1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद, अभिजीत दिपके करने वाले थे प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस बोली- 'धारा 163 लागू है'

कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद, अभिजीत दिपके करने वाले थे प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस बोली- 'धारा 163 लागू है'

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 15, 2026 07:50 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 08:35 pm IST

दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क को 2 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को इसी पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।

delhi connaut place central park closed- India TV Hindi
दिल्ली का सेंट्रल पार्क बंद किया गया। Image Source : PTI/ANI

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने एक बार फिर से दिल्ली में पदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने वीडियो मैसेज जारी किया है और शुक्रवार 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आने की अपील की है। उन्होंने इस प्रदर्शन का नाम- 'लहरा दो तिरंगा' रखा है। हालांकि, इस प्रदर्शन से पहले ही गुरुवार को सूचना जारी की गई है कि दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों (शुक्रवार और शनिवार) के लिए बंद कर दिया गया है। ये फैसला भिजीत दिपके के लिए एक और झटका माना जा रहा है।

प्रशासनिक कारणों का हवाला

दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को बंद किए जाने को लेकर नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल के निदेशक की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन में कहा गया है- "प्रशासनिक कारणों से, 16 अक्टूबर 2026 और 17 अक्टूबर 2026 को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क आम जनता के लिए बंद रहेगा।"

दिल्ली पुलिस ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार 16 अक्टूबर की शाम CJP की तिरंगा यात्रा की घोषणा से पहले एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि, NDMC ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'लहरा दो तिरंगा' मार्च के मद्देनजर सेंट्रल पार्क के पास पर्याप्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया है।

DCP PRO नेहा यादव ने कहा- "16 अक्टूबर 2026 को CJP ने जनता से अपील की है कि वे शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा हो और अपने साथ तिरंगा झंडा लेकर आए। आम आदमी पार्टी ने भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और बड़ी संख्या में वहां पहुंचने के लिए अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता से अपील की है। मौजूदा सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की जान तथा सरकारी और निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश पहले से ही लागू है। NDMC ने भी दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। NDMC ने दिल्ली पुलिस से यह भी अनुरोध किया है कि इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील सार्वजनिक पार्क की सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं और किसी भी अनऑथराइज्ड व्यक्ति को पार्क में प्रवेश ना करने दिया जाए। कनॉट बेस और उसके आसपास के बाजारों के विभिन्न व्यापारिक एवं मार्केट एसोसिएशनों ने अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को उपद्रवी तत्व और गैरकानूनी जमावड़े से सुरक्षित रखने के लिए आवेदन पत्र दिए हैं। दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों और आम जनता से अपील करती है कि वे ऐसी किसी भी सभा में शामिल ना हो जो फिलहाल लागू बीएनएसएस की धारा 163 के आदेश का उल्लंघन करती हो। यह ध्यान रखें कि धारा 163 के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

डीसीपी पीआरओ नेहा यादव ने आगे कहा- "राष्ट्रीय ध्वज को ले जाते समय या उसके साथ चलते समय, और राष्ट्रगान गाते समय, तय नियमों का पालन करना चाहिए। तिरंगे और राष्ट्रगान, दोनों के प्रति पूरा सम्मान, गरिमा और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। दिल्ली पुलिस एक बार फिर सभी से अपील करती है कि वे शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, और हर संभव तरीके से पुलिस का साथ दें।"

हर संभव कदम उठाएंगे- दिल्ली पुलिस

आपको बता दें कि CJP के प्रदर्शन के खिलाफ गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई भी हुई है। कनॉट प्लेस स्ट्रीट वेंडर्स ने ये याचिका दायर की थी और प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को भरोसा दिया है कि वे पूरी तरह तैयार हैं और शुक्रवार को होने वाले CJP के प्रदर्शन और अभिजीत दिपके को कंट्रोल करने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। इसके बाद हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस के बयान को रिकॉर्ड पर लिया और कल के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई।

ये भी पढ़ें- तिहाड़ में CJP नेताओं की पहली रात बेचैनी में गुजरी, जमीन पर दो कंबल बिछाकर सोए सौरव दास और आशुतोष रांका

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को लगाई फटकार, कोर्ट परिसर के अंदर नारेबाजी और हंगामे को लेकर जारी किया नोटिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।