1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. राजपाल यादव के लिए सोनू सूद ने लगाई थी काम की गुहार, भड़के एक्टर तो दूर की गलतफहमी, साफ किए अपने इरादे

राजपाल यादव के लिए सोनू सूद ने लगाई थी काम की गुहार, भड़के एक्टर तो दूर की गलतफहमी, साफ किए अपने इरादे

राजपाल यादव पिछले दिनों चेक बाउंस केस के चलते जेल में बंद थे। ऐसे समय में सोनू सूद ने अभिनेता के लिए काम की गुहार लगाई थी। जिस पर रिएक्ट करते हुए राजपाल नाराजगी जताई। अब सोनू सूद ने अपनी बात साफ शब्दों में जाहिर की है।

Rajpal Yadav- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@RAJPALOFFICIAL/@SONU_SOOD राजपाल यादव, सोनू सूद।

राजपाल यादव को एक पुराने चेक बाउंस केस के चलते फरवरी महीने की शुरुआत में जेल जाना पड़ा था। 9 करोड़ के चेक बाउंस केस के चलते अभिनेता ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था, जिसके बाद फिल्मी दुनिया के कई सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए। बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के जाने-माने एक्टर सोनू सूद भी इस मुश्किल समय में राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए और सोशल मीडिया के जरिए एक्टर के लिए काम की गुहार लगाई। लेकिन, अंतरिम जमानत पर बाहर आते ही राजपाल यादव ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोनू सूद द्वारा अपने लिए काम की गुहार लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें काम की कोई कमी नहीं है। जिस पर अब खुद सोनू सूद ने प्रतिक्रिया दी है।

राजपाल यादव को सोनू सूद का जवाब

सोनू सूद ने हिंदुस्तान टाइम्स से इस पूरे मुद्दे पर बात की और साफ किया कि उन्होंने कभी भी ये नहीं कहा कि राजपाल यादव को काम की जरूरत है। सोनू सूद ने इस पर अपनी बात साफ करते हुए कहा- 'मैं उनके लिए खुश हूं और मैंने कभी नहीं कहा कि उन्हें काम की जरूरत है। मैने बस ये कहा था कि उन्हें साइन करें और एडवांस पेमेंट दे दें, क्योंकि वह इसके लायक हैं।'

क्या बोले थे राजपाल यादव?

राजपाल यादव ने सोनू सूद द्वारा उनके लिए काम की गुहार लगाए जाने पर रिएक्शन देते हुए कहा था- 'उन्हें अपने मन से ये गलतफहमी निकाल देनी चाहिए कि मुझे काम मांगना पड़ता है। मेरे पास काम बहुत है और मुझे काम मांगने में कोई शर्म नहीं है। मैं अपने काम को ही जीता हूं। मिनेमा मेरा शौक ही नहीं है, ये मेरा जुनून है और मेरी रगों में दौड़ता है। मैं ऐसे काम करता हूं कि काम मांगने की जरूरत नहीं पड़ती, काम खुद ही मेरे पास आता है और चार गुना ज्यादा आता है। मैं छुट्टियों में भी काम करना नहीं छोड़ता। पिछले 11 साल से काम साये की तरह मेरे साथ-साथ चल रहा है।'

राजपाल यादव की आने वाली फिल्में

राजपाल यादव ने इसी दौरान कहा था- 'मेरे पास इन दिनों प्रियदर्शन की दो फिल्में हैं, भूत बंगला और हैवान। इसके अलावा दो वेब सीरीज भी हैं, जिसमें मैं नजर आऊंगा और दो और फिल्में कर रहा हूं।' बता दें, राजपाल यादव ने हाल ही में अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है। उन्होंने खुद एक वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी थी। 

अंतरिम जमानत पर राजपाल यादव

बता दें, फरवरी की शुरुआत में राजपाल यादव ने  तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। 12 रातें जेल में काटने के बाद अभिनेता को 17 फरवरी को अंतरिम जमानत पर रिहाई मिली। राजपाल यादव 18 मार्च तक अंतरिम जमानत पर बाहर रहेंगे। 17 फरवरी को कड़कड़डूमा कोर्ट ने रिहाई वारंट जारी किया, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया।

ये भी पढ़ेंः अक्षय कुमार की भूतिया होली, डराने आई चुड़ैल को मला रंग, सबसे अलग और खास अंदाज में दी बधाई
90s की 'फेयर एंड लवली गर्ल', जिनसे नफरत करते थे नाना पाटेकर, करियर के पीक पर छोड़ी थी इंडस्ट्री

Latest Bollywood News