1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 75 की उम्र में भी रजनीकांत का स्टारडम बरकरार, बॉक्स ऑफिस पर मचाया बवंडर, पहले ही दिन 50 करोड़ का आंकड़ा किया पार

75 की उम्र में भी रजनीकांत का स्टारडम बरकरार, बॉक्स ऑफिस पर मचाया बवंडर, पहले ही दिन 50 करोड़ का आंकड़ा किया पार

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 16, 2026 06:01 am IST,  Updated : Oct 16, 2026 06:22 am IST

रजनीकांत की 'जेलर 2' ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की। शाम 6 बजे तक फिल्म ने भारत में 33.48 करोड़ रुपये नेट कमाए और पहले दिन के खत्म होते-होते तक इसने 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।

Rajinikanth - India TV Hindi
रजनीकांत। Image Source : SUNPICTURES INSTAGRAM

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी बादशाहत साबित करते नजर आ रहे हैं। 75 साल की उम्र में भी उनकी लोकप्रियता का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' ने गुरुवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दी और रिलीज के पहले ही दिन शानदार शुरुआत की। फिल्म की एडवांस बुकिंग से पहले ही बड़े ओपनिंग कलेक्शन के संकेत मिलने लगे थे। अब शुरुआती आंकड़ों ने इन अनुमानों को और मजबूत कर दिया है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की सूची में जगह बना चुकी है।

'जेलर 2' की एडवांस बुकिंग ने पहले ही बना दिया था माहौल

'जेलर 2' की भारत में एडवांस बुकिंग 10 अक्टूबर से शुरू हुई थी, जबकि कुछ विदेशी बाजारों में टिकटों की बिक्री इससे एक दिन पहले ही शुरू हो गई थी। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह साफ नजर आया। 14 अक्टूबर तक फिल्म की दुनियाभर में एडवांस बुकिंग से 80 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं भारत में पहले दिन के लिए करीब 18 लाख टिकटों की बिक्री हुई, जिससे लगभग 37 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया गया। टिकटों की इस जबरदस्त बिक्री ने फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी थीं। रजनीकांत की लोकप्रियता, फिल्म के पहले भाग की सफलता और इस बार शामिल किए गए बड़े सितारों के कैमियो ने भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

पहले दिन 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई

शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, 'जेलर 2' ने रिलीज के दिन शाम 6 बजे तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 33.48 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था। इस आंकड़े ने साबित कर दिया था कि फिल्म पहले दिन ही तगड़ी कमाई करने वाली है। अब फिल्म के पहले दिन की कमाई के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, जिसके अनुसार ओपनिंग डे पर फिल्म ने 59.70 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है और फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 70.25 करोड़ है। वहीं दुनियाभर में पहले दिन रजनीकांत की फिल्म ने 125.25 करोड़ का कलेक्शन किया है। शुरुआती रुझानों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा था कि फिल्म पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर सकती है, जो अब सच साबित हो चुका है। फिल्म की कमाई के ये आंकड़े इसे तमिल सिनेमा की कई चर्चित फिल्मों से आगे रखते हैं। पहले भाग 'जेलर' की तुलना में भी सीक्वल ने मजबूत शुरुआत के संकेत दिए थे।

'लियो' और 'कूली' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई फिल्म

तमिल सिनेमा में पहले दिन 50 करोड़ रुपये नेट से ज्यादा की कमाई करना बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। अब तक विजय की 'लियो', रजनीकांत की 'कूली' और '2.0' जैसी फिल्मों ने इस स्तर के ओपनिंग कलेक्शन दर्ज किए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 'लियो' और 'कूली' ने पहले दिन लगभग 65 करोड़ रुपये नेट, जबकि '2.0' ने करीब 60 करोड़ रुपये नेट कमाए थे। 'जेलर 2' इस बड़े आंकड़े से महज इंच भर ही दूर रह गई। इसके बावजूद फिल्म ने 'बीस्ट', 'गोट', 'जना नायकन' और 'विक्रम' जैसी फिल्मों के ओपनिंग कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 

दमदार स्टारकास्ट और बड़े कैमियो ने बढ़ाया आकर्षण

सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी 'जेलर 2' में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस बार उनका सामना नए दुश्मनों से है। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है। फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक ने पहले भाग से अपने किरदारों को दोहराया है। वहीं एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, विद्या बालन, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा ऋतिक रोशन, मोहनलाल, शिवा राजकुमार और जैकी श्रॉफ के कैमियो ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाई है। करीब 2 घंटे 45 मिनट की इस फिल्म को यूए 16+ प्रमाणन मिला है। फिल्म का क्लाइमेक्स चर्चा में है, जिसमे विजय सेतुपति ने आग लगा दी है।

ये भी पढ़ें: 'भगवान नहीं, इंसान हैं राम', 'रामायण' के इंटरनेशनल प्रोमो के डायलॉग ने खींचा ध्यान, विदेश में पेश होगा नया नजरिया

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।