1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Highlights: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका

Highlights: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका

 Written By: Amar Deep,  Niraj Kumar
 Updated : Oct 12, 2026 11:28 pm IST

चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।

मल्लिकार्जुन खरगे और...- India TV Hindi
मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी Image Source : ANI

नई दिल्ली: SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी दिल्ली चलो का आह्वान किया था। हालांकि, CJI ने इंडिया ब्लॉक के नेताओं को समय देने से इनकार कर दिया था। राजधानी दिल्ली की मुख्य सड़कों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संसद मार्ग पर जवानों का भारी जमावड़ा रहा। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन शाम तक बंद रखे गए थे, जिसे अब खोल दिया गया है।

संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक बैरिकेडिंग

दरअसल, विपक्ष पूरे लाव-लश्कर के साथ सुप्रीम कोर्ट की तरफ कूच कर रहा था। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और दूसरी एजेंसियों ने भी पुख्ता तैयारी की थी। संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक के रास्ते पर पूरी तरह से बैरिकेडिंग की गई थी। इसी रूट से इंडिया ब्लॉक के नेता और कार्यकर्ता गुजर रहे थे। इन रास्तों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

India bloc march to supreme court Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 8:57 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सिंधिया ने कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल

    केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- "जिस देश में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से लेकर ज़िला पंचायत और सरपंच जैसे स्थानीय निकायों के चुनाव तक लगातार होते रहते हैं...आज देश की प्रजातांत्रिक प्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगाना, यह कांग्रेस की नीयत का एक और उदाहरण बन चुका है। कांग्रेस संविधान की बात तो करती है लेकिन कांग्रेस के नेता राहुल गांधी संवैधानिक ढांचे के हर अंश को नीचा दिखाने में या बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।

  • 8:27 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हमें सुप्रीम कोर्ट पर उम्मीद रखनी चाहिए- संजय राउत

    शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "हम जनता के साथ यहां आ गए। हमें (सुप्रीम कोर्ट पर)उम्मीद रखनी चाहिए...याचिका में बहुत सी बाते हैं...यह देश की बात है, संविधान की बात है, लोगों के अधिकार की बात है...सुप्रीम कोर्ट हमारी उम्मीद की किरण है..."

  • 8:26 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    न्यायालय को प्रभावित, आतंकित करने की कोशिश- सुधांशु त्रिवेदी

    भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "देश को अराजकता की आग में झोंकने के लिए किसी भी हद तक गिरने को तैयार राहुल गांधी और उनके साथियों द्वारा आज दिल्ली में सर्वोच्च न्यायालय में जिस प्रकार का अशोभनीय दृश्य दिखाया गया, भारत के इतिहास में इसकी कोई मिसाल नहीं है। जिस प्रकार से हुजूम लेकर न्यायालय को प्रभावित करना, आतंकित करना, मुझे लगता है कि आजतक कोई नेता प्रतिपक्ष ऐसा नहीं रहा होगा...(सुप्रीम कोर्ट में) दूसरे गेट से अंदर जाने का प्रयास यह दर्शाता है कि या तो वो मानसिक संतुलन खो चुके हैं या संदिग्ध शक्तियों द्वारा इस सीमा तक संचालित हैं कि वो किसी भी हद तक नीचे गिरने को तैयार हैं ताकि भारत की सड़कों पर अव्यवस्था दिख सके..."

  • 8:25 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    कांग्रेस और विपक्षी लोग, पूरे देश में अप्रसांगिक हो गए- संजय सरावगी

    बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "कांग्रेस हो चाहे विपक्षी लोग हों, सब पूरे देश में अप्रसांगिक हो गए हैं। जिस तरह का वो नैरेटिव फैला रहे हैं, दिल्ली में पुलिस पदाधिकारियों पर पत्थरबाजी हो रही है, जिस तरह हंगामा कर रहे हैं; यह किसी भी हालत में देश की जनता को स्वीकार नहीं है... राहुल गांधी की जो स्थिति है, मुझे तो उनकी मानसिक स्थिति पर भी कुछ संदेह उत्पन्न होता है। जिस तरह की वो भाव भंगिमा करते हैं, जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वो इस देश के लोग स्वीकार नहीं कर सकते... तेजस्वी यादव SIR पर बोलते हैं, जिनके पिताजी बूथ लूटकर सरकार बनाते थे। आज सुपड़ा साफ हो रहा है क्योंकि फर्जी मतदाता का नाम कट रहा है इसलिए इन लोगों में घबराहट पैदा हो रही है।"

  • 8:23 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने केरलम कांग्रेस के पोस्ट की निंदा की

    सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने CJI के इस्तीफे की मांग वाले केरलम कांग्रेस के पोस्ट की निंदा की है।

  • 7:10 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है- सपा सांसद इकरा हसन

    सपा सांसद इकरा हसन ने कहा, "यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है और अभी तो यह शुरुआत है। अभी जनता और जुड़ेगी। जबतक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता, दिल्ली की सड़कें इसी तरह भरी रहेंगी...हमारा संघर्ष जारी रहेगा..."

     

  • 7:09 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हमें न्याय चाहिए- ममता बनर्जी

    INDIA गठबंधन के विरोध मार्च के दौरान पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- "हम इंसानियत के नाते न्याय की मांग कर रहे हैं। बस यही बात है, हमें न्याय चाहिए।"

     

  • 7:07 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    SIR कोई पहली बार नहीं हो रहा है- UP भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी

    उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- "SIR की प्रक्रिया में मतदाता सूची का फिर से शुद्धीकरण किया जाता है। इसमें जिसका नाम छूट जाता है, तो फिर उसका नाम जोड़ा जाता है या किसी की मृत्यु हो जाती है तो उसका नाम सूची से हटाया जाता है...तो यह कोई पहली बार नहीं हो रहा है..."

     

  • 7:07 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    प्रदर्शन करना, हम सभी का अधिकार है- तेजस्वी यादव

    राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा- "अपनी बात रखने का और प्रदर्शन करना, हम सभी का अधिकार है... जो चोरी सामने आई है, ये नहीं चाहते हैं कि आंदोलन आगे बढ़े। उसको ये लोग कुचलना चाहते हैं... जितना होना था, वो हो गया है। अब इनका जाना तय है... अब ये कारवां रुकने वाला नहीं है। जब तक इनकी विदाई तय नहीं हो जाती है और कार्रवाई नहीं होती, हम लोग रुकने वाले नहीं हैं..."

  • 7:04 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    पूरा देश और खासतौर पर युवा आक्रोशित है- सचिन पायलट

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा- "न्याय की मांग करना जायज है। आज पूरा देश और खासतौर पर युवा आक्रोशित है क्योंकि उनको पता है कि वोट चोरी हो रही है और चोरी पकड़ी गई है। जिस व्यक्ति ने यह सब किया, सरकार ने उनके दफ्तर का इस्तेमाल करके अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करने का काम किया है। अब पोल खुल गई है और उनका जाना लाजमी है।"

  • 7:01 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राहुल गांधी संविधान को खत्म करना चाहते हैं- निशिकांत दुबे

    भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "1947 से लेकर आज तक आपने कभी सुना था कि लोग सुप्रीम कोर्ट में भी प्रदर्शन आंदोलन करने के लिए जाते हैं? इंदिरा गांधी जी ने जिस तरह से भारत के संविधान को ताक पर रख के आपातकाल लागू किया, ये उन्हीं का पोता है जो आपातकाल लागू करना चाहता है और भारत के संविधान को खत्म करना चाहता है।

     

  • 7:00 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राहुल गांधी बेतुके बयान दे रहे हैं- शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के

    शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा, "राहुल गांधी सिर्फ मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे बेतुके बयान दे रहे हैं। वे NDA सरकार पर संविधान के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हैं, जबकि खुद वे ऐसा ही कर रहे हैं। उनका व्यवहार बचकाना है...क्या कोई विरोध मार्च लेकर सुप्रीम कोर्ट जाता है? क्या इसी तरह मुख्य न्यायाधीश को याचिका सौंपी जाती है?...राहुल गांधी बस नौटंकी कर रहे हैं..."

