न बाहुबली, न दंगल, ये है 21वीं सदी की सबसे लोकप्रिय बॉलीवुड फिल्म, स्कूलों के पाठ्यक्रम का है हिस्सा
21वीं सदी की सबसे लोकप्रिय भारतीय फिल्म का जिक्र अगर आता है तो आपके दिमाग में कौन सी फिल्म सबसे पहले आती है? अगर आपका जवाब बाहुबली, लगान, आरआरआर, कभी खुशी कभी गम या दंगल है तो जाहिर तौर पर गलत है। लोगों की पसंदीदा फिल्म इतनी खास है कि इसे विदेशी स्कूलों में पढ़ाया भी जा रहा है।
इंटरनेट मूवी डेटाबेस (IMDb) ने भारतीय सिनेमा में अपने 25 वर्षों का जश्न मनाते हुए एक विशेष रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में साल 2000 से 2025 तक के सबसे बड़े ट्रेंड्स, सबसे ज्यादा खोजे गए सितारे और चर्चित फिल्मों का विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसने भारतीय फिल्मों की वैश्विक लोकप्रियता पर रोशनी डाली है और इस सूची में शीर्ष पर है राजकुमार हिरानी की ‘3 इडियट्स’। 'बाहुबली', 'लगान', 'आरआरआर', 'कभी खुशी कभी गम' और 'दंगल'जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए ये फिल्म लोगों की सबसे पसंदीदा फिल्म बन गई है।
3 इडियट्स बनी वैश्विक पसंद
‘भारत का वैश्विक क्षण’ नामक खंड में IMDb ने बताया है कि कैसे भारतीय फिल्में अब सिर्फ प्रवासी भारतीयों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनियाभर के गैर-भारतीय दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय हो रही हैं। रिपोर्ट में वैश्विक IMDb पेज व्यू और भारत के बाहर के दर्शकों के प्रतिशत के आधार पर एक ग्राफ तैयार किया गया है। इस ग्राफ में ‘3 इडियट्स’ को 100 में से पूर्ण 100 अंक मिले हैं, जो इसे अब तक की सबसे लोकप्रिय वैश्विक भारतीय फिल्म बनाता है। यह फिल्म IMDb की टॉप 250 फिल्मों की सूची में सबसे ऊंची रैंकिंग वाली भारतीय फिल्म भी है। हिरानी की इस क्लासिक फिल्म के 80 प्रतिशत से ज्यादा पेज व्यू भारत के बाहर से आते हैं, जो इसकी असाधारण अंतरराष्ट्रीय अपील को दर्शाता है।
आमिर खान की फिल्मों का दबदबा
अन्य फिल्मों जैसे ‘तारे जमीन पर’, ‘माई नेम इज खान’, ‘मानसून वेडिंग’ और ‘द लंचबॉक्स’ को भी विदेशों में सराहना मिली है, लेकिन इनकी वैश्विक लोकप्रियता रेटिंग 60 से नीचे रही है। वही आमिर खान की अन्य फिल्में जैसे ‘दंगल’, ‘पीके’ और ‘आरआरआर’ भी इस सूची में उल्लेखनीय स्थान रखती हैं। IMDb ने कहा, 'क्रॉसओवर हिट का खिताब कुछ ही फिल्मों को मिलता है और इस क्षेत्र में आमिर खान की फिल्मों का दबदबा है।'रिपोर्ट के अनुसार, आमिर की फिल्में सांस्कृतिक रूप से भारतीय होने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से वैश्विक दर्शकों से जुड़ने की गहरी क्षमता रखती हैं, जो उन्हें एक खास पहचान देती हैं।
3 इडियट्स की वैश्विक विरासत
2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई। यह फिल्म रूस और चीन जैसे गैर-पारंपरिक बाजारों में भी बेहद लोकप्रिय हुई। इसने विदेशी बाजारों से 30.5 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो उस समय किसी भी भारतीय फिल्म के लिए रिकॉर्ड थी। इस फिल्म की सबसे बड़ी सफलता दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे क्षेत्रों में रही। दक्षिण कोरिया में, ‘3 इडियट्स’ ने जेम्स कैमरून की 'अवतार' को भी पछाड़ दिया। चीन में, यह फिल्म सिर्फ एक हिट ही नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक घटना बन गई। यहाँ तक कि कई चीनी विश्वविद्यालयों ने इसे तनाव प्रबंधन के लिए अपने पाठ्यक्रम में शामिल किया।
फिल्म की स्टारकास्ट और ऐतिहासिक सफलता
‘3 इडियट्स’ में आमिर खान के साथ आर माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर, बोमन ईरानी, ओमी वैद्य और मोना सिंह जैसे कलाकारों ने अभिनय किया था। यह फिल्म उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी, जिसका रिकॉर्ड बाद में 2013 में ‘धूम 3’ ने तोड़ा।
ये भी पढ़ें: चमकती आंखों और बड़ी जटाओं के पीछे छिपा है सुपरस्टार का चेहरा, पूरा बॉलीवुड मानता है एक्टिंग का लोहा
फराह खान ने किया दीपिका को अनफॉलो? अनबन की चर्चाओं के बीच सामने आया पूरा सच
