1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA vs AUS दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, ट्रिस्टन स्टब्स की हो गई छुट्टी

SA vs AUS दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, ट्रिस्टन स्टब्स की हो गई छुट्टी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 15, 2026 01:07 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 01:07 pm IST

साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 अक्टूबर से गकेबरहा में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित की है। टीम में एक बदलाव किया गया है।

SA vs AUS- India TV Hindi
साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान Image Source : AFP

साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 214 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब सीरीज में वापसी करने के इरादे से उतरने वाली मेजबान टीम ने दूसरे टेस्ट के लिए अपने 17 खिलाड़ियों के दल का ऐलान कर दिया है। टीम में एक बदलाव किया गया है। धाकड़ बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके की स्क्वाड में एंट्री हो गई है। बता दें, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से खेला जाएगा। टेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली टीम पहले टेस्ट में मिली हार को पीछे छोड़कर सीरीज में बराबरी हासिल करना चाहेगी।

ट्रिस्टन स्टब्स की जगह ब्रीट्जके को मौका

साउथ अफ्रीका के सिलेक्टर्स ने दूसरे टेस्ट के लिए घोषित टीम में मैथ्यू ब्रीट्जके को शामिल किया है। वह ट्रिस्टन स्टब्स की जगह लेंगे। इसके अलावा विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रयान रिकेल्टन को सौंपी गई है। वहीं, बाएं हाथ के बल्लेबाज टोनी डी जोरजी सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। वह बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल करने पर विचार नहीं किया गया। साउथ अफ्रीका के लिए यह मुकाबला काफी अहम होगा। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 1-0 से आगे है। ऐसे में मेजबान टीम को सीरीज में बने रहने के लिए दूसरे टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की टीम: टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्कस एकरमैन, डेविड बेडिंघम, मैथ्यू ब्रीट्जके, कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, साइमन हार्मर, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मारक्रम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन और काइल वेरेन।

कब और कहां खेले जाएंगे दूसरा और तीसरा टेस्ट?

सीरीज का पहला टेस्ट 9 से 13 अक्टूबर तक डरबन में खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 214 रन से जीत दर्ज की। दूसरा टेस्ट 18 से 22 अक्टूबर तक गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में होगा। वहीं, सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट 27 से 31 अक्टूबर तक केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम जहां अपनी बढ़त मजबूत करने उतरेगी, वहीं साउथ अफ्रीका की नजरें दूसरे टेस्ट में जीत के साथ सीरीज को बराबरी पर लाने पर होंगी।

यह भी पढ़ें:

हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए श्रीलंका ने किया टीम का ऐलान, तीसरी बार खिताब जीतने पर नजर

लॉर्ड्स की विवादित पिच पर चला MCC का हथौड़ा, 2-3 सीजन तक नहीं होगा इस्तेमाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।