दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब प्रोटेस्ट नहीं हो सकेंगे। दिल्ली में प्रदर्शन और धरना करने के लिए 3 नए स्थान तय किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है। इसके तहत रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन और रैली करने के लिए तय किया गया है।
नई जगह की पहचान के लिए बनाई गई थी कमेटी
दिल्ली पुलिस के आदेश के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन करने के लिए बेहतर जगहों की पहचान करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। इस कमेटी को यह देखना था कि लोगों को अपनी मांग उठाने और विरोध जताने के लिए मौजूदा जगहों के अलावा दूसरी जगहें कैसे दी जा सकती हैं।
नियमों और व्यवस्था से जुड़े जारी होंगे नए आदेश
कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर के अलावा इन तीन स्थानों को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इन तीनों जगहों पर प्रदर्शन करने के लिए नियमों और व्यवस्था से जुड़ा अलग आदेश भी जारी किया जाएगा। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पिछले स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन के तौर पर जारी किया गया है।
जन आंदोलनों के प्रमुख केंद्रों में से एक माना जाता है जंतर-मंतर
बता दें कि दिल्ली का जंतर-मंतर देश में विरोध प्रदर्शनों, धरनों और जन आंदोलनों के प्रमुख केंद्रों में से एक माना जाता रहा है। यहां अलग-अलग मुद्दों को लेकर राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन, कर्मचारी, छात्र और अन्य समूह अपनी मांगें उठाते रहे हैं। संसद और केंद्र सरकार के प्रमुख संस्थानों के करीब स्थित होने के कारण यह जगह राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से खास महत्व रखती है यहां देशभर से प्रदर्शनकारी अपनी आवाज उठाने के लिए आते रहे हैं। अब सरकार ने इस जगह पर प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी है।
कनॉट प्लेस के पास स्थित है जंतर-मंतर
बता दें कि दिल्ली का जंतर-मंतर कनॉट प्लेस के पास स्थित है। ये संसद मार्ग पर पड़ता है। संसद और केंद्र सरकार के प्रमुख संस्थानों के करीब होने की वजह से जंतर-मंतर से उठने वाली आवाज अक्सर देश की सियासत और राष्ट्रीय चर्चा का हिस्सा बन जाती है। दिल्ली पुलिस के आदेश के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए अब जो तीन नए स्थान दिए गए हैं। वह दिल्ली के सेंट्रल वाली जगह से दूर हैं।
ये भी पढ़ें: