1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मोनालिसा को लॉन्च करने की जिम्मेदारी उठाने वाले सनोज मिश्रा पर बनेगी फिल्म, 'सनोज तन्हा सफर' की घोषणा, कड़वी सच्चाई आएगी सामने

मोनालिसा को लॉन्च करने की जिम्मेदारी उठाने वाले सनोज मिश्रा पर बनेगी फिल्म, 'सनोज तन्हा सफर' की घोषणा, कड़वी सच्चाई आएगी सामने

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 24, 2026 01:28 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 01:30 pm IST

डायरेक्टर सनोज मिश्रा पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में हैं। पिछले तीन दशकों से फिल्म जगत में सक्रिय सनोज मिश्रा के जीवन संघर्ष पर आधारित अब एक फिल्म का ऐलान हुआ है, जिसका नाम 'सनोज तन्हा सफर' है।

sanoj mishra- India TV Hindi
सनोज मिश्रा। Image Source : INSTAGRAM/@SANOJMISHRA

महाकुंभ वाली मोनालिसा के साथ 'द डायरी ऑफ मणिपुर' नाम से फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले दिनों सनोज मिश्रा अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर चर्चा में थे, आरोपों के बीच उन्हें जेल तक जाना पड़ा था। महाकुंभ में माला बेचने वाली मोनालिसा को फिल्म के लिए ऑफर करना और उसे एक्टिंग की क्लास देकर फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' का निर्माण करना उस समय थम गया, जब मोनालिसा कथित तौर पर केरल चली गई और बॉयफ्रेंड फरमान खान संग शादी कर ली। सनोज मिश्रा ने इस शादी के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। अब सनोज मिश्रा अपनी जिंदगी पर आने वाली फिल्म को लेकर फिर चर्चा में हैं, जिसका नाम 'सनोज तन्हा सफर' है। हाल ही में इस फिल्म का ऐलान हुआ है।

सनोज मिश्रा की जिंदगी पर फिल्म का ऐलान

सनोज मिश्रा के साथ एसोसिएट के तौर पर काम कर चुके निर्देशक कृपा शंकर सरोज और अभिलाष एस. गुप्ता अब सनोज मिश्रा की कहानी को बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं। खासतौर पर फिल्म में सनोज मिश्रा की जिंदगी के उस हिस्से को दिखाया जाएगा, जब उन्होंने मोनालिसा को हीरोइन बनाने और उसकी जिंदगी को नई दिशा देने का जिम्मा उठाया और बाद में उनकी ये कोशिश उन्हीं के लिए मुश्किल का कारण बन गई। 'सनोज तन्हा सफर' में दिखाया जाएगा कि कैसे उन्हें जेल भेजने के लिए एक लड़की को बहकाकर सनोज पर आरोप लगवाए और बाद में उसी लड़की ने न्यायालय में पैसे लेकर इल्ज़ाम लगाने की बात स्वीकार की और सनोज को न्यायालय ने बाइज्जइत बरी कर दिया गया। फिल्म दिसंबर में फ्लोर पर जाएगी। फिल्म की शूटिंग अधिकतर रियल लोकेशन पर होगी और अधिकांश कलाकार भी रियल लाइफ से जुड़े होंगे।

मोनालिसा को लेकर क्या बोले सनोज मिश्रा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनोज मिश्रा ने कहा, 'जब मैंने इसका विरोध किया तो मोनालिसा, जो मुझे पिता मानती थी, ने ही मेरे खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर केरल में पॉक्सो के तहत केस दर्ज करा दिया। इसके पीछे भी षड्यंत्र रचा गया था उनके पूर्व निर्माता शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने जिनपर सनोज ने 3 करोड़ की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था , फिल्म 'द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल' के समय भी उन पर कई गंभीर केस दर्ज कर जान से मारने की कोशिश की गई थी, उस समय कंगना रनौत ने उनका बचाव किया था।'

मन में आने लगे थे सुसाइड के ख्याल

सनोज मिश्रा ने आगे कहा, 'कई बार मुझे लगा कि मैं सुसाइड कर लूं। सभी आरोपों के चलते मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा। मेरी माता जी भी मानसिक रूप से परेशान हो गईं। यह फिल्म मेरे 35 साल के सफर की है। बचपन से ही बॉलीवुड में आने की ख्वाहिश थी। मैं 35 साल पहले भी तन्हा था, आज भी अकेला हूं। मोनालिसा को बेटी मानता था, उनके परिवार के साथ समय बिताया। लेकिन उसने जो मेरे साथ किया, उससे मेरा करियर प्रभावित हुआ। मेरी जिंदगी खुली किताब है, इसी किताब का हिस्सा है यह फिल्म। मुझ पर इतने आरोप लगे और इतना सब देख लिया कि अब दिल से डर निकल गया है। मैं साधु हूं, आध्यात्मिक इंसान हूं। जनता तक बात पहुंचनी चाहिए, इसलिए इस फिल्म को सामने लाने की कोशिश की जा रही है। फिल्म मेकिंग मेरा व्यवसाय नहीं है, मैं तो फकीर की तरह रहता हूं। मैं खुद इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहा हूं। इसमें ग्लैमर भी है और म्यूजिक का स्कोप भी है।'

ये भी पढ़ेंः शादी के एक महीने बाद ही भाग गईं मोनालिसा, खोजते-खोजते पति केरल से पहुंचा अजमेर, कहानी में आया फिल्मी ट्विस्ट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।