1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, CM धामी ने दिया जवाब

BJP नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, CM धामी ने दिया जवाब

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 15, 2026 10:26 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 10:26 pm IST

बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। इसके जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले का इस्तेमाल अपनी सियासी रोटी सेंकने के लिए कर रही है।

Sikkim governor appointment- India TV Hindi
उत्तराखंड में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन। Image Source : PTI

अंकिता भंडारी केस को लेकर कांग्रेस एग्रेसिव है। बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के खिलाफ कांग्रेस आज (गुरुवार को) सड़कों पर उतरी। कांग्रेस का आरोप है कि अंकिता भंडारी केस में दुष्यंत गौतम का नाम आया था और अब तक केस क्लोज नहीं हुआ है। पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अंकिता भंडारी के परिवार के साथ इंडिया गेट पर धरना दिया और अब राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लेटर लिखा है। इस लेटर में राहुल गांधी ने दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर रोक लगाने की मांग की है। उनका तर्क है कि अगर दुष्यंत गौतम संवैधानिक पद पर बैठ जाएंगे तो उनके खिलाफ सही कानूनी कार्रवाई नहीं हो पाएगी।

अंकिता के परिवार ने की दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर रोक की मांग

अंकिता भंडारी उत्तराखंड के एक रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट की जॉब करती थीं। अचानक एक दिन उनकी लाश बरामद हुई, पुलिस ने रिजॉर्ट मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच आगे बढ़ी तो एक VIP के नाम का जिक्र आया। अंकिता की व्हाट्सऐप चैट सामने आई, जिसमें अंकिता ने अपनी दोस्त को बताया था कि रिजॉर्ट का मालिक उस पर पैसे लेकर एक VIP को 'स्पेशल सर्विस' देने के लिए प्रेशर डाल रहा था। मना करने पर अंकिता की आरोपियों से कहासुनी हुई थी और उसकी हत्या कर दी गई थी। अंकिता के परिवार का कहना है कि जब तक सीबीआई की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक दुष्यंत गौतम की राज्यपाल के पद पर नियुक्ति रोक देनी चाहिए।

कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी- हरीश रावत

इस मामले को लेकर आज उत्तराखंड में कई जगहों पर कांग्रेस सड़कों पर उतरी। देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में प्रोटेस्ट हुआ। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। चाहे जेल जाना पड़े। लेकिन वो अंकिता भंडारी को न्याय दिलाकर रहेंगे। हरीश रावत ने कहा कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर बीजेपी ने पीड़ित परिवार के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। उत्तराखंड की कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी बीजेपी को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब देश का मूड बदल चुका है। अब जनता ऐसे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। बीजेपी को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

इस केस में बीजेपी हमेशा से सेंसेटिव रही है- सीएम धामी

फिर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरीश रावत से लेकर राहुल गांधी तक के आरोपों का जवाब दिया। धामी ने कहा कि इस केस में बीजेपी हमेशा से सेंसेटिव रही है। पीड़ित परिवार की हर मदद की गई। दोषियों को जेल भेजा गया। परिवार को आर्थिक सहायता दी गई। वो चाहते थे कि इस केस की जांच सीबीआई करे तो सरकार ने सीबीआई को जांच सौंपी। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीजेपी पीड़ितों को न्याय दिलाने और उनकी मदद के लिए आगे आती है, जबकि कांग्रेस का काम हर मुद्दे पर राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी के परिवार का इस्तेमाल अपनी सियासी रोटी सेंकने के लिए कर रही है। इससे पहले, उत्तराखंड के ADG अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में 500 पेज की चार्जशीट दाखिल की गई थी।

ये भी पढ़ें- अंकिता भंडारी मर्डर केस में इंडिया गेट पर धरना दे रहे उसके माता-पिता पुलिस हिरासत से रिहा, कई कांग्रेसी नेता अभी भी डिटेन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।