'अभी तक स्ट्रेस में हूं', तू या मैं फिल्म देखने के बाद करण जौहर ने बताया कैसी लगी फिल्म, बोले- 'हिला देगा सस्पेंस'
आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म 'तू या मैं' को करण जौहर ने देख लिया है। फिल्म को देखने के बाद करण ने इसका रिव्यू भी शेयर किया है।
शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म 'तू या मैं' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म भले ही दर्शकों को ज्यादा नहीं लुभा पाई है। लेकिन करण जौहर को इसकी कहानी काफी दिलचस्प लगी है। करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का रिव्यू भी कर दिया है। जिसमें उन्होंने इसकी खूब तारीफ की है। साथ ही ये भी कहा कि फिल्म देखने के बाद से अभी तक स्ट्रेस में हूं।
क्या बोले करण जौहर?
फिल्म निर्माता करण जौहर, शनाया कपूर और आदर्श गौरव की सर्वाइवल थ्रिलर 'तू या मैं' की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर उन्होंने एक लंबा नोट पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिल्म को बेहतरीन तरीके से दिल दहला देने वाली फिल्म बताया। करण जौहर ने लिखा, 'कार्डियो एक्सरसाइज की कोई जरूरत नहीं। इस दिल दहला देने वाली (बेहतरीन तरीके से) सर्वाइवल थ्रिलर के दूसरे हाफ में आप अपनी सीट से उछल पड़ेंगे। मेरे लिए स्विमिंग पूल अब कभी पहले जैसे नहीं रहेंगे, कभी नहीं! और अगर इस वैलेंटाइन पर आपका कोई पार्टनर है, तो उसे तू या मैं देखने ले जाएं और उससे कहें कि वह कवच पहन ले क्योंकि आप डर के मारे उसे कसकर पकड़ लेंगे।'
फिल्म देखने के बाद भी तनाव में रहे करण जौहर
फिल्म देखने के बाद तनाव में होने की बात कहते हुए करण ने आगे कहा, 'मैं अभी भी तनाव में हूं और फिल्म खत्म हुए 30 मिनट हो गए हैं। मुझे ऐसा लग रहा है कि मुंबई के ट्रैफिक के बीच में भी कोई मगरमच्छ आकर मुझ पर हमला कर देगा (मैं जानता हूं कि मैं थोड़ा नाटकीय हो रहा हूं, लेकिन इस फिल्म ने मुझे अपनी ब्लड प्रेशर की दवा की एक अतिरिक्त खुराक लेने पर मजबूर कर दिया है)।' फिल्म निर्माता ने निर्देशक बेजॉय नाम्बियार, निर्माता आनंद एल राय और मुख्य कलाकारों शनाया और गौरव की भी तारीफ की। उन्होंने आगे कहा, 'बेजॉय नाम्बियार को बधाई, जिन्होंने अपनी दमदार कला और तकनीकी उत्कृष्टता से तनाव को बरकरार रखा, शनाया कपूर , मुझे आपके चयन पर गर्व है और आपके आत्मविश्वास से भरे, बेहद प्रभावशाली अभिनय और मिस वैनिटी और मिस इनसैनिटी के किरदार को बखूबी निभाने के लिए भी। लव यू! गौरव आदर्श तुम गली बॉय और मगरमच्छ के हमले के शिकार के रूप में शानदार हो। मैंने तुम्हारे डर को पूरी तरह महसूस किया।'
ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह के बाद अब डॉन 3 में होंगे ऋतिक रोशन? सुपरस्टार ने खुद बताई पूरी सच्चाई
