1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अंकिता भंडारी मर्डर केस में इंडिया गेट पर धरना दे रहे उसके माता-पिता पुलिस हिरासत से रिहा, कई कांग्रेसी नेता अभी भी डिटेन

अंकिता भंडारी मर्डर केस में इंडिया गेट पर धरना दे रहे उसके माता-पिता पुलिस हिरासत से रिहा, कई कांग्रेसी नेता अभी भी डिटेन

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 15, 2026 06:35 am IST,  Updated : Oct 15, 2026 07:34 am IST

अंकिता भंडारी मर्डर केस में अंकिता के माता-पिता, कई विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों को रात भर चले विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने इंडिया गेट पर हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ देर के बाद अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने छोड़ा दिया।

पुलिस हिरासत में मीडिया से बात करते अंकिता के माता-पिता- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में मीडिया से बात करते अंकिता के माता-पिता Image Source : ANI

नई दिल्लीः उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के लिए इंसाफ की लड़ाई में धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद अब छोड़ दिया है। कल रात दिल्ली पुलिस ने इंडिया गेट के पास धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता पिता के साथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। बाद में पुलिस ने अंकिता के माता पिता को छोड़ दिया। कांग्रेस के कुछ नेताओं को पुलिस ने अभी  हिरासत में रखा है। 

दरअसल, बुधवार अंकिता के माता-पिता इंडिया गेट में धरने पर बैठ गए थे। देखते ही देखते कांग्रेस नेताओं ने इस पर सियासत शुरू कर दी। मोदी सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई घंटों तक कांग्रेसी नेता नारेबाजी करते रहे। इसके बाद देर रात पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स ने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और अंकिता के माता पिता को हिरासत में लिया था। 

 रातभर चला धरना प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार, कांग्रेसी नेताओं के साथ अंकिता भंडारी के माता-पिता ने रात भर इंडिया गेट पर धरना प्रदर्शन किया। सुबह करीब चार बजे सभी को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस ने पुलिस के इस कदम की कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी करने और अंकिता के लिए न्याय की मांग करने वालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। यह विरोध प्रदर्शन बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का गवर्नर बनाए जाने के खिलाफ किया जा रहा है। अंकिता भंडारी के माता-पिता की मांग है कि मर्डर केस में कथित VIP एंगल की सीबीआई जांच होने तक दुष्यंत कुमार की नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।

इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता के साथ विपक्षी नेता
Image Source : PTIइंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता के साथ विपक्षी नेता

दुष्यंत गौतम का अपॉइंटमेंट कैंसिल करने की मांग

अंकिता के परिजनों ने कहा कि अगर न्याय नहीं मिला, तो मेरी बेटी को न्याय मिलने तक पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होंगे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमारी मांग है कि दुष्यंत गौतम का अपॉइंटमेंट कैंसिल किया जाए। अगर अपॉइंटमेंट कैंसिल नहीं हुआ, तो हमें एक बार फिर पूरे देश में सड़कों पर उतरना होगा और मेरी बेटी को इंसाफ़ मिलना चाहिए। 

सितंबर 2022 में हुई थी अंकिता की हत्या

इससे पहले बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस MP प्रियंका गांधी ने धरने के दौरान अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। बता दें कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड के एक रिसॉर्ट में काम करती थी। उसकी सितंबर 2022 में हत्या कर दी गई थी। उसकी लाश उसी साल 24 सितंबर को चिल्ला नहर से मिली थी। रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और दो कर्मचारियों, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को 30 मई, 2025 को हत्या, सबूत मिटाने और दूसरे अपराधों के लिए उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी।

इनपुट- एएनआई

ये भी पढ़ेंः राहुल गांधी की याचिका पर CJI सूर्यकांत की पीठ आज करेगी सुनवाई; SIR पर रोक की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।