भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाने में कामयाब रही। भारत को अब इस मैच को जीतने के लिए 181 रन बनाने होंगे। न्यूजीलैंड की तरफ से इस मैच में ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने अर्धशतक लगाया।
टीम इंडिया ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए हैं। वैभव सूर्यवंशी इस मैच में खेल रहे हैं, उन्हें ईशान किशन की जगह खेलने का मौका मिला है। मयंक यादव की जगह प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले भारत ने इसी मैदान पर खेले गए पहले टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। पहला टी20 मैच जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही। टीम के शुरुआती तीन विकेट महज 41 रन पर ही गिर गए थे, लेकिन इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने पारी को संभाला। न्यूज़ीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 70 रन बनाए। उनका साथ निभाते हुए बेवन जैकब्स ने 46 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्का लगाकर 58 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा फिन एलन ने 16 रन, टिम सीफर्ट ने 7 रन, डेरिल मिचेल ने 6 रन बनाए। कप्तान मिचेल सैंटनर 4 और ब्रेसवेल 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की तरफ से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।
टॉस के वक्त श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे, क्योंकि ओस एक बड़ी वजह है। खिलाड़ियों को थोड़ा समय मिला है ताकि वे थकान मिटाकर अपनी नींद पूरी कर सकें। सभी खिलाड़ी शारीरिक और मानसिक रूप से एकदम फिट और अच्छे माहौल में हैं। प्लेयर्स के लिए मैदान पर अपना आक्रामक रवैया बनाए रखना बहुत जरूरी है। इस मैच के लिए प्लेइंग XI में दो बदलाव किए गए हैं। ईशान किशन चोटिल होने की वजह से बाहर हैं, उनकी जगह वैभव टीम में आए हैं और वे नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे। इसके अलावा, मयंक की जगह प्रिंस को शामिल किया गया है।
दूसरे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन