1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मेरे पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं', मुश्किल हालात में प्रोड्यूसर मुरली, शेयर किया परेशान कर देने वाला वीडियो

'मेरे पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं', मुश्किल हालात में प्रोड्यूसर मुरली, शेयर किया परेशान कर देने वाला वीडियो

मलयालम सिनेमा के मशहूर प्रोड्यूसर मुरली कुन्नुमपुराथ का एक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को चिंता में डाल दिया है। वीडियो में मुरली बता रहे हैं कि उन पर बहुत कर्ज है और कर्जदार उन्हें चैन से जीने नहीं दे रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

Murali Kunnumpurathu- India TV Hindi
Image Source : FACEBOOK/MURALI KUNNUMPURATHU मलयालम प्रोड्यूसर मुरली ने शेयर किया वीडियो।

मलयालम फिल्‍मों के प्रोड्यूसर मुरली कुन्नुमपुराथ एक बार फिर चर्चा में हैं। मुरली 2021 में रिलीज हुई 'वेल्लम' के बाद सुर्खियों में छाए थे, जो उन्हीं की जिंदगी पर बनी थी। जयसूर्या स्टारर इस फिल्म को खूब पसंद किया गया था। अब मुरली अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह इंडस्ट्री की पोल खोलते और अपने ऊपर टूटे मुसीबतों के पहाड़ के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मुरली काफी परेशान लग रहे हैं और अपनी तंगहाली के बारे में बता रहे हैं। मुरली ने वीडियो में इंडस्ट्री के लोगों से मिले धोखे के बारे में भी बताया है, जिसने उनका दिल तोड़ दिया है। इस वीडियो में वह राइटर अभिलाष पिल्लई और डायरेक्‍टर विष्णु शशि शंकर पर भी गंभीर आरोप लगाते दिखे और कहा कि ये दोनों भरोसे के लायक नहीं हैं।

गंभीर चुनौतियों का सामना करके आगे बढ़े मुरली

मुरली ने 'वेल्‍लम' फिल्‍म के बारे में भी बात की, जो उनके जीवन पर बनी है। फिल्म में  दिखाया गया है कि मुरली कभी शराब की लत में डूबे हुए थे, बाद में उन्होंने अपनी जिंदगी को पूरी तरह से बदला और सफल व्यवसायी बने। हालांकि, मुरली का कहना है कि पर्दे पर उनकी जो छवि दिखाई गई है, वह असल जिंदगी में वैसे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वह आज भी कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

मुरली की आपबीती

मुरली ने फेसबुक में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह कहते हैं, 'मुझे लगता है, आप लोगों में से ज्यादातर लोग मुझे जानते होंगे। जिन्होंने भी वेल्लम फिल्म देखी है, उस फिल्म में जो कुछ दिखाया गया था, वो सिर्फ सिनेमा के लिए था। मेरी असल जिंदगी इससे बहुत अलग है। मैं एक आम इंसान हूं। मगर अब जिंदगी थम सी गई है और इसीलिए मैंने ये वीडियो बनाने का फैसला लिया है। मैं दुबई, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका में टाइल्स बेचता था, लेकिन कई मलयाली लोगों ने पैसे नहीं चुकाए। व्यापार में कभी लोगों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। मुझे भरोसे के चलते नुकसान उठाना पड़ा। अब मैं बहुत कर्जे में हूं।'

फिल्‍म प्रोड्यूसर बनने पर भी हुई मुश्किलें

मुरली कुन्नुमपुराथ आगे बताते हैं कि उन्‍होंने उन्नी वेल्लोरा और विजेश पनाथूर की सलाह पर फिल्म 'नधिकलिल सुंदरी यमुना' का निर्माण किया था, जिसके चलते उन्हें लगभग 2 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद आई अगली फ‍िल्म 'सुमति वलवु' ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। इस फिल्म का निर्देशन विष्णु शशि शंकर ने किया था और कहानी अभिलाष पिल्लई ने लिखी थी।

'मरने के अलावा कोई और चारा नहीं बचा'-मुरली

मुरली कहते हैं, 'फ‍िल्म 'सुमति वलवु' पर मुझे पूरा भरोसा था। उम्मीद थी कि ये फिल्म जबरदस्त कामयाब होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब मेरी पूरी पूंजी और जिंदगी मेरे हाथों से निकल चुकी है। ऐसा लग रहा है कि जैसे मरने के अलावा अब मेरे पास कोई और चारा नहीं है। इस फ‍िल्म के चलते मुझे लगभग 7 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा। अभिलाष पिल्लई और विष्णु... इन पर भरोसा मत करना। विष्णु को तो दिशा का भी ज्ञान नहीं है। ये सब धोखेबाज हैं और मुझे लगता है कि ये बात सभी को पता होनी चाहिए। इन सबने मुझे धोखा दिया है और मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है। भगवान इन्हें माफ करे।'

ये भी पढ़ेंः 'राजा शिवाजी' में इतिहास के साथ हुई छेड़छाड़? रितेश देशमुख ने दिया आरोपों का जवाब, 'वाघ नख' विवाद पर तोड़ी चुप्पी
रामायण के भरत याद हैं? एक किसान जिसे रामानंद सागर ने बना दिया स्टार, दर्दनाक मौत से हिल गया था पूरा देश

Latest Bollywood News