रितेश देशमुख की अपकमिंग फिल्म 'राजा शिवाजी' का ट्रेलर जारी हो चुका है। मेकर्स ने 20 अप्रैल को फिल्म का ट्रेलर जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। इसे दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है। राजा शिवाजी से रितेश और जेनेलिया के 10 वर्षीय बेटे राहिल भी एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं। इस बीच ट्रेलर के एक सीन को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है। तारीफों के बीच, एक सोशल मीडिया यूजर ने X (पहले ट्विटर) पर ट्रेलर में 'वाघ नख' दिखाए जाने का दावा करते हुए अभिनेता पर महाराष्ट्र के इतिहास का 'अपमान' करने का आरोप लगाया है। अब रितेश देशमुख ने भी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है।
राजा शिवाजी के ट्रेलर में 'वाघ नख' दिखाए जाने पर उठे सवाल
एक इंटरनेट यूजर ने फिल्म 'राजा शिवाजी' के ट्रेलर जारी होने के बाद 'वाघ नख' दिखाए जाने पर सवाल उठाया। पोस्ट में लिखा था, "रितेश देशमुख की फिल्म के ट्रेलर में छत्रपति शिवाजी महाराज को हमले से पहले अफजल खान को खुलेआम वाघ नख दिखाते हुए दिखाया गया है। ऐतिहासिक तथ्य यह है कि वाघ नख छिपाकर रखा जाता था और छत्रपति शिवाजी महाराज ने इसका इस्तेमाल अफजल के हमले के बाद ही किया था। रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराष्ट्र के इतिहास, विरासत और गौरव का अपमान क्यों कर रहे हैं?"
यूजर के सवाल पर
इस पर रितेश ने शांत भाव से जवाब देते हुए लिखा, "आदरणीय महोदय, कृपया 1 मई को फिल्म जरूर देखें... आपके सवाल का जवाब फिल्म में है। मुझे उम्मीद है कि आप अपने दोस्तों और परिवार के साथ फिल्म का आनंद लेंगे। जय शिवराय।" बता दें, कि 'वाघ नख' एक ऐतिहासिक, पंजे के आकार का खंजर है जिसका इस्तेमाल छत्रपति शिवाजी महाराज ने 1659 में प्रतापगढ़ के युद्ध में बीजापुर के सेनापति अफजल खान को मारने के लिए किया था।
राजा शिवाजी: स्टार कास्ट
राजा शिवाजी की स्टारकास्ट की बात करें तो इस पीरियड ड्रामा में रितेश देशमुख लीड रोल में हैं। उनके अलावा इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं और उनके साथ-साथ महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और अमोल गुप्ते जैसे प्रभावशाली कलाकार भी इस अपकमिंग फिल्म में नज आएंगे। जेनेलिया देशमुख भी एक अहम भूमिका में हैं और रितेश-जेनेलिया के बेटे राहिल भी अपना एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं।
राजा शिवाजी: रिलीज डेट
'राजा शिवाजी' 1 मई को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका ट्रेलर 20 अप्रैल को ही जारी किया गया था। जियो स्टूडियोज द्वारा समर्थित इस फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख ने मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले किया है, और संगीत अजय-अतुल ने दिया है।
ये भी पढ़ेंः रामायण के भरत याद हैं? एक किसान जिसे रामानंद सागर ने बना दिया स्टार, दर्दनाक मौत से हिल गया था पूरा देश