ओटीटी की दुनिया पर राज करने वाली सीरीज ‘मिर्जापुर' अब फिल्म के तौर पर बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। तीन सीजन तक फैन्स को बांधे रखने के बाद, अब मेकर्स मिर्जापुर की दुनिया सिनेमाघरों में लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म की रिलीज को कुछ ही दिन बचे हैं और अब सीबीएफसी से भी 'मिर्जापुरः द मूवी' को ग्रीन सिग्नल मिल गया है। यानी अब दर्शक बड़े पर्दे पर भी खून-खराबे, धोखे और भौकाल से भरी 'मिर्जापुर' देख सकेंगे। गुड्डू पंडित और कालीन भैया के एक्शन और खून खराबे वाली इस फिल्म को सीबीएफसी से 'A' सर्टिफिकेट मिला है। इसी के साथ फिल्म के रनटाइम का खुलासा भी हो गया है।
मिर्जापुरः द मूवी को मिला ए सर्टिफिकेट
अली फजल, पकंज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ सर्टिफिकेशन यानी CBFC से 'ए' सर्टिफिकेट मिला है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सर्टिफिकेशन की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, फिल्म को 29 अगस्त को ही सर्टिफिकेट मिला है। फिल्म के रनटाइम की बात करें तो ये 197.19 मिनट यानी 3 घंटे 17 मिनट लंबी होगी। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ये एक्शन-थ्रिलर 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात तो ये है कि इस फिल्म में कई जाने-पहचाने किरदार देखने को मिलेंगे, जिनमें गुड्डू पंडित, कालीन भैया, मुन्ना त्रिपाठी के रोल शामिल हैं।
खत्म नहीं हुई है गद्दी की लड़ाई
CBFC की वेबसाइट पर दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 'मिर्जापुरः द मूवी' में भी दर्शकों को 'मिर्जापुर' का पूरा फ्लेवर मिलने वाला है। मिर्जापुरः द मूवी में पुराने दुश्मन एक बार फिर से सामने नजर आने वाले हैं। मुन्ना भैया और गूड्डू पंडित के बीच की दुश्मनी फिर नए खतरे पैदा करेगी और पुराने हिसाब-किताब चुकाने होंगे। गद्दी की लड़ाई जारी रहेगी और सत्ता के भूखे दावेदार हिंसक अंडरवर्ल्ड दुनिया पर कब्जे के लिए आमने-सामने होंगे। मिर्जापुर में अली फजल एक बार फिर गुड्डू पंडित की भूमिका, तो वहीं पंकज त्रिपाठी मशहूर कैरेक्टर कालीन भैया की भूमिका दोहराते नजर आएंगे। मुन्ना भैया के रोल में दिव्येंदु शर्मा, स्वीटी गुप्ता के रोल में श्रिया पिलगांवकर, गोलू गुप्ता के रोल में श्वेता त्रिपाठी और बीना त्रीपाठी के रोल में रसिका दुग्गल वापसी कर रही हैं।
गानों को भी मिल रहा है प्यार
हाल ही में 'मिर्जापुरः द मूवी' का पहला गाना 'वारूं फॉरएवर' जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। जैसे ही मेकर्स ने गाना जारी किया, देखते ही देखते सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। इस गाने में गुड्डू पंडित और स्वीटी गुप्ता के बीच की लव स्टोरी देखने को मिलती है। इस रोमांटिक गाने को श्रेया घोषाल और रोमी ने आवाज दी है। खास बात तो ये है कि यह सॉन्ग 'मिर्जापुर' सीरीज के पसंदीदा गाने 'वारुं' का नया वर्जन है।
ये भी पढ़ेंः सजा 'मिर्जापुर द मूवी' का दरबार, गद्दी पर कालीन भैया और मुन्ना भैया ने दिखाया स्वैग, पूर्वांचली लेडीज ने लूटी महफिल
Latest Bollywood News