1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'राहुल गांधी देश के दुश्मनों से मिल गए हैं...', प्रशांत भूषण के 'रिजीम चेंज' वाले बयान के बाद भड़की भाजपा

'राहुल गांधी देश के दुश्मनों से मिल गए हैं...', प्रशांत भूषण के 'रिजीम चेंज' वाले बयान के बाद भड़की भाजपा

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 15, 2026 10:44 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 10:55 pm IST

प्रशांत भूषण की ओर से भारत में रिजीम चेंज करने के बयान दिए जाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। इस बयान के बाद भाजपा भड़क उठी है और राहुल गांधी पर देश के दुश्मनों से मिल जाने का आरोप लगाया है।

prashant bhushan rahul gandhi BJP regime change- India TV Hindi
राहुल गांधी पर भड़की भाजपा। Image Source : PTI

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दल SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, गुरुवार को वकील प्रशांत भूषण ने एक ऐसा बयान दे दिया है जिससे हंगामा खड़ा हो गया। प्रशांत भूषण ने गुरुवार को खुलकर कहा कि उनका मकसद भारत में रिजीम चेंज करना है और इसके लिए जो करना पड़ेगा वो करेंगे। प्रशांत भूषण के इस बयान के बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा ने कहा है कि राहुल गांधी देश के दुश्मनों से मिल गए हैं।

प्रशांत भूषण ने क्या कहा?

दरअसल, गुरुवार को प्रशांत भूषण, नेहा बोरा और अभिजीत दिपके के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए। नेहा बोरा और अभिजीत दिपके ने तो तख्तापलट को लेकर कुछ नहीं बोला लेकिन जैसे ही प्रशांत भूषण के बोलने की बारी आई, उन्होंने खुलकर अपने इरादे जाहिर किए। प्रशांत भूषण ने कहा कि सरकार कुछ भी कर ले, वो पीछे नहीं हटेंगे, अब उनकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता, वो अब रिजीम चेंज करके ही रहेंगे।

भारत को पाकिस्तान-बांग्लादेश नहीं बनने देंगे- BJP

प्रशांत भूषण के बयान पर भाजपा का तुरंत रिएक्शन आया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी की आंदोलनकारी टोली का मकसद अब खुलकर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि  SIR तो सिर्फ बहाना है, राहुल गांधी का असली टारगेट किसी तरह सत्ता पर काबिज होना है। संबित पात्रा ने कहा कि इसके लिए राहुल किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। भाजपा कभी भी भारत को पाकिस्तान या बांग्लादेश नहीं बनने देगी।

राहुल देश के दुश्मनों से मिल गए हैं- संबित पात्रा

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल देश के दुश्मनों से मिल गए हैं। वो सोच रहे हैं, जंतर मंतर से जो ड्रामा उन्होंने शुरू किया है उसके क्लाइमैक्स में प्रधानमंत्री की कुर्सी राहुल को मिल जाएगी, तो ये मुंगेरीलाल के सपनों से ज्यादा कुछ नहीं है। संबित पात्रा ने कहा कि हिंसा, अराजकता के जरिए कुर्सी हथियाने की राहुल की नई ट्रिक कोई काम नहीं आने वाली है।

दिल्ली प्रोटेस्ट की प्रेरणा बांग्लादेश से मिली- नेहा बोरा

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रोटेस्ट पर गुरुवार को एक और नया विवाद हुआ। AISA प्रेसिडेंट नेहा बोरा ने दिल्ली के प्रोटेस्ट को बांग्लादेश में हुए तख्तापलट से कंपेयर कर दिया। नेहा बोरा ने कहा कि दिल्ली में जिस तरह GEN-Z सड़क पर उतरे, ये ठीक वैसा ही था जैसे बांग्लादेश में GEN-Z ने क्रांति की थी। नेहा बोरा ने ये भी कहा कि दिल्ली प्रोटेस्ट की प्रेरणा उन्हें बांग्लादेश से मिली। आपको बता दें कि राहुल गांधी ने जब सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला तब नेहा बोरा उनके साथ थी। राहुल की चाय पार्टी में भी नेहा बोरा को बुलाया गया था। उसी नेहा बोरा ने नौजवानों को बांग्लादेश मॉडल समझाया तो भाजपा ने नेहा बोरा के जरिए राहुल गांधी पर सवाल उठाया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि वो पहले दिन से कह रहे हैं कि राहुल गांधी का मकसद हिंसा के जरिए सत्ता हासिल करना है। अब ये बात खुलकर सामने आ चुकी है। राहुल का बांग्लादेश मॉडल एक्सपोज हो चुका है लेकिन राहुल भूल गए हैं कि ये हिंदुस्तान है, यहां ये सब चलने वाला नहीं है।

ये भी पढ़ें- तिहाड़ में CJP नेताओं की पहली रात बेचैनी में गुजरी, जमीन पर दो कंबल बिछाकर सोए सौरव दास और आशुतोष रांका

कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद, अभिजीत दिपके करने वाले थे प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस बोली- 'धारा 163 लागू है'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।