विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 26 फरवरी 2026 को राजस्थान में शादी की थी। वहीं, इस कपल ने 4 मार्च 2026 को हैदराबाद में एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी दी थी। हालांकि, उनकी शादी की योजनाएं उनकी सगाई के बाद ही सामने आ गई। फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय कपल में से एक ने अपनी लव लाइफ को निजी रखा था। अब विजय और रश्मिका फिल्ममेकर करण जौहर के टॉक शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में दूसरे मेहमान के तौर पर नजर आए। इस सीजन के पहले एपिसोड में सलमान खान मेहमान बनकर आए थे।
रश्मिका और विजय ने प्रपोजल पर क्या कहा?
हाल ही में 'कॉफी विद करण 9' के सेट पर विजय ने बताया कि रश्मिका ने ही उनसे शादी की बात छेड़ी थी। हालांकि, उन्होंने कभी अंगूठी देकर या रोमांटिक डिनर पर उन्हें फॉर्मल तरीके से प्रपोज नहीं किया। टॉक शो के नए प्रोमो में इस कपल की निजी जिंदगी से जुड़ी यह बात सामने आई, जिसमें वे पहली बार एक साथ नजर आए। वीडियो में करण जौहर ने कपल से पूछा कि प्रपोजल कैसा था, जिस पर रश्मिका ने सिर हिलाकर मना कर दिया। फिर विजय ने बताया कि कोई औपचारिक प्रपोजल नहीं था, बल्कि रश्मिका ही उनसे बार-बार शादी करने के लिए कह रही थीं।
रश्मिका ने पहले की थी विजय से शादी की बात
विजय देवरकोंडा ने बताया कि उन्होंने 'हां' कह दिया, क्योंकि रश्मिका ने उनसे 100 बार ऐसा कहा था। इसके बाद करण ने रश्मिका से पूछा कि क्या सच में उन्होंने 100 बार यह बात कही थी। इस पर रश्मिका ने तुरंत साफ किया कि उन्होंने पूरे एक साल तक विजय से शादी के लिए कहा था। इस पर विजय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा: 'हां'
रश्मिका-विजय होंगे कॉफी विद करण के दूसरे गेस्ट
प्रोमो में एक रैपिड-फायर राउंड की झलक भी दिखी, जिसमें करण जौहर ने रश्मिका से पूछा कि वह अपनी फिल्म 'पुष्पा' के को-स्टार अल्लू अर्जुन और 'एनिमल' के को-स्टार रणबीर कपूर में से किसे चुनेंगी? जिस पर उन्होंने अल्लू अर्जुन का नाम लिया। इसके बाद करण ने विजय से पूछा कि उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री किसके साथ सबसे अच्छी है। रश्मिका ने तुरंत बीच में बोलते हुए जवाब दिया, 'किसी के साथ नहीं।'
विजय देवरकोंडा ने खोला खुशहाल शादी का राज
इस पर विजय ने कहा कि शादी का 'गोल्डन रूल' यही है कि हमेशा अपनी पत्नी की बात मान लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'शादी का रूल नंबर 101, पत्नी की बात मान लो।' यह सुनकर रश्मिका जोर से हंस पड़ीं। इस टॉक शो में रश्मिका पहली बार नजर आईं। वहीं विजय इससे पहले अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए अनन्या पांडे के साथ इस शो में आ चुके हैं।
कब हुई रश्मिका-विजय की पहली मुलाकात
विजय और रश्मिका की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों की मुलाकात 2018 में अपनी पहली तेलुगु फिल्म 'गीता गोविंदम' की शूटिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद 2019 में वे फिल्म 'डियर कॉमरेड' में साथ नजर आए। इसके बाद से ही उनके रिश्ते में होने की खबरें जोरों पर थीं, जब उन्होंने अपनी शादी की घोषणा की और तस्वीरें शेयर कीं तब उनके रिश्ते पर मुहर लग गई। रश्मिका ने शादी समारोह की बेहद प्यारी तस्वीरें पोस्ट कीं और दुनिया को अपने पति से मिलवाया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने उन्हें सिखाया कि सच्चा प्यार क्या होता है और मन की शांति का असली मतलब क्या है। उन्होंने ही रश्मिका को बड़े सपने देखने का भरोसा दिलाया।
ये भी पढ़ें - 'कॉफी विद करण 9' के नई गेस्ट जोड़ी का खुलासा, रश्मिका-विजय होंगे करण जौहर के शो के मेहमान, प्रोमो जारी