उदयपुर इन दिनों हाई अलर्ट पर है, क्योंकि एक शाही शादी के चलते बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के कई बड़े स्टार इन दिनों उदयपुर में हैं। 21 नवंबर को नेत्रा मंटेना और वामसी गदिराजू की शादी के तीन दिवसीय इवेंट की शुरुआत हुई और आज यानी 23 नवंबर को ये कपल शादी के बंधन में बंधा, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ ही कई हॉलीवुड सेलिब्रिटी भी पहुंचे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ इस रॉयल वेडिंग में शामिल हुए हैं, जिसके चलते हर तरफ इस शाही शादी के ही चर्चे हैं। हर कोई इस कपल के बारे में जानना चाहता है। तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर नेत्रा मंटेना और वामसी गदिराजू कौन हैं, जिनकी शादी में डोनाल्ड ट्रंप जूनियर से लेकर जस्टिन बीबर तक पहुंचे हैं।
किस परिवार से हैं दुल्हन नेत्रा मंटेना
नेत्रा मंटेना की बात करें तो अमेरिका में बसे भारतीय मूल के अरबपति बिजनेसमैन रामा राजू मंटेना और पद्मजा मंटेना की इकलौती बेटी हैं। रामा राजू मंटेना अमेरिकी फार्मास्यूटिकल सेक्टर के दिग्गज हैं और ओरलैंड स्थित इंजेनस फार्मास्यूटिकल्स के चेयरमैन और सीईओ हैं, जो कैंसर और दिमागी बीमारी की जेनेरिक दवाईयों पर फोकस करती है। मंटेना ने अपने करियर में कई हेल्थकेयर वेंचर्स लॉन्च किए हैं, जिनमें इंटरनेशनल ऑन्कोलॉजी नेटवर्क, आईकोर हेल्थकेयर ऑन्कोस्क्रिप्ट्स और ऑन्कोस्क्रिप्ट्स शामिल हैं।
कौन हैं रामा राजू मंटेना के दामाद
रामा राजू मंटेना के दामाद वामसी गदिराजू की बात करें तो टेक्नोलॉजी की दुनिया के चमकते सितारे हैं। वह न्यूयॉर्क बेस्ड कंपनी सुपरऑर्डर्स के को-फाउंडर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर हैं। इसके अलावा उन्होंने रेस्टोरेंट चेन्स के लिए एक ऑल इन वन प्लेटफॉर्म भी डेवेलप किया है, जिसमें एआई पावर्ड ऑटोमेटेड वेबसाइट बिल्डर भी शामिल है। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुेशन किया है और 2024 में फोर्ब्स की फोर्ब्स 30 अंडर 30 लिस्ट में जगह भी हासिल कर चुके हैं।
उदयपुर में हुई साल की सबसे महंगी शादी
राजस्थान के उदयपुर में आज यानी 23 नवंबर 2025 को देश की सबसे लग्जरी और चर्चित शादी हुई, जिसकी पूरे देश-विदेश में चर्चा है। इस शाही शादी में कई बड़े बॉलीवुड सेलिब्रिटी पहुंचे और डांस परफॉर्मेंस दी। रणवीर सिंह, शाहिद कपूर, माधुरी दीक्षित से लेकर वरुण धवन तक ने इस रॉयल वेडिंग में प्रस्तुति दी। इसकी भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे वेडिंग ऑफ द ईयर कहा जा रहा है और ये किसी इंटरनेशनल मेगा इवेंट से कम नहीं है।