1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कभी शाहरुख खान-अजय देवगन संग किया काम, अब काम के लिए तरस रहीं अनीता कंवल, आर्थिक तंगी पर छलका दर्द

कभी शाहरुख खान-अजय देवगन संग किया काम, अब काम के लिए तरस रहीं अनीता कंवल, आर्थिक तंगी पर छलका दर्द

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 18, 2026 07:04 pm IST,  Updated : Oct 18, 2026 07:04 pm IST

'कभी हां कभी ना' और 'गंगाजल' की एक्ट्रेस अनीता कंवल ने बताया कि उनकी बचत एक साल के भीतर खत्म हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए काम पर लौटना बहुत जरूरी है।

Anita Kanwal- India TV Hindi
अनीता कंवल Image Source : INSTAGRAM/@ANITAKANWAL_ACTOR

अनीता कंवल ने हाल ही में बताया कि उन्हें काम ढूंढने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और पैसों को लेकर भी बहुत परेशान है। एक इंटरव्यू में अनीता ने बताया कि उनकी बचत एक साल के भीतर खत्म हो सकती है और उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए काम पर वापस लौटना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में कई लोगों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें अभी तक कोई काम नहीं मिला है। अनीता ने इस बात पर निराशा जताई कि कई लोग उनके अब तक के काम के बारे में नहीं जानते हैं। उन्होंने अपने करियर के सफर को याद करते हुए बताया कि वह शाहरुख खान, अजय देवगन और फिल्ममेकर प्रकाश झा के साथ भी काम कर चुकी हैं। इससे पहले भी अनीता कंवल ने बेरोजगार होने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की थी।

अनीता कंवल ने बताई अपनी आर्थिक स्थिति

फिल्म 'कभी हां कभी ना' और 'गंगाजल' जैसी फिल्मों में अपने किरदारों के लिए पहचानी जाने वालीं अनीता ने उन चुनौतियों के बारे में बात की, जिनका सामना वह अभी कर रही हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे कमाने की जरूरत है। अगर मैं अगले 10-12 साल और जीवित रहती हूं तो मैं क्या करूंगी? मेरा घर ही मेरी इकलौती संपत्ति है। मेरी बचत एक साल में खत्म हो जाएगी, इसलिए मुझे काम चाहिए। हालांकि, मेरे बच्चे मेरी मदद करना चाहते हैं, लेकिन मैं उनसे पैसे नहीं लेना चाहती। मैं ऐसी स्थिति में रहना चाहती हूं, जहां मैं दूसरों को कुछ दे सकूं।'

काम के लिए तरस रहीं अनीता कंवल

विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में अनीता कंवल ने काम न मिलने पर भी खुलकर बात की। आज के नए कलाकारों को तो यह भी नहीं पता कि मैंने पहले क्या काम किया है। कई बार मुझे 21 साल की लड़की का रोल ऑफर किया जाता है। मैं काम के लिए भीख नहीं मांग रही हूं। अगर कोई यह नहीं जानता कि अनीता कंवल कौन हैं और उन्होंने क्या काम किया है तो मैं इसमें कुछ नहीं कर सकती। मैं ऑडिशन के लिए जाती हूं, कास्टिंग डायरेक्टर्स से मिलती हूं, लेकिन कहीं से भी कोई काम नहीं मिल पा रहा है।'

शाहरुख खान संग काम करने पर अनीता कंवल

इस बातचीत के दौरान अनीता कंवल ने 'कभी हां कभी ना' में शाहरुख खान के साथ काम करने के अपने अनुभव को याद किया। फिल्म में दीपक तिजोरी की मां का किरदार निभाने वालीं अनीता कंवल ने बताया कि फिल्म से उनके कुछ सीन काट दिए गए थे। उन्होंने कहा, 'मैंने कभी हां कभी ना के लिए ऑडिशन नहीं दिया था। उस फिल्म में काम करने में बहुत मजा आया। मैं उस समय इस इंडस्ट्री में बिल्कुल नई थी। शाहरुख खान मुझे दिल्ली से जानते थे। यह एक बहुत अच्छा अनुभव था। उस समय सबको लगा कि मैं दीपक तिजोरी की मां बनने के लिए बहुत छोटी हूं। मेरी उम्र 35-36 साल थी, लेकिन यह एक अच्छा रोल था। फिल्म में मेरा रोल और भी बड़ा था, लेकिन एडिटिंग के दौरान कुछ हिस्से काट दिए गए। दीवाना एक बड़ी हिट साबित हुई, इसलिए उन्होंने शाहरुख के मोटरसाइकिल वाले सीन को और लंबा कर दिया। इस वजह से हमारे सीन छोटे हो गए, लेकिन फिर भी लोगों ने मुझे नोटिस किया और उसके बाद मैंने टीवी पर बहुत काम किया। शाहरुख खान के साथ मेरा जो मुख्य सीन था, उसे काट दिया गया था, जिसका मुझे बहुत बुरा लगा।'

'गंगाजल' के लिए अनीता कंवल को मिली दोगुनी फीस

अनीता कंवल ने 2003 में रिलीज हुई अजय देवगन की फिल्म 'गंगाजल' में प्रकाश झा के साथ काम करने के अपने अनुभव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की सफलता के बाद उन्हें मिलने वाली फीस दोगुनी कर दी गई थी। उन्होंने कहा, 'प्रकाश झा के साथ काम करना बहुत शानदार रहा। प्रकाश जी के बारे में एक बात है जिसे मैं कभी नहीं भूल सकती, जब मैंने गंगाजल में काम किया तो मुझे समय पर पूरी फीस मिल गई थी। एक दिन उनके ऑफिस से फोन आया कि मेरा चेक तैयार है तो मैंने कहा कि मुझे तो मेरी फीस पहले ही मिल चुकी है। मुझे बताया गया कि गंगाजल के बहुत अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से प्रकाश जी ने सभी को एक अतिरिक्त चेक दिया है। यह एक ऐसी बात है जिसे मैं कभी नहीं भूल सकती। ऐसा कौन करता है? आज के समय में अगर कोई आपको आपकी पूरी फीस भी दे दे तो वही बहुत बड़ी बात होती है।'

ये भी पढ़ें - ढलती उम्र ने मशहूर एक्ट्रेस से छीना काम, बेरोजगार होने पर हुईं भावुक, बोलीं- 'भगवान मुझे उठा लो, नहीं जीना चाहती'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।