1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ‘रामायण’ के नए लक्ष्मण को देख OG लक्ष्मण हुए गदगद, रवि दुबे को मिला सुनील लहरी का आशीर्वाद, बोले- मासूमियत झलक रही है

‘रामायण’ के नए लक्ष्मण को देख OG लक्ष्मण हुए गदगद, रवि दुबे को मिला सुनील लहरी का आशीर्वाद, बोले- मासूमियत झलक रही है

सुनील लहरी ने नई ‘रामायण’ में रवि दुबे के लक्ष्मण किरदार की तारीफ की है। हालांकि, उन्होंने फिल्म के संगीत में अयोध्या और मिथिला की सांस्कृतिक झलक की कमी बताकर निराशा भी जताई।

lakshman- India TV Hindi
Image Source : RAVIE DUBEY INSTAGRAM, IMDB सुनील लहरी और रवि दुबे।

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के साथ ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। अब टीवी की मशहूर ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भी रवि दुबे की कास्टिंग को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। खास बात यह है कि उन्होंने नए लक्ष्मण के किरदार की तारीफ करते हुए फिल्म की सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। सुनील का यह रिएक्शन ऐसे समय आया है, जब सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों के लक्ष्मण वाले किरदारों की तुलना हो रही है।

रवि दुबे के लक्ष्मण अवतार से प्रभावित हुए सुनील लहरी

फिल्म की रिलीज के दिन सुनील लहरी ने एक्स पर एक फैन-मेड रील साझा की। इसमें उनके पुराने लक्ष्मण के किरदार और रवि दुबे के नए अवतार को एक साथ दिखाया गया था। वीडियो में सुनील के अभिनय को ‘बिना वीएफएक्स और बिना किसी रेफरेंस’ के साथ जोड़ा गया, जबकि रवि के किरदार के लिए आधुनिक तकनीक और कई रेफरेंस का इस्तेमाल होने की बात कही गई। इस तुलना पर विवाद में पड़ने के बजाय सुनील ने नए कलाकार की तारीफ करना बेहतर समझा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि नए ‘रामायण’ में लक्ष्मण के किरदार से जुड़ी मासूमियत और तीव्रता दोनों दिखाई देती हैं। साथ ही उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए दिल से शुभकामनाएं भी दीं। सुनील की इस प्रतिक्रिया को रवि दुबे के लिए समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले भी वह नई ‘रामायण’ और इसकी टीम को लेकर अपनी राय साझा कर चुके हैं।

फिल्म देखे बिना संगीत पर जताई थी निराशा

हालांकि सुनील लहरी ने अभी तक पूरी फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उन्हें निर्देशक नितेश तिवारी और उनकी टीम पर भरोसा है। उनका मानना है कि नितेश पहले भी अच्छी फिल्में बना चुके हैं और इस बार भी उन्होंने कुछ अच्छा ही तैयार किया होगा। हालांकि, फिल्म के संगीत को लेकर उनकी राय थोड़ी अलग है। सुनील ने कहा था कि किसी भी फिल्म में संगीत की भूमिका बेहद अहम होती है और इसे फिल्म की रीढ़ कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने फिल्म के जो गाने सुने हैं, उनमें से कुछ ने उन्हें थोड़ा निराश किया। उनके मुताबिक ‘रामायण’ के संगीत में अयोध्या और मिथिला की स्थानीय सांस्कृतिक झलक होनी चाहिए थी, जिसकी उन्हें गानों में कमी महसूस हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह संगीत के विशेषज्ञ नहीं हैं और न ही किसी तरह का अंतिम फैसला सुना रहे हैं। एक श्रोता के तौर पर उन्हें जो महसूस हुआ, वही उन्होंने साझा किया है।

एआर रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है संगीत

गौरतलब है कि फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर दिग्गज संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर तैयार किया है। दोनों कलाकार पहली बार किसी प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं। इसके बावजूद फिल्म के संगीत को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। हाल ही में ‘मंगल रंग’ गाने को लेकर भी कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए थे और उसमें सूफी-कव्वाली के प्रभाव को लेकर चर्चा की थी। बता दें कि ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाना है। इसका पहला भाग दिवाली से पहले 5 नवंबर को सिनेमाघरों में पहुंच चुका है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होने की योजना है। ऐसे में सुनील लहरी की प्रतिक्रिया ने पुराने और नए लक्ष्मण के बीच चल रही सोशल मीडिया चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया है।

ये भी पढ़ें: 'रामायण' के मेघनाद बने राघव जुयाल, रावण के बेटे बनकर दिखाया रौद्र रूप, पहली झलक में चुराई लाइमलाइट

Latest Bollywood News