सोनीपत के दक्ष पेंढारकर, जिन्हें धड़कन के नाम से जाना जाता है। उन्होंने पैराडॉक्स की टीम की ओर से खेलते हुए 'हसल 5 – अपना होमग्राउंड' का खिताब अपने नाम कर लिया है। हफ्तों तक जबरदस्त परफॉर्मेंस, कड़े मुकाबले और यादगार हिप-हॉप पलों के बाद उन्होंने इस टाइटल के साथ 1 करोड़ रुपये का ग्रैंड प्राइज मिला। वहीं व्हाईसोकाई पहले रनर-अप रहे, जबकि हरमीत दूसरे रनर-अप बने। 'हसल 5' के विनर के नाम का ऐलान करते हुए बादशाह ने कहा कि धड़कन उनके पसंदीदा सिंगर हैं।
'हसल 5' के विनर बने धड़कन
बादशाह ने पूरी टीम के साथ विजेता धड़कन उर्फ दक्ष पेंढारकर को यह ट्रॉफी दी। रैपर बादशाह के शो 'हसल 5' ने 'अपना होमग्राउंड' की थीम के साथ भारत के अलग-अलग हिस्सों के हिप-हॉप म्यूजिक और कल्चर को दिखाया। इसमें अलग-अलग तरह के म्यूजिक, कहानियों और सफर का प्रतिनिधित्व करने वाले कंटेस्टेंट और स्क्वाड बॉस एक साथ आए। 'हसल' सिर्फ अपना टैलेंट दिखाने का मंच नहीं है, बल्कि यह नए कलाकारों और रैपर्स को आगे बढ़ने का मौका भी देता है। यहां वे अपनी कला को बेहतर बनाते हैं और इंडस्ट्री में काम करने के लिए खुद को तैयार करते हैं। इसके पहले 'एमटीवी हसल 4 हिप-हॉप' की ट्रॉफी रागा रेजर्स के लैश्करी ने जीती थी, जिन्हें इस शो ने पहचान दिलाई।
हसल 5 के फिनाले में ये स्टार्स हुए शामिल
'हसल 5' के ग्रैंड फिनाले में एंटरटेनमेंट और हिप-हॉप की दुनिया के बड़े नाम भी शामिल हुए, जिनमें राजा कुमारी, निकिता गांधी, इक्का, डिनो जेम्स, बेला, प्रिंस नरूला और किंग के साथ-साथ एक्टर कुणाल खेमू और फातिमा सना शेख शामिल थे। शानदार परफॉर्मेंस से लेकर स्पेशल अपीयरेंस और दमदार रैप तक, 'हसल 5 – अपना होमग्राउंड' ने भारत के हिप-हॉप कल्चर को आकार देने वाली आवाजों का जश्न मनाया और धड़कन की जीत के साथ सीजन का समापन हुआ।
हसल 5 विजेता धड़कन हुए भावुक
अपनी जर्नी को याद करते हुए, भावुक धड़कन ने कहा, 'जब भी मैं सोचता हूं कि एक समय मैंने अपने नोट्स में इस पल की कल्पना की थी तो यह अभी भी अविश्वसनीय लगता है और अब देखिए, हसल सीजन 5 का विनर धड़कन है! यह सफर किसी जबरदस्त अनुभव से कम नहीं रहा। इसमें नए अनुभव, सीख और एक प्यारा नया परिवार मिला। बादशाह भाई, स्क्वाड बॉस और पूरी प्रोडक्शन, म्यूजिक और PR टीम का खास शुक्रिया। साथ ही उन सभी का भी, जिन्होंने इस सफर में अहम भूमिका निभाई। मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं कि मैं इस सीजन का हिस्सा बना, जो 'होमग्राउंड' को समर्पित था और दिल से सभी का शुक्रिया, खासकर दर्शकों का, जिन्होंने मुझे अपनाया और इतना प्यार दिया। यह धड़कन हसल 5 से विदा ले रहा है, लेकिन असली सफर तो अब शुरू हुआ है।'
बादशाह ने दक्ष पेंढारकर की तारीफ
रैप के दिग्गज बादशाह ने कहा, 'हसल का हर सीजन असली आवाजों को सामने लाता है, लेकिन हसल 5 - अपना होमग्राउंड में धड़कन का सफर शुरू से ही जबरदस्त रहा है। इस सीजन को जीतना और 1 करोड़ रुपये का इनाम हासिल करना उसके लिए पूरी तरह से सही है और मुझे उम्मीद है कि यह उसके लिए बड़ी चीजों की बस शुरुआत है। इस सीजन के सभी हसलर्स को बहुत सारा प्यार और सम्मान। हर किसी ने इस कल्चर में कुछ ऐसा योगदान दिया जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता।'
ये भी पढ़ें - MTV Hustle 4 के विनर बने रैपर लैश्करी, सियाही ने जीता 'ओजी हसलर' का खिताब