1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जब आपस में टकरा गईं बाइक, ट्रक और कार, मौके पर 1 महिला की मौत और कई लोग गंभीर रूप से घायल

जब आपस में टकरा गईं बाइक, ट्रक और कार, मौके पर 1 महिला की मौत और कई लोग गंभीर रूप से घायल

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 14, 2026 11:26 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 11:34 pm IST

ओडिशा के गंजाम जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बाइक, ट्रक और कार आपस में टकरा गईं जिससे 1 महिला की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया है।

odisha Ganjam road accident- India TV Hindi
सड़क हादसे में महिला की मौत। Image Source : REPORTER

ओडिशा के गंजाम जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चमाखंडी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक कार, ट्रक और कई मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों वाहन फंस गए।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, हादसा गंजाम जिले में चामाखंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चामाखंडी चौक के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन सड़क पर चल रही कई मोटरसाइकिलों से टकरा गए। इस तरह एक के बाद एक कई वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।

एक महिला की मौत

इस भीषण टक्कर में रोजालिन मिश्रा नाम की एक महिला की मौत हो गई। वहीं, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी राहत कार्य में जुट गए। घायलों को दुर्घटनास्थल से निकालकर इलाज के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया।

गंजाम के एसपी हरीश बीसी  ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घायलों की पहचान का पता लगाने में भी जुटी हुई है। एसपी के अनुसार, दुर्घटना बस स्टैंड के पास हुई, जहां लोगों की मौजूदगी के कारण कई लोग इसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आपको बता दें कि इससे पहले ओडिशा के भुवनेश्वर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला था। इस हादसे में एक की मौत हो गई थी और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया

गंजाम में हुई दुर्घटना में महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने चामाखंडी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और इलाके में बार-बार होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि दुर्घटना संभावित इस इलाके में सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। इनमें घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और इलाज उपलब्ध कराना, दुर्घटना संभावित सड़क हिस्से के पास ओवरब्रिज का निर्माण करना, राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाना और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाने जैसी मांगें शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन उपायों से सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।

इलाके में तनाव का माहौल 

स्थिति को देखते हुए गंजाम के पुलिस अधीक्षक हरीश बी सी, छत्रपुर के विधायक कृष्ण चंद्र नायक, पूर्व विधायक एन. नारायण रेड्डी और अन्य राजनीतिक प्रतिनिधि तथा स्थानीय नेता घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रही है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- जंगली हाथियों के झुंड को दौड़ाकर पीटते दिखे युवक, वायरल Video से बढ़ी चिंता

सिर पर भूत सवार! कार से लोगों को कुचलने की कोशिश, CCTV में कैद हुई खौफनाक घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।