1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Ramayana X Review: 'रामायण' का हर फ्रेम बना विजुअल ट्रीट, 3D इफेक्ट्स और एक्शन की तारीफ, इंटरवल और क्लाइमैक्स पर भी आए रिव्यू

Ramayana X Review: 'रामायण' का हर फ्रेम बना विजुअल ट्रीट, 3D इफेक्ट्स और एक्शन की तारीफ, इंटरवल और क्लाइमैक्स पर भी आए रिव्यू

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Nov 05, 2026 10:38 am IST,  Updated : Nov 05, 2026 10:38 am IST

'रामायण' के शुरुआती रिव्यू में दर्शकों ने VFX, 3D विजुअल्स और भव्य एक्शन दृश्यों की तारीफ की है। हालांकि कुछ ने धीमी रफ्तार और लंबाई पर सवाल उठाए। पोस्ट क्रेडिट सीन ने उत्सुकता बढ़ाई है।

ranbir kapoor- India TV Hindi
रणबीर कपूर। Image Source : SONY PICTURES ENTERTAINMENT YOUTUBE

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे और यश जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। अब फिल्म के पहले दिन के पहले शो देखने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा करना शुरू कर दिया है। शुरुआती रिव्यू में फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स, भव्यता और बड़े पर्दे पर दिखाए गए एक्शन सीक्वेंस की जमकर तारीफ हो रही है। कई दर्शकों ने इसे आंखों को सुकून देने वाला शानदार सिनेमाई अनुभव बताया है। हालांकि, कुछ लोगों ने फिल्म की रफ्तार और कहानी के कुछ हिस्सों को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

'रामायण' के VFX और 3D विजुअल्स ने जीता दर्शकों का दिल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म देखने के बाद एक दर्शक ने इसे शानदार विजुअल ट्रीट बताया। उसने फिल्म के VFX की तारीफ करते हुए लिखा कि कुछ दृश्य इतने अद्भुत हैं कि एक भारतीय के तौर पर उन्हें बड़े पर्दे पर देखकर गर्व महसूस होता है। हालांकि, इसी प्रतिक्रिया में फिल्म में असुरों और रावण के चित्रण को लेकर सवाल भी उठाया गया। दर्शक के मुताबिक इंटरवल तक कहानी में असुरों को पीड़ित और रावण को उनके मसीहा के रूप में दिखाया गया है, जबकि उसके नकारात्मक पक्ष को अभी ज्यादा विस्तार नहीं मिला है। दर्शक ने उम्मीद जताई कि फिल्म का दूसरा हिस्सा इस पहलू को और स्पष्ट करेगा।

एक अन्य दर्शक ने फिल्म के पहले हाफ को शानदार बताते हुए खासतौर पर 3D विजुअल्स की तारीफ की। उसके अनुसार, बड़े पर्दे पर फिल्म का दृश्य अनुभव बेहद प्रभावशाली है। वहीं, कुछ दर्शकों ने इंटरवल से पहले के दृश्यों को भावनात्मक बताया। एक यूजर ने लिखा कि फिल्म के VFX और बैकग्राउंड स्कोर ने उसे प्रभावित किया। कुछ एक्शन सीक्वेंस बेहद शानदार हैं और इंटरवल का हिस्सा भावुक कर देने वाला है। दर्शकों के मुताबिक, फिल्म की कहानी भी शुरुआती हिस्से में सहज तरीके से आगे बढ़ती है।

दूसरे हाफ की डिटेलिंग ने संभाली धीमी शुरुआत

पूरी फिल्म देखने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाओं में कुछ अलग-अलग राय भी सामने आई हैं। एक दर्शक ने कहा कि फिल्म का पहला हाफ थोड़ा धीमा महसूस हो सकता है, लेकिन दूसरे हाफ में कहानी की बारीकियों और डिटेलिंग ने अनुभव को बेहतर बना दिया। उसके मुताबिक, फिल्म देखने के बाद निराशा नहीं होगी। एक अन्य दर्शक ने फिल्म के अंत को परफेक्ट बताया है। वहीं कुछ लोगों ने माना कि फिल्म में छोटी-मोटी कमियां जरूर हैं, लेकिन वे पूरी कहानी के अनुभव को प्रभावित नहीं करतीं।

एक दर्शक ने अपने रिव्यू में लिखा कि फिल्म का अनुभव कुल मिलाकर अच्छा रहा। हालांकि, कुछ जगहों पर 3D इफेक्ट्स में छोटी-मोटी दिक्कतें नजर आईं, लेकिन इससे कहानी पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। दूसरी तरफ, कुछ दर्शकों को फिल्म की लंबाई थोड़ी ज्यादा महसूस हुई। एक यूजर के मुताबिक फिल्म की शुरुआत बेहद शानदार है और शुरुआती सीक्वेंस दर्शकों को बांधकर रखता है, लेकिन आगे बढ़ने के साथ इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ जाती है। बीच के कुछ हिस्से खिंचे हुए महसूस होते हैं, जिससे शुरुआती उत्साह लगातार बना नहीं रहता।

पोस्ट क्रेडिट सीन ने बढ़ाई उत्सुकता, दर्शकों ने दी खास सलाह

फिल्म के पोस्ट क्रेडिट सीन को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। फिल्म देखने वाले कई दर्शकों ने इसे खास बताया और दूसरों को सलाह दी कि वे थिएटर से जल्दबाजी में बाहर न निकलें। एक दर्शक ने पोस्ट क्रेडिट सीन का जिक्र करते हुए लिखा कि इसे बिल्कुल मिस न करें, क्योंकि यह रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव है। इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म के इस हिस्से को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी है 'रामायण'

'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि नमित मल्होत्रा इसके निर्माता हैं। फिल्म को प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से तैयार किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। रवि दुबे भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म की भव्यता और तकनीकी पक्ष दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं, हालांकि इसकी गति और कुछ रचनात्मक फैसलों पर मिली-जुली राय सामने आई है। अब देखना होगा कि दर्शकों की ये शुरुआती प्रतिक्रियाएं बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के प्रदर्शन को किस तरह प्रभावित करती हैं।

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर की 'रामायण' बना पाएगी ओपनिंग का रिकॉर्ड? 125 करोड़ की एडवांस बुकिंग के बाद भी टॉप 5 ओपनर्स से मिल रही कड़ी टक्कर

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।