1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. IAS अफसर जो बन गया एक्टर, पहले ही अटेंप्ट में पास की UPSC परीक्षा, प्यार में मिले धोखे ने बदली थी किस्मत

IAS अफसर जो बन गया एक्टर, पहले ही अटेंप्ट में पास की UPSC परीक्षा, प्यार में मिले धोखे ने बदली थी किस्मत

फिल्मों की दीवानगी के चलते कई कलाकार अपने अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर अभिनय की दुनिया का रुख कर चुके हैं। लेकिन, क्या आप उस एक्टर को जानते हैं, जिसने अभिनय के लिए IAS की नौकरी छोड़ दी हो? नहीं, तो चलिए आपको इस एक्टर के बारे में बताते हैं।

abhishek singh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ABHISHEK_AS_IT_IS सनी देओल के साथ अभिषेक सिंह।

यूपीएससी की परीक्षा पास करना कोई छोटी बात नहीं है। इसे पास करने के लिए लोग कई–कई साल मेहनत करते हैं और कई बार तो कई अटेंप्ट देने पड़ते हैं और इनमें से कुछ ही होते हैं, जिन्हें सफलता मिल पाती है। ऐसे में कौन ही होगा, जो अपने आईएएस अफसर के पद को छोड़ किसी और इंडस्ट्री का रुख करे? लेकिन, अभिनय की दुनिया में एक सितारा ऐसा है, जिसने यूपीएससी में 94वीं रैंक हासिल की और आईएएस अफसर बने, मगर अपने पैशन के लिए इन्होंने एक्टिंग की राह पकड़ ली। हम बात कर रहे हैं पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह की। जिन्होंने कड़ी मेहनत करके यूपीएससी पास की और आईएएस अधिकारी बने, लेकिन सरकारी नौकरी में उनका मन नहीं लगा। बचपन से ही एक्टर बनने का सपना देखने वाले अभिषेक के भीतर एक्टिंग का जुनून फिर से जाग उठा और आखिरकार उन्होंने अपनी आईएएस की नौकरी छोड़ दी और फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया।

कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी की शिरकत

जौनपुर के रहने वाले अभिषेक सिंह पिछले दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में अपनी उपस्थिति को लेकर चर्चा में रहे और फिर फिल्मफेयर ग्लैमर और स्टाइल अवॉर्ड को लेकर भी सुर्खियों में रहे। उर्वशी रौतेला के साथ स्टेज पर अपनी परफॉर्मेंस से उन्होंने धूम मचा दी। अभिषेक सिंह एक आईएएस अधिकारी रह चुके हैं, लेकिन अभिनय के अपने पैशन के चलते इन्होंने अपने शानदार करियर को छोड़कर अभिनय की राह पकड़ ली और सबको चौंका दिया।

विवादों में उलझकर छोड़ी नौकरी

अभिषेक सिंह ने 2023 में आईएएस सेवा से इस्तीफा दे दिया था। जौनपुर के रहने वाले अभिषेक ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और 2011 में पहले ही अटेंप्ट में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा निकाल ली और ऑल इंडिया 94वीं रैंक हासिल की। उन्होंने इसी साल एक आईएएस अफसर के रूप में सफर शुरू किया, लेकिन फिर विवादों में उलझकर उन्होंने 2023 में आईएएस पद से इस्तीफा दे दिया और फुल टाइम एक्टर बन गए।

2020 में किया डेब्यू

अभिषेक सिंह ने 2020 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने एक शॉर्ट फिल्म 'चार पंद्रह' से अभिनय की शुरुआत की और फिर बी प्राक के हिट सॉन्ग 'दिल तोड़ के' में दिखाई दिए, जिसे 24 घंटे में ही 10 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल गए। इसी के बाद अभिषेक सिंह चर्चा में आ गए। वह जुबिन नौटियाल के गाने 'तुझे भूलना तो चाहा' में दिखाई दिए और 'दिल्ली क्राइम' के दूसरे सीजन का भी हिस्सा रहे। अब वह ऐतिहासिक ड्रामा '1946: डायरेक्ट एक्शन डे' में लीड रोल निभाते नजर आएंगे और सनी लियोनी के साथ 'थर्ड पार्टी' सॉ्ग को लेकर भी चर्चा में रह चुके हैं।

प्यार में मिला था धोखा

एक इंटरव्यू में अभिषेक सिंह ने अपनी जिंदगी के टर्निंग पॉइंट का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि कैसे कॉलेज के दिनों में प्यार में मिले धोखे ने उन्हें पूरी तरह बदल दिया और अंदर से तोड़कर रख दिया। इस घटना के बाद उनके दिमाग में सुसाइड तक के ख्याल आने लगे थे। किसी तरह उन्होंने अपने आपको इस स्थिति से बाहर निकाला और खुद को यूपीएससी की तैयारी में झोंक दिया। प्यार में मिले धोखे के दर्द को उन्होंने ताकत में बदल लिया और फिर 2011 में ऑल इंडिया 94वीं रैंक के साथ पहले ही अटेम्प्ट में यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की।

ये भी पढ़ेंः कौन हैं नेत्रा मंटेना और वामसी गदिराजू? जिनकी शादी में उमड़ा आधा बॉलीवुड, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर तक पहुंचे उदयपुर
'ससुराल मैं जावांगी...' संगीत सेरेमनी में रोमांटिक हुईं स्मृति मंधाना, पलाश संग किया डांस, पहनाई माला

Latest Bollywood News