  • 6:38 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राहुल गांधी याचिका में लीड पेटिशनर

    सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका में लीड पेटिशनर राहुल गांधी हैं। एक ही याचिका में राहुल गांधी समेत 11 याचिकाकर्ता हैं। CJI सूर्यकांत की बेंच सभी याचिकाओं पर कल मंगलवार को सुनवाई करेगी।

  • 6:36 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं।

  • 5:37 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सभी याचिकाओं पर सुनवाई कल

    CJI सूर्यकांत की बेंच सभी याचिकाओं पर कल मंगलवार को करेगी सुनवाई।

  • 5:31 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी की याचिका पर कल हो सकती है सुनवाई

    राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने रजिस्ट्री को निर्देश दिया है कि याचिका पर आज ही प्रक्रिया पूरी की जाए। याचिका में यदि कोई तकनीकी खामी है, तो उसे दूर कराया जाए, ताकि मामले को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सके। जानकारी के मुताबिक, जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ मंगलवार को इस मामले की सुनवाई कर सकती है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने पहले कहा था कि यदि याचिका सोमवार शाम तक दाखिल कर दी जाती है, तो मंगलवार को उस पर सुनवाई की जाएगी। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मामले की सुनवाई कल होने की संभावना है।

  • 5:27 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    खुल गए सभी मेट्रो स्टेशन

    दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्ज़िट गेट अब खुल गए हैं। सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है।

  • 5:03 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    मेट्रो के 6 स्टेशन शाम 5 बजे तक बंद

    सुरक्षा कारणों के चलते आज सुबह 6 बजे से बंद मेट्रो के छह स्टेशन शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे। इस संबंध में जारी सेवा अपडेट के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 6 बजे से बंद इन स्टेशनों को शाम 5 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी। इसके बाद हालात के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा। मेट्रो सेवा से संबंधित आवश्यक अपडेट भी समय-समय पर साझा किए जाएंगे।

  • 4:38 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    SC में दाखिल हुई राहुल की याचिका

    राहुल गांधी की याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हुई। कांग्रेस की लीगल टीम ने याचिका दाखिल की।

  • 4:36 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सुप्रीम कोर्ट जाएंगे सभी विपक्षी बड़े नेता

    राहुल गांधी के साथ सभी विपक्षी बड़े नेता सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

  • 3:56 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाले हैं 8 सांसद

    करीब 8 सांसद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाले हैं। वे सभी एक ही याचिका में पक्षकार होंगे। दो मुद्दों- CEC और विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर अलग-अलग याचिकाएं दायर किए जाने की भी संभावना है।

  • 3:54 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सुप्रीम कोर्ट परिसर में आ सकेंगे कांग्रेस नेता

    राहुल गांधी व कांग्रेस नेता याचिका दाखिल करने सुप्रीम कोर्ट परिसर में आ सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने इस बात की सहमति दी है कि 5-10 नेता अपने वकीलों के साथ सुप्रीम कोर्ट परिसर में फाइलिंग काउंटर पर याचिका दाखिल कर सकते हैं। ये काउंटर हाई सिक्योरिटी क्षेत्र के बाहर है, जहां लोग बिना पास के जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, CJI सूर्यकांत ने भी इस पर सहमति जताई है।

  • 3:33 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    कांग्रेस के SC की ओर मार्च से पहले CJI की बेंच उठी

    चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच आज उठ जा चुकी है। बता दें कि दिल्ली के बाराखंभा रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च के लिए जुटे हैं।

  • 3:08 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर

    दिल्ली पुलिस गलत जानकारी और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर नज़र रख रही है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, लगभग 300 सोशल मीडिया पोस्ट हटा दिए गए हैं जो अफवाहें फैला रहे थे या लोगों में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

