A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पत्नी की मौत के बाद 4 साल इंडस्ट्री से रहे दूर, धांसू कमबैक को तैयार एक्टर, बोले- काम मिलना मुश्किल हो गया

पत्नी की मौत के बाद 4 साल इंडस्ट्री से रहे दूर, धांसू कमबैक को तैयार एक्टर, बोले- काम मिलना मुश्किल हो गया

राहुल देव ने अपनी पत्नी के निधन के बाद अपने बेटे की परवरिश के लिए फिल्म इंडस्ट्री से 4 साल का ब्रेक लिया था। अब वापसी के बाद उन्हें काम ढूंढ़ने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

Rahul Dev- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@RAHULDEVOFFICIAL पत्नी की मौत के बाद मशहूर एक्टर का कमबैक

पत्नी रीना देव की कैंसर से मौत के बाद एक्टर राहुल देव ने अपने बेटे की परवरिश पर ध्यान देने के लिए फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी। बॉलीवुड में कई कलाकार ऐसे होते हैं, जो शुरुआत में अपनी कड़ी मेहनत से जबरदस्त नेम-फेम कमाते हैं और बाद में निजी कारणों की वजह चकाचौंध की दुनिया से दूर हो जाते हैं। ऐसे ही बॉलीवुड के मशहूर विलेन हैं राहुल देव, जो खबरों में बने हुए हैं। वह अपने एक नए इंटरव्यू की वजह से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं, जिसमें उन्होंने इंडस्ट्री से 4 साल दूर रहने की वजह बताई और यह भी खुलासा किया कि 80 फिल्मों में काम करने के बाद उनका हाल कैसा है?

4 साल के ब्रेक के बाद काम के लिए तरसे राहुल देव

Hindi Rush के नए पॉडकास्ट में राहुल देव ने बताया कि जब वह साढ़े चार साल बाद काम पर लौटे तो उन्हें काम के मौके ढूंढने में काफी मुश्किल हुई, क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री के लोग उन्हें भूल चुके थे। राहुल ने बताया कि अपनी पत्नी की मौत के बाद सिंगल पेरेंटिंग की चुनौतियों के लिए वह तैयार नहीं थे और उन्होंने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर से निकलने में मदद करने का श्रेय अपने आध्यात्मिक गुरु को दिया। उस समय को बेहद चुनौतीपूर्ण बताते हुए, राहुल ने याद किया कि कैसे उनके गुरु ने उन्हें अपने बेटे को आगे की पढ़ाई के लिए लंदन भेजने के लिए मनाया और उन्हें फिर से काम शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

राहुल देव को भूल गए थे लोग?

उन्होंने बताया, 'जब बिग बॉस से बुलावा आया तो मुझे नहीं लगा था कि मैं इसे करूंगा, लेकिन गुरुजी ने मुझसे कहा- जाओ, तुम्हें कहीं न कहीं से तो शुरुआत करनी ही होगी। इसी तरह धीरे-धीरे चीजें फिर से शुरू हुईं। जब मैं वापस आया तो मुझे काम नहीं मिल रहा था। मैंने 80-81 फिल्में की थीं, लेकिन साढ़े चार साल दूर रहने के बाद ऐसा लगा जैसे अब कोई मुझे जानता भी नहीं है। लोग मुझे भूल चुके थे।'

राहुल देव ने बदलते समय पर कही ये बात

हालांकि, राहुल ने कहा कि उन्हें इस अनुभव को लेकर कोई कड़वाहट नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'मैं किसी को दोष नहीं दे सकता क्योंकि समय बदलता रहता है। मुझे कभी भी लोगों पर दोष डालना पसंद नहीं आया। मुझे हमेशा लगता है कि सबसे जरूरी बात अनुभवों से सीखना है। मुझे इस बात की कोई कड़वाहट नहीं है कि मैंने इंडस्ट्री के लिए इतना कुछ किया और फिर भी मेरे साथ ऐसा हुआ। इंडस्ट्री ने भी मुझे बहुत कुछ दिया है। हालात की वजह से इंडस्ट्री छोड़ना मेरा अपना फैसला था और मुझे इसका कोई अफसोस नहीं है।'

राहुल देव ने अकेले की बेटे की परवरिश 

राहुल ने 1998 में रीना देव से शादी की और इस कपल के घर एक बेटे सिद्धार्थ का जन्म हुआ। हालांकि, शादी के 11 साल बाद 2009 में रीना की कैंसर से मौत हो जाने के बाद राहुल की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। इस घटना के बाद उन्होंने अपने बेटे की परवरिश पर ध्यान देने के लिए लगभग चार साल तक एक्टिंग से दूरी बना ली। राहुल अभी मॉडल-एक्टर मुग्धा गोडसे के साथ रिलेशनशिप में हैं। खबरों के मुताबिक, दोनों ने 2013 में डेटिंग शुरू की थी और तब से वे एक लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में हैं। पिछले साल राहुल को एक और निजी नुकसान झेलना पड़ा, जब उनके भाई मुकुल देव का दिल्ली में 54 साल की उम्र में निधन हो गया।

राहुल देव की आने वाली फिल्में

राहुल अगली बार पंजाबी फिल्म 'मोर सब दा बनूगा' में नजर आएंगे। आशीष कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रिंस कंवलजीत सिंह भी एक अहम भूमिका में हैं। SNH प्रोडक्शंस द्वारा समर्थित यह फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। उनके पास 'वेलकम टू द जंगल' भी पाइपलाइन में है। इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, परेश रावल और अरशद वारसी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

ये भी पढे़ं-

स्मृति ईरानी के शो से TV डेब्यू, रणबीर कपूर-अमिताभ बच्चन संग किया काम, एक्ट्रेस की शादी बनी टॉक ऑफ द टाउन

मंदाना करीमी कौन हैं? 16 साल बाद एक्ट्रेस ने छोड़ा भारत, मौत से लगता है डर, बोलीं- ये बहुत मुश्किल था

Latest Bollywood News