डायरेक्टर नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' की टीम ने 5 नवंबर को फिल्म की रिलीज से पहले इसका नया इंटरनेशनल ट्रेलर जारी कर दिया है। इस नए ट्रेलर में फिल्म के कुछ नए दृश्य दिखाए गए हैं, जिनमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश नजर आ रहे हैं। नए ट्रेलर में रणबीर श्रीराम की भूमिका में राक्षसों की सेना से लड़ते नजर आ रहे हैं और असुर राज रावण का भी कोहराम देखने को मिल रहा है। इसी के साथ राम के रूप में रणबीर कपूर और लंकापति रावण की भूमिका में यश के नए पोस्टर भी जारी किए गए हैं। ये ट्रेलर दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने की मेकर्स की प्रतिबद्धता को दिखाता है। हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में उपलब्ध ये ट्रेलर भगवान राम और रावण की अलग-अलग दुनिया को दिखाता है।
रामायण का दूसरा ट्रेलर रिलीज
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित 'रामायण' के नए ट्रेलर में कुणाल कपूर भगवान इंद्र देव के रूप में नजर आ रहे हैं। इसमें यह भी दिखाया गया है कि कैसे रावण ने लंका पर कब्जा किया था। इस इंटरनेशनल ट्रेलर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और सीता के रूप में साई पल्लवी की नई झलकियां भी देखने को मिलती हैं। ट्रेलर में राम, तीनों लोगों के सामने रावण का वध करने की शपथ लेते हैं। दूसरी ओर रावण खुद को तीनों लोकों का सर्वोच्च शासक बताता है, जिसे ब्रह्मा से वरदान प्राप्त है और मनुष्य उसके खौफ से कांप रहे हैं।
बेंगलुरु में रखा गया ट्रेलर लॉन्च इवेंट
'रामायण' के निर्माताओं ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को बेंगलुरु में एक बड़े कार्यक्रम में फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर जारी किया। इस लॉन्च इवेंट में फिल्म की मुख्य कास्ट और क्रिएटिव टीम शामिल हुई। इसके साथ ही सोनी पिक्चर्स ने इस महाकाव्य की दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज से पहले अपना ग्लोबल कैंपेन शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रॉकिंग स्टार यश, रवि दुबे, संगीतकार ए.आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी मौजूद थे। सोनी पिक्चर्स इस ग्लोबल कैंपेन का नेतृत्व कर रहा है, जिसका मकसद भारत के बाहर के दर्शकों तक 'रामायण' को पहुंचाना है। इससे पहले मेकर्स ने इस नए ट्रेलर का प्रोमो जारी किया था, जिसके 'भगवान नहीं, इंसान हैं राम', डायलॉग ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
'रामायण' की रिलीज के बारे में सब कुछ
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। इस भव्य फिल्म का हिस्सा अनुपम खेर भी हैं। वे जटायु को अपनी आवाज देंगे, जटायु ने सीता को रावण के चंगुल से बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण' को नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म दो भागों में आएगी, जिसका पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान रिलीज किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः 75 की उम्र में भी रजनीकांत का स्टारडम बरकरार, बॉक्स ऑफिस पर मचाया बवंडर, पहले ही दिन 50 करोड़ का आंकड़ा किया पार
Latest Bollywood News