1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'रामायण' के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च से दो दिन पहले रणबीर कपूर को हुआ गंभीर आई इन्फेक्शन, बेटी राहा से फैला संक्रमण

'रामायण' के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च से दो दिन पहले रणबीर कपूर को हुआ गंभीर आई इन्फेक्शन, बेटी राहा से फैला संक्रमण

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर जल्द रिलीज होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही एक्टर को आंखों में गंभीर इन्फेक्शन हो गया है। बताया जा रहा है कि बेटी राहा से ये संक्रमण फैला है।

RAnbir kapoor- India TV Hindi
Image Source : PTI रणबीर कपूर।

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'रामायण' को लेकर लगातार चर्चा में हैं। जल्द ही इस फिल्म का एक महा-ट्रेलर लॉन्च इवेंट होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही रणबीर कपूर के फैंस के लिए थोड़ी चिंता की खबर सामने आई है। दरअसल इस ग्रैंड इवेंट से ठीक कुछ दिन पहले रणबीर कपूर को कंजंक्टिवाइटिस हो गया है। कंजंक्टिवाइटिस आंखों का एक इंफेक्शन है, जिसमें आंखें सूज आती हैं और बेहद दर्द रहता है। कई बार आंखों से पानी भी गिरता है और आंखें खोलना मुश्किल हो जाता है, इतना ही नहीं बार-बार कीचड़ आने से आंखें चिपकने लगती हैं। इस संक्रमण के कारण वे एहतियात के तौर पर कार्यक्रम के दौरान काले चश्मे में नजर आ सकते हैं। हालांकि आंखों की इस तकलीफ के बावजूद रणबीर अपने काम को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और वे दिल्ली में होने वाले इस ऐतिहासिक इवेंट में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

बेटी राहा की देखभाल के दौरान रणबीर को हुआ संक्रमण

खबरों के मुताबिक रणबीर कपूर की टीम ने इंडिया टीवी को इस बात की पुष्टि की है कि यह आई इन्फेक्शन सबसे पहले अभिनेता की बेटी राहा कपूर को हुआ था। एक देखभाल करने वाले पिता की तरह राहा के साथ वक्त बिताने और उनकी देखभाल करने के दौरान रणबीर भी इस संक्रमण की चपेट में आ गए। कंजंक्टिवाइटिस एक अत्यधिक संक्रामक बीमारी है जो नजदीकी संपर्क में आने से तेजी से फैलती है, यही वजह है कि परिवार के सदस्यों में इसका असर आसानी से देखने को मिल जाता है। फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पहले राहा संक्रमित हुईं और फिर उनसे रणबीर को यह इन्फेक्शन हुआ। इसके बावजूद रणबीर इवेंट को छोड़ने के हक में नहीं हैं। टीम रामायण दिल्ली के भारत मंडपम में एक विशाल 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम की तैयारी कर चुकी है और रणबीर सुरक्षा कारणों से काला चश्मा पहनकर इसमें हिस्सा लेंगे।

दिल्ली के भारत मंडपम में भव्य ट्रेलर लॉन्च की तैयारी

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस महत्वाकांक्षी पौराणिक महागाथा 'रामायण: पार्ट 1' के ट्रेलर लॉन्च को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। रिपोर्ट के अनुसार 18 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिल्म का ट्रेलर आधिकारिक तौर पर रिलीज किया जाएगा। इसके 6 दिन बाद 24 जुलाई को ये यूट्यूब पर आएगा। इस बेहद खास मौके पर निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ फिल्म के मुख्य कलाकार मौजूद रहेंगे। हालांकि फिल्म में 'रावण' की भूमिका निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश और 'भगवान हनुमान' का किरदार निभा रहे सनी देओल इस लॉन्च इवेंट में शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सैन डिएगो कॉमिक-कॉन जाएगी 'रामायण'

दिल्ली में होने वाला यह ट्रेलर लॉन्च तो केवल एक शुरुआत है, क्योंकि इसके बाद 'रामायण' की टीम एक बड़े वैश्विक मंच की ओर रुख करेगी। भारत में धमाका करने के बाद मेकर्स 23 जुलाई को अमेरिका के प्रसिद्ध सैन डिएगो कॉमिक-कॉन इवेंट में फिल्म का विशेष शोकेस पेश करेंगे। इसके साथ ही 'रामायण' वैश्विक स्तर पर इस प्रतिष्ठित मंच पर जाने वाली 'कल्कि 2898 एडी' के बाद दूसरी भारतीय फिल्म बन जाएगी। इस अंतरराष्ट्रीय शोकेस में रणबीर कपूर, यश और नमित मल्होत्रा के शामिल होने की उम्मीद है। करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट के साथ बनाई जा रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है, जिसमें संगीत देने के लिए एआर रहमान और ऑस्कर विजेता हैंस जिमर जैसे दिग्गज एक साथ आए हैं।

दो भागों में रिलीज होगी महागाथा

नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही 'रामायण' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस सिनेमाई सफर का पहला अध्याय दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि इसका दूसरा और अंतिम भाग अगले साल यानी दिवाली 2027 को रिलीज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: दीपिका पादुकोण के नाम पर फिर खेल! सोनम वांगचुक के अनशन से जुड़े वायरल पोस्ट की सच्चाई आई सामने

Latest Bollywood News