  • 2:49 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    भगवान दास रोड पर बैरकेडिंग की गई

    बैरिकेड्स लगाकर भगवान दास रोड को बन्द कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस, महिला पुलिसकर्मी, यूपी पुलिस की महिला पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री, स्पेशल सेल स्पेशल सीपी अनिल शुक्ला, एडिशनल सीपी IFSO संजय भाटिया, एडिशनल सीपी मोनिका भारद्वाज यहां तैनात है। इससे आगे की रेड लाइट सुप्रीम कोर्ट है, बेरिकेड्स के आगे बसे खड़ी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अगर आने जाने की कोशिश तो आगे बसें खड़ी हैं। जो भी आगे जाने की कोशिश करेगा उसे हिरासत में लिया जाएगा। 

     

  • 2:32 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    लोकतंत्र को कुचला जा रहा: तेजस्वी यादव

    तेजस्वी यादव ने INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर को लेकर कहा कि SIR के खिलाफ हम लोगों ने पहली लड़ाई लड़ी थी। बिहार से इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय भी हम लोग कहते थे कि चुनाव आयोग पूरी तरीके से भाजपा का कठपुतली बना हुआ है। अब बातें सामने आ गई कि किस तरह से इन लोगों ने वोट की चोरी कराई, फर्जी चुनाव कराया। लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। हम लोग शांत कैसे बैठ सकते हैं?

     

  • 2:31 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    जनता के दिल और नजर से उतरी कांग्रेस-शिवराज सिंह चौहान

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस के हार का सिलसिला लगातार जारी है। एक के बाद एक चुनाव हारना और उसकी खीज आंदोलन करके सड़क पर निकालना। यह कांग्रेस की नियति बन गई है और चुनाव की हार का दोष भी कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर मढ़ने का पाप करती है। कांग्रेस की हार का कारण चुनाव आयोग नहीं है। कांग्रेस की हार का कारण स्वयं कांग्रेस का विचार शून्य नेतृत्व है। आज कांग्रेस की हालत क्या है?...पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष बदलना पड़ा है। अलग-अलग जगह नेतृत्व के झगड़े चल रहे हैं। कर्नाटक में कभी सिद्धरमैया, कभी डीके शिवकुमार। कांग्रेस जनता की नजरों से भी उतर गई है और जनता के दिलों से भी उतर गई है।"

     

  • 2:20 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    देश में इमरजेंसी जैसे हालात: संजय सिंह

    AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "पूरे देश ने देखा है कि पत्रकारों पर कैसे हमले हो रहे हैं और छात्रों की कैसे पिटाई की जा रही है। PM मोदी ने असल में दिल्ली और पूरे देश में इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, और लोगों को इसके विरोध में सड़कों पर उतरना चाहिए। लोकतंत्र को बचाने और वोट की गरिमा की रक्षा के लिए लोगों को विरोध करना चाहिए।"

  • 2:13 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मंडी हाउस गोल चक्कर पूरी तरह से जाम

    मंडी हाउस गोल चक्कर पूरी तरीके से जाम हो चुका है। कई गाड़ियां फंसी हुई हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता भगवान दास रोड, मंडी हाउस रोड, बंगाली मार्केट रोड सब जगह फैले हुए हैं।

  • 2:05 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकी बीजेपी नेता की गाड़ी

    बाराखम्बा पर बीजेपी नेता रामेश्वर सिंह लोधी की गाडी गुजर रही थी। इस दौरान बीजेपी का पोस्टर लगा देख गाड़ी को कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने रोक लिया। बड़ी मुश्किल से गाड़ी गुजर पाई।

