हज 2026 के सफल आयोजन के बाद हज 2027 की तैयारियां जारी हैं। इस बीच सऊदी अरब में उड़ानों में जारी व्यवधान के बीच भारतीय नागरिकों, खासकर उमराह जायरीनों की मदद के लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दा ने एक अहम कदम उठाया है। दूतावास ने मक्का स्थित इंडियन हज पिलग्रिम्स ऑफिस (IHPO) में एक अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिससे कि उड़ानों में परेशानी से प्रभावित भारतीय नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, जेद्दा में पहले से संचालित 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम और उसकी हेल्पलाइन सेवाएं भी जारी रहेंगी। ऐसे में जरूरतमंद भारतीय नागरिक मक्का के नए कंट्रोल रूम या जेद्दा के मौजूदा कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
मक्का कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर
मक्का में स्थापित नए कंट्रोल रूम के लिए हेल्पलाइन नंबर +966 553646966 जारी किया गया है। उड़ानों में व्यवधान के कारण सहायता की जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
दूतावास ने कहा है कि जेद्दा में पहले से मौजूद 24×7 कंट्रोल रूम और उसकी हेल्पलाइन सेवाएं भी पहले की तरह काम करती रहेंगी।
उमराह जायरीनों को मिलेगी मदद
इस व्यवस्था का उद्देश्य उड़ानों में व्यवधान से प्रभावित भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से उमराह करने पहुंचे जायरीनों को मदद उपलब्ध कराना है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करें। मक्का स्थित कंट्रोल रूम का स्थान गूगल मैप्स पर भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि जरूरतमंद लोग वहां तक पहुंच सकें।
हज नीति 2027 की घोषणा
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित हज समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने हज 2026 के संचालन की समीक्षा की और सभी संबंधित पक्षों को अगले वर्ष की हज यात्रा की तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हज 2026 के दौरान करीब 1.75 लाख भारतीय जायरीन ने सऊदी अरब में वार्षिक हज यात्रा पूरी की।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय हज नीति 2027 की घोषणा कर चुका है। हज-2027 के लिए हज पर जाने के इच्छुक लोग, हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल (hajcommittee.gov.in) के साथ ही हज सुविधा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में सऊदी अरब के नेशनल अर्ली वॉर्निंग भेजे जाने के बाद मक्का और सऊदी अरब के कई अन्य हिस्सों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
यह भी पढ़ें-
मक्का पर हमला हुआ... तो आखिरी सांस तक सऊदी का साथ देंगे, पाकिस्तान ने क्यों पलटी मारी
मक्का के पास हूतियों का ड्रोन आते ही मचा हड़कंप, सऊदी अरब ने हवा में किया ढेर; दिया बड़ा बयान