1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दीपिका पादुकोण के नाम पर फिर खेल! सोनम वांगचुक के अनशन से जुड़े वायरल पोस्ट की सच्चाई आई सामने

दीपिका पादुकोण के नाम पर फिर खेल! सोनम वांगचुक के अनशन से जुड़े वायरल पोस्ट की सच्चाई आई सामने

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 16, 2026 12:21 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 12:21 pm IST

सोनम वांगचुक को बॉलीवुड सितारों से सपोर्ट मिल रहा है, ऐसे में चर्चाएं शुरू हुईं कि दीपिका पादुकोण ने भी एक पोस्ट साझा कर उन्हें सपोर्ट किया है, लेकिन क्या ये सच है, चलिए आपको बताते हैं।

Sonam Wangchuk deepika padukone- India TV Hindi
सोनम वांगचुक और दीपिका पादुकोण। Image Source : PTI, DEEPIKA PADUKONE INSTAGRAM

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन में एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की और बाद में उसे डिलीट कर दिया। हालांकि जांच में यह दावा पूरी तरह से झूठा साबित हुआ है। इस बात का कोई सबूत नहीं है कि दीपिका ने कभी ऐसी कोई स्टोरी साझा की थी। वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट पूरी तरह से फर्जी और एडिटेड है। राजनीतिक संदेशों से जुड़े इस कथित स्क्रीनशॉट में दिखाया गया है कि दीपिका ने सोनम वांगचुक से जुड़े एक पोस्ट को री-शेयर करते हुए भावुक नोट लिखा है।

दीपिका को निशाना बनाने वाले फर्जी पोस्ट का इतिहास

इस वायरल पोस्ट में लिखा गया, 'वह उपवास कर रहे हैं और हम स्क्रॉल कर रहे हैं।' इसके साथ ही इसमें दीपिका के नाम से लोकतंत्र और राजनीतिक नेतृत्व पर सवाल उठाने वाली बातें भी लिखी गई हैं। सच यह है कि दीपिका के आधिकारिक अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट कभी नहीं देखा गया। स्क्रीनशॉट की जांच करने पर इसमें साफ तौर पर छेड़छाड़ सबूत मिले। यह पहला मौका नहीं है जब दीपिका पादुकोण के नाम का इस्तेमाल कर कोई भ्रामक जानकारी फैलाई गई हो। बीते कुछ महीनों में यह दूसरी बार है जब उन्हें लेकर कोई फर्जी पोस्ट वायरल हुआ है।

Deepika padukone And sonam wangchuk
Image Source : @TARVAMPRIREHUNT/Xवायरल हो रहा दीपिका का फर्जी पोस्ट।

पहले भी एक्ट्रेस के नाम पर फैलाया गया झूठ

इससे पहले मार्च में भी एक झूठा स्क्रीनशॉट फैलाया गया था, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का रिव्यू पोस्ट किया था, जो बाद में मनगढ़ंत साबित हुआ। दीपिका पहले भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रही हैं, खासकर साल 2020 में उनकी जेएनयू  यात्रा के दौरान जिसके बाद उनकी फिल्म 'छपाक' की रिलीज के वक्त काफी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।

सोनम वांगचुक के आंदोलन को मिला फिल्मी हस्तियों का साथ

फिलहाल सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर अनशन पर बैठे हैं, जहां प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर जहां बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने चुप्पी साध रखी है, वहीं फिल्म जगत के कुछ दिग्गजों ने खुलकर वांगचुक का समर्थन किया है। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर उन्हें बहादुर बताते हुए इस मुद्दे पर बाकी इंडस्ट्री की चुप्पी को निराशाजनक कहा है। उनके अलावा नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, जीनत अमान, अभय देओल, रुबीना दिलैक, स्वारा भास्कर, अतुल कुलकर्णी जैसी फिल्मी सितारे सपोर्ट में आए हैं।

सोनम वांगचुक की हेल्ड पर हाई कोर्ट का रुख

बता दें, आज यानी गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सुरक्षा और सेहत को लेकर दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई की। वांगचुक पिछले 19 दिनों से जंतर मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं और लगातार उनके वजन घटने की बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि वो काफी कमजोर हो गए हैं। याचिका में कहा गया है कि भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सुरक्षा और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जाए। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए टिप्पणी की, 'जिंदगी बहुत कीमती है।' साथ ही कोर्ट का आदेश है कि उन्हें कोई भी मेडिकल हेल्प की जरूरत पड़े तो दी जाए।

ये भी पढ़ें:  'दिल्ली आकर खुद अनशन खत्म करवाऊंगी', जंतर-मंतर कूच करेंगी राखी सावंत, तुड़वाएंगी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल!

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन