'इश्कबाज' और 'क्वीन' में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाने वाली दिग्गज अभिनेत्री नवनींद्र बहल का 76 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे फिल्म निर्माता कनु बहल ने की, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मां को याद करते हुए उन्होंने एक भावुक संदेश लिखा, इस खबर के सामने आने के बाद से ही इंडस्ट्री के लोग भी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। नवनींद्र की शादी दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता ललित बहल से हुई थी, जिनका 2021 में दिल्ली में COVID-19 से जुड़ी दिक्कतों के कारण निधन हो गया था।
नवनींद्रा बहल की मौत से सदमे में बेटा
अपनी मां की एक तस्वीर शेयर करते हुए कनु बहल ने लिखा, 'मेरी शक्ति। मेरा विश्वास। मेरा प्यार। मेरी मार्गदर्शक। मेरी गुरु। मेरा दिल। अलविदा, मां। जब तक तुम मुझे फिर से जन्म न दो।' उनके प्यार को याद करते हुए उन्होंने आगे कहा, 'मेरी आंखें हमेशा उस बेकाबू मुस्कान, उस प्यारी हंसी, प्यार से गले लगाने और उन जिज्ञासु आंखों को खोजती रहेंगी, जो हमेशा चमकती रहीं। मेरी आत्मा को रोशन करने के लिए धन्यवाद।'
फिल्म इंडस्ट्री ने नवनींद्र बहल के निधन पर शोक जताया
जैसे ही यह पोस्ट ऑनलाइन सामने आई, फिल्म जगत के सदस्यों ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप और एक्टर्स अंशुमन झा, आहना कुमरा, रसिका दुगल और हर्षवर्धन कपूर उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने दिवंगत अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
इन फिल्मों में दिखी थी नवनींद्र बहल
नवनींद्र बहल का थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों से गहरा जुड़ाव था। उन्होंने तीन साल की उम्र में ही स्टेज पर परफॉर्म करना शुरू कर दिया था और दशकों तक मनोरंजन जगत में सक्रिय थी। वह कई चर्चित फिल्मों में नजर आ चुकी थी, जिनमें गुलजार द्वारा निर्देशित 'माचिस', दिबाकर बनर्जी की 'ओए लकी! लकी ओए!' और कंगना रनौत अभिनीत 'क्वीन' शामिल है। वह 'द प्राइड' और 'द गुरु' जैसे अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा थी। टेलीविजन दर्शक उन्हें 'इश्कबाज' और 'दिल बोले ओबेरॉय' में नकुल मेहता के किरदार की दादी का रोल निभाने के लिए याद करते हैं। वह 'विजी' और 'सदा-ए-वादी' जैसे शो में भी नजर आई थी।
ये भी पढे़ं-
The 50 फिनाले से पहले फराह खान का करोड़पति यूट्यूबर को मिला सपोर्ट, बताया सबसे मजबूत कंटेस्टेंट, बोलीं- 'इसे वोट करूंगी'
2021 की धांसू सस्पेंस थ्रिलर फिल्म, 2 घंटा 16 मिनट में भी नहीं पकड़ पाएंगे कातिल, देख हो जाएगी सिट्टी-पिट्टी गुम
Latest Bollywood News