तमिल सुपरस्टार थलापति विजय इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। एक तरफ जहां विजय की आखिरी फिल्म 'जना नायकन' की रिलीज पिछले 2 महीने से अटकी है तो वहीं दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी भी विवादों में घिरी हुई है। इसके अलावा करूर भगदड़ मामले के चलते भी उन्हें कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विजय को करूर भगदड़ मामले में तलब किया है। अभिनेता से पहले ही इस मामले में 12 और 19 जनवरी को पूछताछ हो चुकी है और अब सीबीआई ने अभिनेता को इस मामले में पूछताछ के लिए फिर समन जारी किया है। विजय से 15 मार्च को इस मामले में दिल्ली में पूछताछ होगी।
पहले भी हो चुकी है पूछताछ
विजय से करूर भगदड़ मामले में पहले भी पूछताछ हो चुकी है। उनसे 12 और 19 जनवरी को सीबीआई ने एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ की थी और इसी दौरान कुछ नए तथ्य सामने आए। इन तथ्यों पर स्पष्टीकरण के लिए विजय को एक बार फिर तलब किया गया है और नोटिस जारी किया गया है। विजय के साथ ही करूर के विधायक को भी सीबीआई द्वारा समन जारी किया गया है, जिनसे 17 मार्च को पूछताछ होगी।
करूर भगदड़ मामला
मामला 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई उस भगदड़ से जुड़ा है जिसमें 41 लोगों की जान चली गई थी और 60 से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी हो गए थे। ये सब विजय की राजनीतिक रैली के दौरान हुआ। सुपरस्टार को देखने के लिए करूर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जिससे धीरे-धीरे स्थिति बिगड़ने लगी और भगदड़ मच गई। पहले इस मामले की जांच एक विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी और अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ
बता दें, इस मामले में पहले भी कई लोगों से पूछताछ हो चुकी है। सीबीआई ने तमिलनाडु पुलिस के उन कर्मचारियों को भी तलब किया था, जो उस दिन विजय की सुरक्षा में घटनास्थल पर तैनात थे। करूर बेस कैंप में बुलाकर तमिलनाडु पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई। इस दौरान उनसे भगदड़ वाले दिन विजय की एक्टिविटीज और उनकी आवाजाही के समय को लेकर सवाल किए गए। यही नहीं, इस मामले में सीबीआई जिला कलेक्टर एम. थंगावेल और एसपी के. जोस के बयान भी दर्ज कर चुकी है, जो भगदड़ के दिन मौके पर मौजूद थे।
ये भी पढ़ेंः 'नसीब अपना अपना' की टेढ़ी चोटी वाली चंदो याद है? 40 साल में पूरी तरह बदल चुका है लुक, बनीं बॉस लेडी
राजपाल यादव के दामाद को देखा? लाइमलाइट से दूर रहते हैं पहली बेटी ज्योति के पति, 9 साल पहले सादगी से हुई थी शादी
Latest Bollywood News