बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन और साउथ एक्ट्रेस श्रीलीला की आने वाली रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म की रिलीज एक बार फिर आगे बढ़ गई है। अनुराग बसु के निर्देशन में बन रही इस अनटाइटल्ड फिल्म का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है, लेकिन इसकी रिलीज डेट लगातार चर्चा में बनी हुई है। पहले यह फिल्म 2025 में रिलीज होने वाली थी, फिर इसके 2026 में सिनेमाघरों में आने की अटकलें लगाई गईं। अब मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि फिल्म 30 अप्रैल 2027 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। ऐसे में कार्तिक और श्रीलीला की नई जोड़ी को देखने के लिए फैंस को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
तीसरी बार बदली रिलीज की चर्चा, अब 2027 पर टिकी नजरें
कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की इस फिल्म को लेकर शुरुआत से ही उत्सुकता रही है। अनुराग बसु के निर्देशन और भूषण कुमार के प्रोडक्शन में बन रही यह रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म पहले 2025 में रिलीज होने वाली थी। हालांकि, तय समय पर फिल्म सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ऐसी चर्चा थी कि फिल्म 2026 में रिलीज हो सकती है, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी रिलीज के लिए 30 अप्रैल 2027 की तारीख तय की है। फिल्म की रिलीज आगे बढ़ने से दर्शकों को इस नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। हालांकि, मेकर्स ने रिलीज में बदलाव की वजह स्पष्ट नहीं की है। फिल्म का आधिकारिक नाम भी अभी सामने नहीं आया है।
कार्तिक-श्रीलीला की जोड़ी की पहली झलक आई सामने
रिलीज डेट की घोषणा के साथ मेकर्स ने फिल्म से कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की एक नई तस्वीर भी साझा की है। तस्वीर में दाढ़ी वाले कार्तिक श्रीलीला को गंभीर नजरों से देखते दिखाई दे रहे हैं, जबकि श्रीलीला की नजरें नीचे की ओर हैं। इस झलक ने फिल्म के रोमांटिक अंदाज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म कार्तिक और श्रीलीला की पहली ऑनस्क्रीन साझेदारी होगी। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों को इसके टाइटल, ट्रेलर और अन्य अपडेट का इंतजार रहेगा।
तृप्ति डिमरी के नाम पर भी हुई थी चर्चा
फिल्म की कास्टिंग को लेकर पहले तृप्ति डिमरी का नाम भी सामने आया था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वह फिल्म में फीमेल लीड की भूमिका निभा सकती हैं, लेकिन बाद में उनके इस प्रोजेक्ट से बाहर होने की खबरें आईं। कुछ अटकलों में इसे फिल्म 'एनिमल' में उनके किरदार से जोड़कर देखा गया था। हालांकि निर्देशक अनुराग बसु ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि तृप्ति की इमेज कास्टिंग में बदलाव की वजह नहीं थी। उन्होंने बताया कि तारीखों का तालमेल न बैठ पाना इसकी मुख्य वजह था, क्योंकि तृप्ति पहले से विशाल भारद्वाज की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थीं।
'नागजिला' में व्यस्त हैं कार्तिक आर्यन
वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन इन दिनों 'नागजिला' की शूटिंग कर रहे हैं। उन्हें फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है, जिसे लेकर वो सीधे बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे।। वहीं, अनुराग बसु की इस अनटाइटल्ड रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म से जुड़ी नई जानकारियों का इंतजार है। फिलहाल इतना तय है कि कार्तिक और श्रीलीला की जोड़ी 30 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में नजर आएगी।
ये भी पढ़ें: 'नई नवेली' या 'प्रहार', एडवांस बुकिंग में कौन आगे? यामी गौतम ने राजकुमार राव को दी मात