भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्म 'रामायण' दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस पौराणिक महागाथा को बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया गया है। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारों के साथ अंतरराष्ट्रीय तकनीशियनों ने भी काम किया है। वाल्मीकि की रामायण पर आधारित यह फिल्म तुलसीदास की रामचरितमानस सहित रामकथा के अन्य स्रोतों से भी प्रेरणा लेती है। फिल्म की पटकथा नितेश तिवारी और श्रीधर राघवन ने मिलकर लिखी है। 'रामायण' 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई, जबकि अमेरिका और कनाडा में 4 नवंबर को पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए गए। फिल्म को इंडिया टीवी ने भी 4 स्टार दिए हैं।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। यह दो भागों में बनने वाली फिल्म सीरीज का पहला हिस्सा है। इनके अलावा रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, काजल अग्रवाल और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। सनी देओल दोनों फिल्मों में भगवान हनुमान का किरदार निभाएंगे, हालांकि उनका किरदार दूसरे भाग में दिखाई देने की जानकारी है। करीब 1600 करोड़ रुपये के कथित बजट में बनी 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है। इसकी एक और खासियत एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर का पहली बार साथ आना है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी नमित मल्होत्रा के आठ बार ऑस्कर जीत चुके स्टूडियो DNEG ने संभाली है।
रिलीज से पहले ही 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हलचल मचा दी थी। फिल्म की एडवांस बुकिंग 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई थी, जिसमें अकेले ओपनिंग डे की हिस्सेदारी 80 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई। फिल्म का वैश्विक वितरण भारत को छोड़कर सोनी पिक्चर्स संभाल रही है, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसकी वितरक है। करीब 70 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हुई यह फिल्म अपने विशाल बजट, अंतरराष्ट्रीय तकनीकी टीम और भारतीय कलाकारों की दमदार मौजूदगी के कारण वैश्विक स्तर पर चर्चा में है। अब देखना होगा कि यह भव्य सिनेमाई पेशकश दर्शकों की उम्मीदों और बॉक्स ऑफिस के बड़े लक्ष्य पर कितनी खरी उतरती है। फिल्म से जुड़ी हर अपडेट हम आपके साथ साझा कर रहे हैं, जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।