1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जेएनयू की 11 छात्राओं के आरोप से गरमाई सियासत, बिमोल पर BJP का बड़ा हमला; राहुल-प्रियंका से पूछे सवाल

जेएनयू की 11 छात्राओं के आरोप से गरमाई सियासत, बिमोल पर BJP का बड़ा हमला; राहुल-प्रियंका से पूछे सवाल

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 15, 2026 09:24 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 09:24 pm IST

जेएनयू की 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की और राहुल-प्रियंका गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।

JNU Sexual Harassment Case, Angomcha Bimol Akoijam, BJP Targets Congress- India TV Hindi
बीजेपी ने कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर आरोपों को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सवाल पूछे हैं। Image Source : PTI

Highlights

  • बीजेपी की महिला सांसदों ने ओम बिरला से मुलाकात कर बिमोल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
  • बांसुरी स्वराज ने राहुल-प्रियंका पर निशाना साधा, कांग्रेस पर आरोपी सांसद को मौन समर्थन देने का आरोप लगाया।
  • कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए, और उनसे करीब 2 घंटे पूछताछ हुई।

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से बर्खास्त किए गए प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी की महिला सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर कांग्रेस सांसद के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। बीजेपी सांसदों ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि 11 छात्राओं की ओर से यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व चुप है।

'सांसद की सदस्यता पर विचार करें स्पीकर'

लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद बीजेपी सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति का सांसद बने रहना संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष को इस मामले में सांसद की सदस्यता पर विचार करना चाहिए। बीजेपी की महिला सांसदों ने बिमोल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

राहुल-प्रियंका की चुप्पी को लेकर सवाल

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह महिलाओं के अधिकारों को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद बिमोल के मामले में उनकी जुबान नहीं खुल रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के बड़े नेताओं ने भी इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। बांसुरी ने कहा कि सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी से पार्टी का रवैया सामने आ गया है।

'कांग्रेस सहूलियत की राजनीति कर रही है'

लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद बीजेपी की महिला सांसदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इसमें बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपनी सुविधा के हिसाब से मुद्दों पर बोलते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि कांग्रेस किस तरह सहूलियत की राजनीति करती है। बीजेपी सांसदों का आरोप है कि कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे अपने सांसद को मौन समर्थन देने जैसी है।

दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए कांग्रेस सांसद

इस बीच, कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल गुरुवार देर शाम दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए। पुलिस ने उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के सामने पेश होने से पहले बिमोल ने मीडिया से बात करते हुए खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक मंशा से प्रेरित करार दिया। साथ ही कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और जल्द ही सच सबके सामने आ जाएगा।

11 छात्राओं ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

बिमोल के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच 11 छात्राओं की शिकायतें भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। आरोप है कि प्रोफेसर अकादमिक मूल्यांकन और मौखिक परीक्षा (वाइवा) में अच्छे नंबर देने के बदले छात्राओं से यौन संबंध बनाने की मांग करते थे। यह भी आरोप है कि वह छात्राओं को वाइवा के लिए आधी रात तक कैंपस में अपने घर बुलाते थे और बातचीत के दौरान दोहरे अर्थ वाले शब्दों का इस्तेमाल करते थे।

एक छात्रा के संदेश के बाद सामने आईं लड़कियां

बताया गया है कि एक छात्रा ने प्रोफेसर के कथित व्यवहार के बारे में अपने व्हाट्सऐप ग्रुप में जानकारी साझा की थी। इसके बाद अन्य छात्राएं भी सामने आईं और उन्होंने अपने साथ हुई कथित घटनाओं के बारे में बताया। इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल, मामले ने यूनिवर्सिटी और राजनीतिक गलियारों में बहस छेड़ दी है। जिस समिति ने प्रोफेसर को दोषी पाया, उसमें वामपंथी छात्र संगठन से जुड़े लोग भी शामिल थे। आरोप है कि समिति में मौजूद कुछ लोगों ने प्रोफेसर को बचाने की भी कोशिश की थी।

ये भी पढ़ें: 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप, BJP की महिला नेताओं ने राष्ट्रपति से की कांग्रेस सांसद को हटाने की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।