  • 1:52 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे नेता

    • राहुल गांधी
    • प्रियंका गांधी
    • के सी वेणुगोपाल
    • अजहरुद्दीन
    • पवन खेड़ा
    • ममता बनर्जी
    • अधीर रंजन चौधरी
    • अशोक गहलोत
    • दिग्विजय सिंह
    • रेवंत रेड्डी 
    • सुखविंद्र सिंह सुक्खू
    • रेणुका चौधरी
    • जयराम रमेश 
    • शशि थरूर
    • डी राजा
    • अवधेश प्रसाद सिंह
    • महुआ मित्रा
    • रामगोपाल यादव 
    • तेजस्वी यादव
    • संजय राउत
  • 1:49 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    तेलंगाना कैबिनेट के सभी नेता पहुंचे कंस्टीट्यूशन क्लब

    तेलंगाना कैबिनेट के सभी नेता एक बस में कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे, जिसमें सबसे आगे CM बैठे हैं। वहीं ममता बनर्जी भी महुआ मोइत्रा के साथ पहुंच गई हैं।

  • 1:44 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हमें न्याय चाहिए और कुछ नहीं: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "हम न्याय की मांग कर रहे हैं, और कुछ नहीं। यह लोगों के लिए, मानवता के लिए, न्याय के लिए है। हमें न्याय चाहिए और कुछ नहीं।"

  • 1:35 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    लोकतंत्र बचाने की लड़ाई- दीपेंद्र हुड्डा

    कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव हो ये हमारी लड़ाई है। निष्पक्ष चुनाव आयोग के लिए लड़ाई है।"

     

  • 1:33 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंच रहे नेता

    सांसद और नेता कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचने शुरू हो गए हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी पहुंच गए हैं।

  • 1:17 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सीपी से मंडी हाउस तक कार्यकर्ताओं की भीड़

    कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की भीड़ को देखते हुए अब बाराखम्बा रोड को बंद कर दिया गया है। सीपी से मंडी हाउस तक अब कार्यकर्ताओं की भीड़ सड़क पर नज़र आ रही है।

  • 1:12 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बाराखंबा इलाके में रोक बंद

    मंडी हाउस और बाराखंबा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुट गई है। इसके बाद बाराखंबा इलाके में रास्तों को बंद कर दिया गया है।

  • 12:55 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बाराखम्बा और मंडी हाउस में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़

    बाराखम्बा में अब कार्यकर्ताओं के भीड़ बढ़ गई है, नारेबाजी हो रही है। मंडी हाउस गोल चक्कर के आसपास अभी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुट गए हैं। कुछ देर में यह गोल चक्कर पूरी तरीके से जाम हो जाएगा

     

  • 12:29 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    न्याय मिलने तक हिंदुस्तान का युवा रुकने वाला नहीं है: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने आगे कहा, "जब तक हिंदुस्तान को न्याय नहीं मिलेगा, तबतक हिंदुस्तान का युवा नहीं रुकने वाला है, चाहे जो कर लो। हिंदुस्तान की आत्मा पर इन्होंने हमला किया है। हम नहीं रुकेंगे। आप आइये, संविधान की रक्षा करिए। नरेंद्र मोदी की जन्म-पत्री हमारे पास है। ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। इसमें हमारी कोई इम्पोर्टेंस नहीं है। मैं हर विपक्ष के नेता, कार्यकर्ता और जनता से कह रहा हूं कि ये आपके फ्यूचर की लड़ाई है। अगर आप नहीं आ सकते हैं तो आप तीन बजे, जब हम सुप्रीम कोर्ट के सामने होंगे तो आप हमें एकजुटता दिखाइये। आप दिखाइये कि आप संविधान के साथ खड़े हैं। जो भी आपको करना है करिए, लेकिन आप अपना समर्थन दीजिए। बंद कमरे में चले जाओ और अपने अंदर बोलो कि मैं अपने देश को बचाउंगा।"

