1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'बापू' के किरदार में पहली बार दिखेंगे मनोज बाजपेयी, अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा ला रहे हैं आजादी का अनसुना पन्ना

'बापू' के किरदार में पहली बार दिखेंगे मनोज बाजपेयी, अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा ला रहे हैं आजादी का अनसुना पन्ना

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मनोज बाजपेयी पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभाएंगे। अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा की यह फिल्म देश की आजादी के दौरान गांधी जी की जिंदगी के एक अनदेखे 21 दिनों के अध्याय को दिखाएगी।

manoj bajpayee- India TV Hindi
Image Source : PRESS KIT अनुभव सिन्हा, सुधीर मिश्रा और मनोज बाजपेयी।

भारतीय सिनेमा जगत में एक बड़े और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट की नींव रखी गई है। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जुड़े एक बेहद संवेदनशील और कम चर्चित अध्याय को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए जाने-माने फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा एक साथ आए हैं। इस महत्वाकांक्षी फिल्म में तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके अभिनेता मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में होंगे और पहली बार पर्दे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आइकॉनिक किरदार निभाएंगे। उनके साथ दिग्गज अभिनेता सौरभ शुक्ला भी एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।

महात्मा गांधी के जीवन के वे रहस्यमयी 21 दिन

यह कहानी भारत की आजादी के दौर की वास्तविक घटनाओं और महात्मा गांधी के जीवन के उन ऐतिहासिक 21 दिनों पर केंद्रित है, जिनका जिक्र इतिहास के पन्नों में बहुत कम मिलता है। निर्देशक सुधीर मिश्रा के मुताबिक जब पूरा देश स्वतंत्रता की ओर बढ़ रहा था और दिल्ली सत्ता का मुख्य केंद्र बन रही थी, तब बापू ने एक ऐसा अप्रत्याशित कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने उस समय सत्ता के गलियारों से दूर जाने का फैसला किया। सुधीर मिश्रा का मानना है कि गांधी जी का यह कदम पीछे हटना नहीं था, बल्कि खुद को एक नए रूप में ढालने की एक गहरी मानवीय प्रक्रिया थी। इतिहास की किताबों में उस दौर की केवल मुख्य घटनाओं का विवरण है, लेकिन यह प्रोजेक्ट उस ऐतिहासिक फैसले के पीछे की वजहों, उनके निजी विचारों और मानसिक मंथन को गहराई से सामने लाएगा।

मनोज बाजपेयी का नया अवतार

अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले मनोज बाजपेयी के लिए यह भूमिका बेहद खास मानी जा रही है। पहली बार बापू का रूप धारण कर रहे मनोज बाजपेयी इस बार महात्मा गांधी के एक बेहद मानवीय, गहन और संवेदनशील पहलू को उजागर करेंगे। वहीं सौरभ शुक्ला का अभिनय इस ऐतिहासिक ड्रामा को और मजबूत बनाएगा।

दिग्गज मेकर्स की जुगलबंदी

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी क्रिएटिव टीम है। सामाजिक मुद्दों पर 'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी फिल्में बना चुके अनुभव सिन्हा इसे अपने बैनर 'बनारस मीडिया वर्क्स' के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' और 'धारावी' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर सुधीर मिश्रा इसके निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं। इस फिल्म को अनुभव सिन्हा के साथ नरेंद्र हिरावत मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसे एनएच स्टूडियोज द्वारा पेश किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  10 की उम्र में ही पर्दे पर छा गए थे थलापति विजय, 1984 में ही शुरू हो गया था सुपरस्टार बनने का सफर

Latest Bollywood News