आइवरी-नीले रंग का शाही कार्ड, छाया अनिरुद्ध-काव्या मारन का रिसेप्शन इनवाइट, पीएम मोदी से सोनिया गांधी तक को भेजा गया न्योता
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन का रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में होगा। निमंत्रण पत्र चर्चा में है। पीएम मोदी, सोनिया गांधी और कई बड़े नेताओं को न्योता भेजे जाने की खबरें हैं।

संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच दोनों की रिसेप्शन पार्टी का निमंत्रण पत्र सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इसकी खूबसूरत डिजाइन और मेहमानों की कथित लंबी सूची ने लोगों का ध्यान खींचा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई में होने वाले इस समारोह के लिए देश के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
शाही अंदाज में तैयार किया गया रिसेप्शन का कार्ड
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के रिसेप्शन का निमंत्रण पत्र अपने खास डिजाइन के कारण सुर्खियां बटोर रहा है। कार्ड में आइवरी और नीले रंग का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ बारीक सजावटी पैटर्न, सुनहरे रंग की डिटेलिंग और पुराने जमाने की मुहरों जैसी डिजाइन इसे पारंपरिक और शाही अंदाज देती है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद लोग इसके सादगी भरे लेकिन शानदार लुक की चर्चा कर रहे हैं। इस निमंत्रण पत्र को लेकर प्रशंसकों के बीच समारोह की तैयारियों और मेहमानों को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि कार्ड की डिजाइन के अलावा सबसे ज्यादा ध्यान उन बड़े नामों पर है, जिन्हें कथित तौर पर इस खास मौके के लिए आमंत्रित किया गया है।
यहां देखें कार्ड
पीएम मोदी और सोनिया गांधी को भी दिया गया न्योता
रिपोर्ट्स के मुताबिक काव्या मारन के माता-पिता और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन तथा कावेरी मारन, चेन्नई में होने वाले रिसेप्शन के लिए प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दे रहे हैं। इस दौरान नेताओं से उनकी मुलाकातों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि कलानिधि मारन ने अनिरुद्ध के माता-पिता रवि राघवेंद्र और लक्ष्मी रविचंदर की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें समारोह का निमंत्रण दिया। इसके अलावा उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से भी मुलाकात की। उस समय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है। रिसेप्शन के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी निमंत्रण दिए जाने की खबरें हैं। हालांकि, आमंत्रित किए गए सभी मेहमान समारोह में शामिल होंगे या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा रिसेप्शन
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के रिसेप्शन की तारीख 21 नवंबर 2026 बताई गई है। समारोह चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण मिला है। इससे चेन्नई में होने वाले रिसेप्शन की तैयारियों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों की शादी नवंबर में ग्रीस में हो सकती है। इसके लिए 10 और 11 नवंबर की संभावित तारीखों का जिक्र किया गया है। हालांकि विदेश में शादी करने की योजना और इससे जुड़ी तारीखों की पुष्टि अनिरुद्ध या काव्या के परिवार की ओर से आधिकारिक रूप से नहीं की गई है। फिलहाल चेन्नई में 21 नवंबर को होने वाले रिसेप्शन का निमंत्रण चर्चा में है।
कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन?
अनिरुद्ध रविचंदर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित संगीतकारों में गिने जाते हैं। खासकर तमिल सिनेमा में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। 'लियो', 'जेलर', 'वेट्टैयन' और 'कूली' जैसी फिल्मों के संगीत को दर्शकों के बीच लोकप्रियता मिली है। वह सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' के संगीत से भी जुड़े रहे हैं। दूसरी ओर काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह सन टीवी नेटवर्क और इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी प्रमुख कारोबारी हस्तियों में शामिल हैं। आईपीएल मैचों के दौरान टीम का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती हैं।