1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अभिजीत दिपके ने कहा- "दिल्ली पुलिस में इंसानियत नहीं, वे वर्दी पहने गुंडे हैं", माता-पिता का भी सामने आया बयान

अभिजीत दिपके ने कहा- "दिल्ली पुलिस में इंसानियत नहीं, वे वर्दी पहने गुंडे हैं", माता-पिता का भी सामने आया बयान

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 11, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Oct 12, 2026 12:06 am IST

दादी के निधन के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस की सफाई के बावजूद अभिजीत दिपके की पुलिस से नाराजगी सामने आ रही है। दिपके ने कहा है कि दिल्ली पुलिस में इंसानियत नहीं हैं।

Abhijeet Dipke - India TV Hindi
अभिजीत दिपके Image Source : ANI

नागपुर: एक तरफ दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके की दादी के निधन पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सफाई पेश की है, वहीं दूसरी तरफ अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 

अभिजीत दिपके ने क्या कहा?

नागपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने कहा, "दिल्ली पुलिस आई और मुझे बताया कि मेरी दादी का निधन हो गया है। फिर मैंने दिल्ली पुलिस से कहा कि मुझे गांव में रहने वाले अपने कजिन को फोन करने दिया जाए; मैंने उनसे सिर्फ दो मिनट के लिए मेरा फोन लाने का अनुरोध किया। उन्होंने मना कर दिया, यह कहते हुए कि वे फोन नहीं ला सकते और मुझसे नंबर देने को कहा।"

दिपके ने कहा, "मैंने उनसे कहा कि मुझे नंबर याद नहीं है और उनसे सिर्फ दो मिनट के लिए फोन देने को कहा ताकि मैं नंबर निकाल सकूं और उन्हें दे सकूं। तब भी, उन्होंने मुझे फोन नहीं दिया। कानून के अनुसार, मुझे अपने वकील को फोन करने का भी अधिकार है। दिल्ली पुलिस ने इसकी भी इजाजत नहीं दी। उन्होंने मुझे अपने वकील को फोन नहीं करने दिया। सुबह 3:30 बजे, दिल्ली पुलिस आई और मुझसे कहा कि मैं अपने माता-पिता को फोन करूं और उन्हें बताऊं कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके पीछे क्या मकसद था? मुझे सुबह 3:30 बजे जगाना और मुझसे अपने माता-पिता को फोन करने के लिए कहना, उन्हें भी जगाना, यह बताने के लिए कि मैं गिरफ्तार हो गया हूं?"

दिपके ने कहा, "मैंने उनसे पूछा कि उन्होंने पूरे दिन मेरे माता-पिता को यह क्यों नहीं बताया कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है या मुझे कहां रखा गया है। आपने उन्हें दिन में क्यों नहीं बताया? आप मुझे यह सुबह 3:30 बजे क्यों बता रहे हैं? सुबह तक इंतजार क्यों नहीं किया? उन्होंने जोर देकर कहा कि यह एक कानूनी प्रक्रिया है। यह किस तरह की कानूनी प्रक्रिया है जिसमें किसी के माता-पिता को सुबह 3:30 बजे फोन करके यह बताना पड़े कि उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है?"

दिल्ली पुलिस के ये गुंडे चाहते थे कि मैं सुबह 3:30 बजे अपने माता-पिता को फोन करूं: दिपके

दिपके ने कहा, "दिल्ली पुलिस के ये गुंडे चाहते थे कि मैं सुबह 3:30 बजे अपने माता-पिता को फोन करूं और उन्हें यह खबर देकर सदमा पहुंचाऊं कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास कोई इंसानियत बिल्कुल भी नहीं। वे वर्दी पहने गुंडे हैं, वर्दीधारी बदमाश और अमित शाह ने उन्हें ऐसे ही गुंडों में बदल दिया है। मैंने किसी बॉन्ड पर दस्तखत नहीं किए हैं। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे। हम अमित शाह और मोदी जैसे लोगों से डरने वाले नहीं हैं।"

अभिजीत दिपके के पिता भगवान दिपके ने क्या कहा?

अभिजीत दिपके के पिता भगवान दिपके ने क्या हिंगोली में कहा, "अगर वे (दिल्ली पुलिस) उसे समय पर छोड़ देते या इस शर्त पर छोड़ते कि अंतिम संस्कार के बाद उसे दिल्ली वापस आना होगा तो वह निश्चित रूप से अपनी दादी को देखने आ सकता था। मैंने अभी इंस्टाग्राम पर देखा कि वह नागपुर पहुंच गया है। पुलिस ने गलती की। उन्हें ऐसी बातें नहीं बतानी चाहिए थीं जिन्हें उजागर नहीं किया जाना चाहिए था और अगर उन्होंने बताया भी, तो उन्हें उसे अपनी दादी के अंतिम दर्शन के लिए समय देना चाहिए था।"

मां अनीता ने क्या कहा?

हिंगोली में अभिजीत की मां अनीता दिपके ने कहा, "उन्हें (दिल्ली पुलिस) उसे पहले ही जाने देना चाहिए था। असल में उसे कल रात ही मुंबई से यहां पहुंचना था। अपनी दादी के अंतिम संस्कार के लिए सीधे यहीं आना था। अगर उन्होंने उसे कल ही छोड़ दिया होता, तो वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाता। इतनी दुखद घटना को देखते हुए, दिल्ली पुलिस थोड़ी नरमी दिखा सकती थी और उसे जाने दे सकती थी; इससे हमें राहत मिलती।"

इससे पहले खबर सामने आई थी कि अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को कोर्ट ने छोड़ दिया। (इनपुट- ANI)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली पुलिस ने PC में अभिजीत दिपके का VIDEO जारी किया, दादी के निधन पर मदद की पेशकश करते दिखे पुलिसकर्मी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।