1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. दिवाली पर पटाखों को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा निर्देश, पूरे राज्य में सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर पटाखे फोड़ने पर रोक

दिवाली पर पटाखों को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा निर्देश, पूरे राज्य में सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर पटाखे फोड़ने पर रोक

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 15, 2026 05:22 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 05:34 pm IST

बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर बड़ा निर्देश दिया है। हाई कोर्ट ने राज्यभर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगा दी है। आइए जानते हैं कोर्ट के इस फैसले के बारे में।

maharashtra firecrackers ban Bombay High Court - India TV Hindi
पटाखें जलाने को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का निर्देश। Image Source : ANI/PTI

दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान ध्वनि एवं वायु प्रदूषण पर गंभीर रुख अपनाते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला किया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने पूरे महाराष्ट्र में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, हाई कोर्ट की ओर से पटाखों के निर्माण और बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इसके साथ ही कोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि कोर्ट के आदेश को सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

डीजे, लाउडस्पीकर, लेजर लाइट पर भी निर्देश

बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की खंडपीठ ने आज गुरुवार को सुनवाई के दौरान डीजे, लाउडस्पीकर, डॉल्बी साउंड सिस्टम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंधों को लेकर निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर नियमावली तैयार करने और उसे सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।

जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश

बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान इस बात को स्पष्ट किया है कि पटाखों के निर्माण और बिक्री से कई गरीब परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। इसलिए इस व्यवसाय पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा रहा है। हालांकि, पटाखे निर्धारित और उचित स्थानों पर ही फोड़े जाएं, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। अदालत ने प्रशासन को हरित पटाखों के इस्तेमाल और पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। इसके लिए सेलिब्रिटीज की मदद लेने का सुझाव भी दिया गया है।

निर्देश केवल इस साल दिवाली तक सीमित नहीं

बॉम्बे हाई कोर्ट ने अपने फैसले को लेकर यह भी स्पष्ट किया कि ये निर्देश केवल इस साल दिवाली तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि भविष्य में भी इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा विस्तृत आदेश की कॉपी आने के बाद नियम और गाइडलाइन पर और अधिक जानकारी मिलेगी।

सुप्रीम कोर्ट में भी हुई थी सुनवाई

आपको बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में भी पटाखों पर बैन लगाने को लेकर सुनवाई हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पूरे देश में पटाखों पर पूरी तरह रोक लगाने से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि वह देशभर में पूरी तरह बैन के पक्ष में नहीं है। लेकिन साथ ही 24 घंटे पटाखे जलाने की इजाजत भी नहीं दी जा सकती, क्योंकि इससे बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों को परेशानी होती है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में सूखे के बीच भजन कार्यक्रम में बीजेपी नेता पर हुई नोटों की बारिश; सिंगर के साथ डांस करते नजर आए

रक्तदान शिविर में बांटी गईं घड़ियां तो FDA ने कर दी कार्रवाई, मुंबई के तीन ब्लड बैंकों के लाइसेंस निलंबित

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।