1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2026 के पदक विजेताओं से पीएम मोदी ने की मुलाकात, महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

Asian Games 2026 के पदक विजेताओं से पीएम मोदी ने की मुलाकात, महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 15, 2026 05:13 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 05:42 pm IST

जापान में हुए एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन काफी शानदार देखने को मिला था, जिसमें कुल 85 पदक जीतने में कामयाबी मिली थी, जिसके बाद आज पीएम मोदी ने सभी पदक विजेताओं के साथ मुलाकात करते हुए उन्हें बधाई दी है।

भारतीय महिला हॉकी टीम...- India TV Hindi
भारतीय महिला हॉकी टीम ने की पीएम मोदी से मुलाकात। Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अक्टूबर को राजधानी नई दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में पदक विजेताओं के साथ मुलाकात की। इस बार एशियन गेम्स के लिए पहली बार भारत की तरफ से 301 खिलाड़ियों का दल हिस्सा लेने पहुंचा था, जिसमें कुल 85 पदक जीतने में कामयाबी मिली थी और मेडल टैली में भारत ने टॉप-5 में रहते हुए खत्म किया था। पहली बार 44 सालों में एशियन गेम्स के इतिहास में भारत की महिला और पुरुष हॉकी टीम गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहीं तो वहीं क्रिकेट में महिला और पुरुष टीम ने फिर से गोल्ड पर कब्जा किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में कुल 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे। पीएम मोदी ने इस दौरान खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि एशियन गेम्स में हमारी सफलता देश के बदलते मिजाज का भी उदाहरण है। यह उदाहरण है कि कैसे देश का युवा हर बुलंदी को छूने के लिए उतारू है और ऐसा कोई लक्ष्य नहीं है, जो हमारे युवा शक्ति के सामर्थ्य के बाहर हो।

पदक वीरों के साथ मिलना मामूली बात नहीं

एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं के साथ मुलाकात करने के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पदक वीरों के साथ मिलना मामूली बात नहीं है, आप सभी ने देश के मान को बढ़ाया है। चैंपियंस को पूरे देश की तरफ से आप सभी को बधाई। जुनून जब जीत में बदलता है तो मेडल पक्का है। खिलाड़ियों ने तिरंगे की शान और मान को बढ़ाया है। आपके कोच, आपके सपोर्ट स्टाफ और आपके परिवार का भी मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं। आज हमारे पूर्व राष्ट्रपति कलाम जी की जन्म जयंती भी है। मैं उन्हें भी सादर नमन करता हूं। इस बार एशियाड कई मायनों में यादगार रहा हमारे हॉकी की दोनों टीमों ने इस बार गोल्ड मेडल जीता खासकर हमारी महिला हॉकी टीम ने गोल्ड लाकर 44 साल लंबे इंतजार को खत्म किया है। कबड्डी में भी हमारी दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीता।

यह नए भारत की सशक्त तस्वीर है

पीएम मोदी ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के साथ मुलाकात में आगे महिला एथलीटों के शानदार प्रदर्शन का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि मैं अपनी बेटियों का खासतौर पर सराहना करना चाहता हूं, जिसमें हमने जो 85 मेडल जीते हैं उसमें से 38 पदक हमारी महिला एथलीट्स जीतने में कामयाब रहीं जिसमें 11 गोल्ड मेडल शामिल हैं। ये मेडल सिर्फ एक संख्या नहीं बल्कि यह नए भारत की सशक्त तस्वीर है। हम एशियन गेम्स में ऐसे खेलों में भी मेडल जीते हैं जिसमें हम इससे पहले इतिहास में कभी नहीं जीते थे, जिसमें एमएमए, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग के कुछ इवेंट्स शामिल हैं।

पीएम मोदी ने दिलाया खिलाड़ियों को संकल्प

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों को संकल्प भी दिलाया जिसमें पीएम ने कहा कि मैं कुछ संकल्प रखूंगा और आपको कहना है- वी विल डू इट, हर मैदान पर तिरंगे की शान, खेलों में भारत की नई पहचान, हर खेल में नए चैंपियन, हमारे नाम और नए रिकॉर्ड्स।

सपने एक दिन में पूरे नहीं होते

पदक विजेताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सपने एक दिन में पूरे नहीं होते हैं इसके लिए आपको कई सालों तक धैर्य के साथ कड़ी मेहनत को जारी रखना होता है। देश में पिछले 12 सालों में काफी धैर्य के साथ अपने खेल कल्चर को लेकर काम किया है। पहले काफी गिने चुने पदक आते थे और उसमें भी कई ऐसे खेल होते थे जिसमें हम हिस्सा ही नहीं लेते थे। ओलंपिक जैसा इवेंट होता था और आधे से ज्यादा खेलों में हमारा कोई प्रतिनिधित्व ही नहीं होता था, ऐसे में जब हम उन खेलों में हिस्सा ही नहीं लेंगे तो पदक कहां से आएंगे। हमने संकल्प लिया कि हम इस निराशावादी मानसिकता को हटाएंगे और अब हम इसका नतीजा भी देख रहे हैं, जिसमें अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेन के साथ पदक जीतने में भी कामयाबी मिल रही है।

महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने पहुंची भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम ने उनको जर्सी भेंट की। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल मुकाबले में चीन की टीम को 1-0 से मात देने के साथ पदक अपने नाम किया था, जिसके साथ ही वह साल 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक गेम्स के लिए भी अपनी जगह पक्की करने में कामयाब हो गई थी। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना गोल्ड मेडल मैच में मलेशिया की टीम से हुआ था और उन्होंने 5-1 के अंतर से जीत हासिल करते हुए पदक जीतने के साथ ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई कर लिया।

यह भी पढ़ें

पीएम मोदी ने वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन के प्रतिभागियों से की मुलाकात, कौशल विकास की दिशा में किए जा रहे काम पर की बात

भारत में खेलने से मना करने पर टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम का हुआ टाटा बाय-बाय, बांग्लादेश को मिली जगह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।