  • 12:24 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इंडी गठबंधन के लीडर एक साथ पिटीशन फाइल करने सुप्रीम कोर्ट जाएंगे: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने आगे कहा, "आज इंडी गठबंधन के लीडर एक साथ पिटीशन फाइल करने सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। जो भी लोग सरकार के खिलाफ हैं, जो संविधान को अपना धर्म मानते हैं, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आपको लगता है कि एक दिन हम गए वहां पर पुलिस ने रोका, जंतर मंतर पर पुलिस ने रोका, छात्रों ने प्रदर्शन किया वहां पर रोका, आज जा रहे हैं आज हमें रोकेंगे। आपको लगता है कि ये एक दिन की बात है, ये एक दिन की बात नहीं है, ये सालों से चल रहा है। मेरा आपसे कहना है कि आप सोच रहे हो कि हमारे लिए मुश्किल है, हमारे सामने पुलिस है, पुलिस हमें मार रही है, लाठी लग रही है, कुछ नहीं है, जितना आप थक रहे हो, उससे ज्यादा पुलिस थक रही है। पुलिस अपने आप से पूछ रही है कि ये क्या हो रहा है, हम देशविरोधियों को क्यों बचा रहे हैं। डटे रहना है, पीछे नहीं हटना है, आज करेंगे रोकेंगे, कल भी रोंकेंगे, परसों भी रोकेंगे, रोकने दीजिए, देश इसी तरह बनता है। जितना समय लगेगा हम पीछे नहीं हटेंगे।"

  • 12:20 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    लाखों लोग सवाल पूछ रहे हैं: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा, 'लाखों लोग आपके बिहेवियर के बारे में सवाल पूछ रहे हैं और ये लोग रुकेंगे नहीं। आप चिंता मत कीजिए, हमारे पर पूरी जानकारी है। हम इंतजार कर रहे हैं। हमने कहा कि हम इलेक्शन कमीशन जाएंगे। विपक्ष के सारे नेता बिना हिंसा के एक साथ गए, लेकिन हमें रोका गया। पुलिस बसों में डाल दिया। हमें कहा कि यहां प्रदर्शन नहीं कर सकते। हमने कहा कि यहां नहीं करें तो कहां करें, तो पुलिस ने कहा कि अपने घर में कीजिए। हमने कहा कि अपने घर में नहीं करेंगे दिल्ली में कोई जगह दीजिए, इस पर हमें बस में डाल दिया। हम राजघाट गए। कल आपने देखा प्रोटेस्ट में लोगों की पिटाई हुई।'

  • 12:17 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पुलिस वाले हमसे कह रहे हैं कि आप सही हैं: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी के गुंडे, आरएसएस के गुंडे महिलाओं को मार रहे हैं। इससे हमें बहुत फायदा हो रहा है। 50 प्रतिशत पुलिस वाले हमसे कह रहे हैं कि आप जो कर रहे हो वह सही हैं।"

  • 12:12 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सरकार ज्ञानेश कुमार को प्रोटेक्ट कर रही है: राहुल गांधी

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, 'दिल्ली को जेल क्यों बना दिया गया, लोगों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। ट्रेन, बस को रोका जा रहा है। दिल्ली को किला बना दिया गया है। सब जगह पुलिस, 20-30 हजार पुलिस है। हम चाहते हैं कि पुलिस वाले सड़क पर खड़े हों, और ये सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि सरकार नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार को प्रोटेक्ट कर रही है। हम कह रहे हैं कि इस्तीफा चाहते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि वह उन्हें प्रोटेक्ट करें।'

  • 12:02 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    प्रोटेस्ट मार्च के लिए निकले राहुल गांधी

    राहुल गांधी प्रोटेस्ट मार्च के लिए घर से निकल गए हैं। वह थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू करेंगे। 

  • 11:52 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राहुल गांधी संवैधानिक संस्थानों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे: सी.आर. केसवन

    BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने कहा, "राहुल गांधी का बार-बार हमारे संवैधानिक संस्थानों और इस बार हमारी न्यायपालिका का राजनीतिकरण करने का अराजक प्रयास, हमारी राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने की एक खतरनाक साजिश के अलावा और कुछ नहीं है। लगातार कई राजनीतिक और चुनावी हार के बाद, राहुल गांधी सचमुच अस्थिर और मानसिक रूप से असंतुलित हो गए हैं। और इसी हताशा में, राहुल गांधी अपने विफल राजनीतिक करियर को बचाने के लिए हमारे संवैधानिक संस्थानों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी हमारे लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने, कमजोर करने और अस्थिर करने की कोशिश करके हमारे देश और संविधान के प्रति अविश्वास दिखा रहे हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थानों को बदनाम करने और उनमें जनता का अविश्वास पैदा करने की राहुल गांधी की कोशिश सफल नहीं होगी। यह बुरी तरह विफल होगी क्योंकि भारत की समझदार जनता राहुल गांधी की खतरनाक और बांटने वाली राजनीति को नकार देगी।"

  • 11:27 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भारत की जनता इस अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी: सीएम योगी

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अव्यवस्था पैदा करके अराजकता पैदा करके, भारत के संवैधानिक संस्थाओं को भी कड़घरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। आश्चर्य है कि चुनाव जीते तो इनका पुरुषार्थ और हारे तो EVM दोषी, चुनाव आयोग दोषी। अगर मेरिट के आधार पर कोई फैसला देता है तो न्यायालय को कड़घरे में खड़ा करने का प्रयास करते हैं। उन्हें तमाम प्रकार की धमकी देने का प्रयास करते हैं। ऐसे ही तमाम अन्य संवैधानिक संस्थाओं को कड़घरे में खड़ा करना, गाली गलौज करना, अव्यवस्था फैलाना यह कांग्रेस की नीति बन चुकी है, भारत में अराजकता न फैलाएं। भारत की संवैधानिक संस्था को कड़घरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास न करें, भारत की जनता लोकतांत्रिक दृष्टि से बहुत जागरूक है। वह इस अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी। ऐसा नहीं कि जनता बहुत दिनों तक और बहुत देर तक इसको बर्दाश्त करेगी। इसी प्रकार से अराजकता पैदा करेंगे तो जो कुछ बचा खुचा है वह भी उन्हें गंवाना पड़ेगा" 

  • 11:16 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पुलिस ने मंडी हाउस के बाहर कार्यकर्ताओं को रोका

    दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंडी हाउस के पास रोक दिया है। इसके बाद कार्यकर्ता मंडी हाउस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

  • 11:09 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राहुल गांधी ने शेयर की पोस्ट

    राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने दिल्ली चलने की अपील की।

  • 11:00 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अराजकता फैलाकर आम जनता को परेशान कर रहे हैं: CM योगी

    दिल्ली में INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन पर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, "वे अराजकता फैलाकर आम जनता को परेशान कर रहे हैं। वे देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भी सवाल उठाने की कोशिश कर रहे हैं। हैरानी की बात है कि अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो यह उनकी काबिलियत होती है। लेकिन अगर वे हारते हैं, तो वे EVM, EC को दोष देते हैं। ऐसा व्यवहार कांग्रेस की मंशा का हिस्सा बन गया है। उन्हें अपना भ्रष्ट व्यवहार और अविश्वास पैदा करने वाला नेतृत्व बदलना चाहिए। उन्हें भारत में अराजकता नहीं फैलानी चाहिए और न ही भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कोशिश करनी चाहिए। लोग इस अराजकता को स्वीकार नहीं करेंगे, वे इसे लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर वे ऐसा ही करते रहे, तो उनके पास जो कुछ भी बचा है, वह भी उन्हें गंवाना पड़ेगा।"

  • 10:41 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सबके लिए खुले-सीजेआई

