजः द मिस्ट्री कन्टीन्यूज' (2009), 'राज 3' (2012), 'एक थी डायन' (2013), 'राज रीबूट' (2016) और 'डिबुक' (2021) जैसी हॉरर फिल्मों में काम किया है और अब इस लिस्ट में 'रूह' भी शुमार होने जा रही है, जो इमरान हाशमी की छठवीं हॉरर फिल्म होगी।

इमरान हाशमी के करियर के बारे में और जानकारी

इमरान हाशमी के करियर की बात करें तो उन्होंने 2003 में एक्टिंग डेब्यू किया था। उनकी पहली फिल्म 'फुटपाथ' थी। विक्रम भट्ट द्वारा निर्देशित इस क्राइम थ्रिलर में उनके साथ आफताब शिवदसानी और बिपाशा बसु भी लीड रोल में थे। इसके अलावा इमरान हाशमी ने 'मर्डर', 'गैंगस्टर', 'राज 3' और 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कमर्शियल और कंटेंट-बेस्ड, दोनों तरह की फिल्मों में अच्छा काम किया है। आखिरी बार इमरान हाशमी फिल्म 'हक' और नेटफ्लिक्स सीरीज 'टास्करी: द स्मगलर्स वेब' में नजर आए थे।

ये भी पढ़ेंः लखनऊ अग्निकांड पर कचोट उठा सोनू सूद का कलेजा, हादसे पर जताया दुख, बोले- 'ऐसी त्रासदी दोबारा कभी न हो'
Alpha की रिलीज से पहले चर्चा में आलिया का पोस्ट, शरवरी की 'मैं वापस आऊंगा' की फैन हुईं एक्ट्रेस, की तारीफ

Latest Bollywood News