रश्मिका मंदाना के उच्चारण पर सवाल उठाने वालों को जावेद अख्तर का करार जवाब, 'लिंग्विस्टिक सुपीरियरिटी' पर जताई नाराजगी
'कॉफी विद करण 9' में रश्मिका मंदाना ने अपने साउथ इंडियन लहजे और हिंदी बोलने के तरीके को लेकर हुई आलोचनाओं पर बात की। अब जावेद अख्तर ने नेशनल क्रश का समर्थन करते हुए भाषा को लेकर खुद को दूसरों से बेहतर समझने की सोच पर नाराजगी जताई।

रश्मिका मंदाना अक्सर अपने एक्सेंट लेकर ऑनलाइन आलोचनाओं के घेरे में रही हैं, लेकिन एक्ट्रेस कहना है कि उन्होंने कभी नहीं चाहा कि ऐसी टिप्पणियों की वजह से उनके काम के दायरे पर कोई असर पड़े। 'कॉफी विद करण' सीजन 9 के हालिया एपिसोड में, जहां वह अपने पति विजय देवरकोंडा के साथ नजर आई थीं। उन्होंने उस ट्रोलिंग के बारे में खुलकर बात की, जिसका सामना उन्हें करना पड़ा है। अब जावेद अख्तर ने रश्मिका मंदाना का बचाव करते हुए उन्हें अपनी पोस्ट से उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जो दूसरों को उनकी भाषा की वजह से कमतर समझते हैं। हालांकि, इस दौरान जावेद अख्तर को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने रश्मिका मंदाना के हिंदी लहजे को लेकर हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग के खिलाफ उनका बचाव करते हुए उन्हें 'तमिल अभिनेत्री' कह दिया था। बाद में उन्होंने अपनी गलती सुधार ली।
रश्मिका मंदाना के समर्थन में उतारे जावेद अख्तर
अब गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने एक्ट्रेस की ट्रोलिंग पर अपनी राय दी है। उन्होंने रश्मिका को 'तमिल अभिनेत्री' बताते हुए X पर लिखा, 'जो लोग तमिल अभिनेत्री रश्मिका के उच्चारण से परेशान हैं, उन्हें तमिल की कुछ पंक्तियां दी जानी चाहिए, जो दुनिया की सबसे पुरानी बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है। फिर देखते हैं कि वे उन पंक्तियों का कितना सही उच्चारण कर पाते हैं। भाषा को लेकर यह झूठा और लिंग्विस्टिक सुपीरियरिटी स्वीकार नहीं किया जा सकता।'
जावेद अख्तर ने क्यों मांगी माफी
जावेद अख्तर ने रश्मिका मंदाना के हिंदी लहजे को लेकर हो रही ट्रोलिंग के खिलाफ उनका बचाव किया, लेकिन इस दौरान उन्हें रश्मिका को 'तमिल अभिनेता' बताने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया यूजर्स ने बताया कि रश्मिका कन्नड़ भाषी हैं और उन्होंने दक्षिण भारत की कई फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है। एक एक्स (X) यूजर द्वारा गलती सुधारने पर जावेद अख्तर ने अपनी गलती मान ली और जवाब दिया, 'मेरी गलती सुधारने के लिए धन्यवाद।' उन्होंने माफी मांगते हुए लिखा, 'मुझे माफ कर दीजिए, मैं गलत था। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता और संयोग से मैंने उनकी केवल एक फिल्म देखी है, जो तमिल में थी। लेकिन तमिल, तेलुगु, मलयालम या कन्नड़ होना कोई मुद्दा नहीं है। अगर कोई हमारी भाषा बोलता है, भले ही उसका लहजा थोड़ा अलग हो तो हमें उसकी सराहना करनी चाहिए। वैसे हममें से कितने लोग अंग्रेजी बिल्कुल सही लहजे में बोलते हैं? अगर कोई अंग्रेज हमारी अंग्रेजी के लहजे का मजाक उड़ाए तो हमें कैसा लगेगा?'
आलोचनाओं का सामना करने पर रश्मिका मंदाना
रश्मिका ने बताया कि उनके करियर की शुरुआत से ही उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। उनके अभिनय से लेकर उनके द्वारा बोली जाने वाली भाषाओं तक, उन्हें अपने काम के कई पहलुओं पर लोगों की टिप्पणियां सुननी पड़ी हैं। हालांकि, उन्होंने कभी नहीं चाहा कि इन लोगों की राय उनके करियर के फैसलों को तय करे या उन्हें अलग-अलग इंडस्ट्री में काम करने से रोके। उन्होंने कहा, 'जब से मैंने फिल्म इंडस्ट्री में काम करना शुरू किया है, मुझे किसी न किसी बात के लिए आलोचना या ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है - चाहे वह मेरी परफॉरमेंस हो, भाषा हो, एक्टिंग हो, या फिर मेरा लहजा। इसलिए मैं अपने लिए कोई सीमा नहीं तय करना चाहती थी। मैं सिर्फ एक इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहना चाहती थी, बल्कि सभी इंडस्ट्री में काम करना चाहती थी। मैं सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि सभी भाषाएं बोलना चाहती थी।'
रश्मिका मंदाना ने फिल्मी करियर पर बात की
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा हाल ही में कॉफी विद करण के सीजन 9 में नजर आए थे। इसी दौरान रश्मिका मंदाना ने आगे कहा, 'इसलिए, अपने करियर की शुरुआत से ही मैंने हर तरह की फिल्में करना शुरू कर दिया। आज, जब मैं 'एनिमल' और 'गर्लफ्रेंड' जैसी बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा हूं तो एक एक्टर के तौर पर मुझे बहुत संतुष्टि मिलती है, क्योंकि मैं हर तरह के किरदार निभा सकती हूं। आज जब आप कहते हैं कि 'गर्लफ्रेंड' और 'एनिमल' जैसी बिल्कुल अलग-अलग फिल्मों में मैं काम कर रही हूं तो मुझे खुशी होती है, क्योंकि मैं यही तो चाहती थी।' सोशल मीडिया पर रश्मिका के हिंदी डायलॉग बोलने के तरीके ने अक्सर लोगों का ध्यान खींचा है और कुछ दर्शकों ने हिंदी फिल्मों में उनके लहजे पर सवाल भी उठाए हैं। 2025 में हॉरर-कॉमेडी 'थम्मा' और 2026 में 'कॉकटेल 2' के रिलीज होने के बाद यह बहस फिर से शुरू हो गई।
रश्मिका मंदाना की नई फिल्में
एक्ट्रेस रश्मिका 'एनिमल' के सीक्वल एनिमल पार्क में नजर आने वाली हैं, जिसमें वे गीतांजलि के किरदार में वापसी करेंगी। अल्लू अर्जुन के साथ 'राका' भी शामिल है।
ये भी पढ़ें - विजय देवरकोंडा या रश्मिका मंदाना, किसने पहले की शादी की बात? 'कॉफी विद करण 9' में खुला राज