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हुए हैं। चीफ जस्टिस ने कहा कि उन्हें विपक्षी नेता की एक चिट्ठी मिली। लेकिन उन्होंने मिलने में असमर्थता जताई। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, "मुझे कल मीटिंग रिक्वेस्ट के बारे में एक लेटर मिला, और मैंने कल रात उसका जवाब दिया, जिसमें मैंने उन वजहों को बताया जिनकी वजह से मैं उनसे नहीं मिल पाऊंगा।" उन्होंने यह भी कहा, "सुप्रीम कोर्ट के दरवाज़े सभी के लिए खुले हैं। किसी भी आम नागरिक या चुनी हुई बॉडी के सदस्य की किसी भी याचिका का स्वागत है। हर भारतीय नागरिक को कोर्ट जाने का अधिकार है, और हम उनकी चिंताओं को सुनेंगे और कानून के तहत जो भी बनता है, वह देंगे।"

     

  • 10:39 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राहुल गांधी 11.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

    सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी इंदिरा भवन में 11.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

  • 10:16 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बाराखंबा रोड पर इकट्ठा होंगे इंडिया ब्लॉक के नेता

    इंडिया ब्लॉक से जुड़े नेता बाराखंबा रोड पर इकट्ठा होंगे और फिर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने उन तमाम रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी है जो सड़के सीधा सुप्रीम कोर्ट की तरफ जाती है। इंडिया गेट के सर्कल पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। खासतौर पर उन रास्तों पर जो रास्ते इंडिया गेट से सीधा सुप्रीम कोर्ट की तरफ जाते हैं क्योंकि सुप्रीम कोर्ट इंडिया गेट से महज 700 से 800 मीटर की दूरी पर है। जिन सड़कों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है वे सड़के हैं- कस्तूरबा गांधी मार्ग, कॉपरनिक्स मार्ग, तिलक मार्ग, पुराना किला रोड और शेरशाह मार्ग। ये सभी सड़कें सीधी सुप्रीम कोर्ट की तरफ जाती हैं। ऐसे में प्रदर्शनकारी अगर इंडिया गेट पर पहुंच जाते हैं तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट ना जाने दिया जाए, उसके लिए इन रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाई है। 

     

  • 10:11 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ज्ञानेश कुमार ने वही काम किया जो 1952 से हो रहा है-ओम प्रकाश राजभऱ

    उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "जनता ने INDIA गठबंधन को नकार दिया है। एक भी साक्ष्य इनके पास नहीं है। एक साल से ज्ञानेश कुमार चुनाव आयुक्त बने हैं। 10 साल से अखिलेश यूपी से बाहर हैं, 30 साल से कांग्रेस यूपी से बाहर है। हर राज्य में इनकी सरकार चली गई है। आज ये SIR को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार ने वही काम किया जो 1952 से हो रहा है।"

     

  • 9:42 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    इंडिया ब्लॉक के मार्च पर क्या बोले ओवैसी?

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, जैसा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है। इंडिया ब्लॉक से मेरा कोई संबंध नहीं  है इसलिए मैं इस पर कमेंट नहीं कर सकता।  वे अपना प्रोग्राम जारी रख सकते हैं। ओवैसी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति से जुड़े कानून के प्रावधानों और SIR को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि INDIA गठबंधन के नेता अगर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मिलना चाहते हैं, तो इसमें वे किस हैसियत से शामिल होंगे? उन्होंने कहा कि वे सांसद हैं और शिकायत प्रधानमंत्री से है।

     

  • 9:31 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हिमाचल भवन के पास सीईसी के खिलाफ नारेबाजी

    सुप्रीम कोर्ट मार्च को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता अभी से जुटने शुरू हो गए हैं। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता हिमाचल भवन पर इकट्ठा हुए और CEC ज्ञानेश कुमार मामले पर नारे लगाए।

     

  • 9:30 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    BNS की धारा 163 लागू

    नई दिल्ली इलाके में BNS की धारा 163 लागू कर दी गई है। यानी इस इलाके में प्रदर्शन करने को पुलिस डिटेन करेगी। दिल्ली पुलिस का प्रदर्शन को लेकर सख्त रुख है। पुलिस ने साफ कर दिया है की है अगर कोई भी शख्स प्रदर्शन करने आता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।